यूपी: विवाद खत्म कराने गई पुलिस पर पथराव, एसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल, तनाव
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शुक्रवार की रात रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस मामले की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली तो रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर ही पथराव कर दिया।
इसमें एक एसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं पुलिस ने 14 नामजद समेत 10 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, रानी की सराय के आवंक के पास चकीदी गांव है। गांव में दो पक्षों के बीच रास्ते का विवाद है। शुक्रवार की रात भी इसी रास्ते को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और मारपीट हो गई। मारपीट में एक महिला घायल हो गई। घायल पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया और नामजद आरोपियों की तलाश में रात में ही गांव दबिश देने पहुंच गई।
इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। ग्रामीणों के पथराव से एक एसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना पर भारी संख्या में कई थानों की पुलिस फोर्स चकीदी गांव पहुंच गई। फोर्स के पहुंचते ही हमलवार गांव छोड़ कर फरार हो गए।
लाठियां आदि भांज कर पुलिस ने रात में ही मामला शांत करा दिया। वहीं गांव में भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई। एसओ रामायन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें 14 नामजद समेत दर्जन भर से अधिक अज्ञात लोग शामिल हैं। अभी किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है और नामजद व अज्ञात लोगों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।