वाराणसी: तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रक ने पीआरवी और पैंथर वाहनों में मारी टक्कर, तीन सिपाही घायल
शिवपुर थाने के डायल-112 के हेड कॉन्स्टेबल और बड़ागांव थाने के हरहुआ चौकी के फैंटम दस्ते के सिपाही रात में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के तरना बाईपास गणेशपुर के पास बुधवार की देर रात अनियंत्रित ट्रक ने पीआरवी और पैंथर वाहनों में टक्कर मार दी। इसमें तीन सिपाही घायल हो गए। पैंथर के दो सिपाहियों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर और चितईपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिवपुर थाने की पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरे के आधार पर ट्रक की पहचान करा रही है। बड़ागांव थाना अंतर्गत हरहुआ पुलिस चौकी के पैंथर में तैनात हेड कांस्टेबल जय बहादुर यादव (48) और कांस्टेबल अजय भान गिरी (45) रात में 2 बजे गश्त कर रहे थे। तरना बाईपास गणेशपुर के पास ट्रक ने पैंथर दस्ते को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रक में मोटरसाइकिल फंसने से करीब 20 मीटर तक सिपाही घिसटते चले गए। वहीं सामने ही पीआरवी वाहन को ट्रक ने टक्कर मार दी। पीआरवी में बैठे सिपाही शैलेंद्र चौरसिया घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक शहर की तरफ भाग निकला।
साथी सिपाहियों ने घायल तीनों सिपाहियों को पहले एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देख जय बहादुर यादव और अजय भान गिरी को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर और चितईपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रात में ही घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नीरज कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी बड़ागांव जगदीश कालीरमन, डीसीपी वरुणा जोन विक्रांत वीर एसीपी कैंट रत्नेश्वर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, घायल पुलिसकर्मी जय बहादुर यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। जय बहादुर यादव आजमगढ़ के रानी के सराय स्थित रूदरी गांव के रहने वाले हैं। वहीं अजय भान गिरी मऊ के सरायलखंसी स्थित बकवल गांव निवासी है। पीआरवी के सिपाही शैलेंद्र चौरसिया मऊ के सरायलखंसी स्थित हरपुर गांव के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सिपाहियों के परिजन अस्पताल पहुंच गए।