Mirzapur News: मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर स्थित कुदारन गांव में बुधवार की मध्यरात्रि के बाद दर्दनाक सड़क हादसे में घर के बाहर सो रहे लोगों पर तेज रफ्तार ट्रक चढ़ गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में ट्रक का टायर फटना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, कुदारन गांव निवासी राजा राजभर (42) गर्मी के कारण अपने घर के बाहर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सड़क किनारे सो रहे थे। रात करीब तीन बजे वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक का आगे का टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सड़क किनारे सो रहे लोगों को रौंदते हुए मकान की दीवार से जा टकराया।
हादसे में राजा राजभर (42), उनकी मां सुखिया देवी (75) तथा चंद्रतारा देवी (55), पत्नी सीताराम राजभर, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुहानी राजभर (14) और सुनील शर्मा (37) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
2 of 7
इसी ट्रक से हुआ था दर्दनाक हादसा।
- फोटो : संवाद
सूचना मिलते ही अहरौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए चुनार के चचेरी मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
3 of 7
इसी जगह हुआ था हादसा।
- फोटो : संवाद
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ट्रक का टायर फटना हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है।
4 of 7
सड़क पर चक्काजाम करतीं महिलाएं।
- फोटो : संवाद
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुदारन गांव के पास ट्रक की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत के बाद गुरुवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुबह करीब आठ बजे मृतकों के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हुए और वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने एक ग्रामीण के साथ दुर्व्यवहार कर दिया, जिससे लोग आक्रोशित हो उठे।
5 of 7
नाराज ग्रामीणों से बातचीत करती पुलिस।
- फोटो : संवाद
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी को बुलाया गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और यातायात बहाल कराया।