Sports News: कुश्ती...वाराणसी के अंशु ने धोबी पाट दांव से गाजीपुर के प्रिंस को किया चित; पढ़ें अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। हैंडबाॅल, फुटबाॅल, कुश्ती जैसे खेलों में खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। जीते हुए खिलाड़ियों को सम्मान के साथ प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।
विस्तार
Sports News in Hindi: मंडलीय स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता शुक्रवार दोपहर नैपुरा के स्वामी वितराघानंद व्यायामशाला में हुई। इसमें चौबेपुर के अंशु यादव ने धोबी पाट दांव लगाकर गाजीपुर के प्रिंस यादव को चित कर प्रादेशिक कुश्ती के लिए क्वालिफाई कर लिया है। दूसरे मुकाबले में जिलाजीत यादव ने साल्तो दांव लगाकर जौनपुर के हरिगौतम को दस अंक से करारी शिकस्त दी।
प्रतियोगिता में वाराणसी जिले के 30 खिलाड़ी स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल विजेता बने जबकि 12 स्वर्ण पदक लेकर गाजीपुर की टीम उपविजेता बनी। सात पदक के साथ चंदौली की टीम को तीसरा और दो स्वर्ण के साथ जौनपुर की टीम को चौथ स्थान मिला। माध्यमिक स्कूली कुश्ती के 51 पदकों के लिए चार जिलों के खिलाड़ियों ने जोर आजमाइश की। इसमें वाराणसी मंडल के सर्वाधिक खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर खेल शुरू कराया। स्वागत कुश्ती संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष प्रेम शंकर तिवारी, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अवधेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस मौके पर नाथूराम यादव, गोरख यादव, भरत यादव, रामआशीष यादव, रामसेवक यादव, संजय बाबा आदि मौजूद रहे।
एक ही विद्यालय के छह खिलाड़ियों ने जीते पदक
मंडलीय स्कूली कुश्ती में एक ही विद्यालय के छह खिलाड़ियों पदक जीता है। आयोजन सचिव ने बताया कि वाराणसी मंडल की ओर से खेलते हुए विकास इंटर काॅलेज के छह खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक पदक जीता। इस प्रतियोगिता में विष्णु गुप्ता, रितेश पटेल, प्रांजल यादव ने ग्रीको रोमन में और फ्री स्टाइल में प्रियांशु यादव, वंश पाल और हिमांशु यादव ने स्वर्ण पदक जिता। 55 किग्रा भार वर्ग में अवधेश यादव ने रजत पदक जीता।
प्रादेशिक में खेलेंगे मंडल के विजेता खिलाड़ी
मंडलीय स्कूली कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलेंगे। इस प्रतियोगिता में गोस्वामी तुलसी दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रविंद्रपुरी, बीएचयू शिवाजी हॉल, गया सेठ आदि अखाड़ों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने हिस्स्सा लिया। मंडलीय प्रतियोगिता में वाराणसी, जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
बालक वर्ग की मंडलीय स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता में चार जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें से स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी प्रादेशिक मुकाबले में खेलेंगे। - रोशन कन्नौजिया, आयोजन सचिव।
भेलूपुर जोन : एथलेटिक्स प्रतियोगिता आज से
वाराणसी। भेलूपुर जोन की एथलेटिक्स प्रतियोगिता चार अक्तूबर को सुबह 8 बजे से जय नारायण इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर खेली जाएगी। मेजबान बंगाली टोला इंटर कॉलेज के खेल शिक्षक मेजर विमल राव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जोन के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रधानाचार्य डॉ. ब्रजेश मणि पांडेय ने बताया कि इसमें खेलने के लिए खिलािड़यों को प्रमाणपत्र जमा कराना होगा। इसके विजेता जनपदीय में खेलेंगे। संवाद
बदली तिथि पर होगी क्रिकेट प्रतियोगिता
मंडलीय माध्यमिक स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता अब बदली तिथि पर कराई जाएगी। इस प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल से संबंधित चार जिलों जौनपुर, चंदौली, वाराणसी और गाजीपुर की टीम खेलेगी। इसमें अंडर-14 और अंडर-17 बालक वर्ग का मैच चार अक्तूबर और अंडर-19 बालक वर्ग का मैच पांच अक्तूबर को होना था। मंडलीय सचिव विनोद सिंह ने बताया कि अब यह प्रतियोगिता 9 और 10 अक्तूबर को खेली जाएगी।
संदीप पाल-काजल वर्मा ने बाजी मारी
खेल विभाग की ओर से जिलास्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली गई। बालक वर्ग संदीप पाल और बालिका वर्ग में काजल ने स्वर्ण पदक जीता। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत दो अक्तूबर को महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रतियोगिता हुई।
इसमें बालक वर्ग में पांच किमी और बालिका वर्ग की तीन किमी वाक रेस प्रतियोगिता कराई गई। बालक वर्ग की प्रतियोगिता में 120 तथा बालिका वर्ग में 55 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विनोद राजभर ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर शम्सी रजा, इरशाद अहमद, कनाईचंद्र तालापात्रा, चंद्रभान मौजूद रहे।
इन्हें मिला पुरस्कार : संदीप पाल, काजला, विनीत सिंह, वंदना, रिशभ कन्नौजिया, प्रीति, महंत भारद्वाज, निष्ठा वर्मा, अर्पित यादव, नैंसी बिंद, अजीत यादव, काया को पुरस्कृत किया गया।
बीते साल की चैंपियन रहीं काशी की बेटियां आज पेश करेंगी दावेदारी
प्रादेशिक बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता चार से सात अक्टूबर तक आगरा में खेली जाएगी। बीते साल की चैंपियन रहीं काशी की बेटियां शनिवार को ट्रॉफी पर अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए कोट पर उतरेंगी। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की अंडर-14 और अंडर-17 बालिका टीम हिस्सा लेगी।
इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी मंडल की बालिका टीम बिना टीम मैनेजर के आगरा गई है। टीम मैनेजर के न जाने की वजह से खिलाड़ियों को अपने साथ प्रमाणपत्र ले जाना पड़ा है।
नियम यह है कि बालिका टीम बिना महिला टीम मैनेजर के नहीं जा सकती। इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर ही उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा। इसलिए वे बिना टीम मैनेजर के ही रवाना हो गईं। खिलाड़ियों ने बताया कि उन्हें आने जाने और खाने का पैसा अपनी जेब से देना पड़ रहा है।
मंडलीय सचिव विनोद सिंह ने बताया टीम मैनेजर क्यों टीम के साथ नहीं गए, इसकी जानकारी नहीं है। उनसे कारण पूछा जाएगा। आयोध्या में प्रादेशिक वुशु प्रतियोगिता के बाद अब हैंडबॉल की टीम बिना महिला टीम मैनेजर के प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलने गई है। इस प्रतियोगिता के लिए चयनित बालिका टीम की खिलाड़ी अपना-अपना प्रमाणपत्र लेकर रवाना हो गई हैं।
12 सदस्यीय मंडलीय बालक हैंडबॉल टीम घोषित
क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से वाराणसी मंडल की बालक हैंडबॉल टीम का ट्रायल लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हुआ। इसमें मंडल से संबंधित चार जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयनकर्ताओं ने शुक्रवार शाम 12 सदस्यीय सूची जारी की।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ की संयुक्त सचिव विभव सिंह ने बताया कि वाराणसी मंडल की टीम में प्रिंस यादव, विजय कन्नौजिया, धर्मेंद्र सिंह, नागेश्वर सिंह, आलोक यादव, रितिक कुमार, आयुष कुमार, मनीष यादव, सूर्य प्रकाश प्रजापति, मनीष कुमार, निखिल और रुद्रांश शामिल हैं। वाराणसी मंडल की टीम में तीन राष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। राष्ट्रीय खिलाड़ी अभिजीत, जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शंपू शामिल रहे।