फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi water police post built in district criminal with bounty of 25 thousand arrested

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : जिले में बनेगी एक और जल पुलिस चौकी, 25 हजार का इनामी बदमाश अरेस्ट

Sun, 23 Feb 2025 09:42 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 23 Feb 2025 09:42 AM IST
सार

वाराणसी में स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए गंगा घाट पर एक और जल पुलिस चाैकी स्थापित की जाएगी। अफसरों ने इसके लिए उपयुक्त स्थाना का निरीक्षण भी किया है। वहीं, जिले के दो थाने की पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi water police post built in district criminal with bounty of 25 thousand arrested
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

News Update Today : मार्कंडेय महादेव मंदिर के पास गंगा घाट पर जल पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम और अपर पुलिस कमिश्नर डॉ. एस. चनप्पा ने महाशिवरात्रि की तैयारियों के लिए शुक्रवार को मार्कंडेय महादेव मंदिर का निरीक्षण किया।

विज्ञापन


सभी अधिकारियों ने मंदिर के आसपास के क्षेत्र, महाशिवरात्रि पर लगने वाले मेला क्षेत्र और घाट का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा। मंदिर के मुख्य पुजारी से बातचीत कर आवश्यक जानकारी ली। मार्कंडेश्वर मंदिर के आसपास की क्षेत्रों की लगातार साफ सफाई के लिए डीपीआरओ को सफाई कार्मिकों और सुपरवाइजर्स की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। 
विज्ञापन


मंदिर परिसर और गेट के बाहर महिला पुलिसकर्मियों और मंदिर प्रबंधन समिति को अपने वालंटियर की तैनाती के निर्देश दिए गए। मंदिर के बाहर जिगजैग बैरिकेटिंग और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के मद्देनजर निर्माणाधीन सड़क, अन्य खराब मार्गों पर राबिश गिराकर समतलीकरण कार्य कराने के निर्देश पीडब्ल्यूडी को दिए गए। घाट पर डीप वाटर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
राजातालाब और मिर्जामुराद थाने की पुलिस की संयुक्त टीम ने 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश की पहचान पचाई गांव निवासी राजकुमार भारद्वाज के रूप में हुई है। राजकुमार राजातालाब थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था। राजकुमार के खिलाफ रोहनिया और राजातालाब थाने में पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। राजकुमार को राजातालाब थानाध्यक्ष अजीत कुमार वर्मा और मिर्जामुराद थानाध्यक्ष सुधीर त्रिपाठी की टीम ने गिरफ्तार किया है।

बाउंड्री वॉल ढहाई, पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी
टकटकपुर स्थित जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कर रहे भूस्वामी और मजदूरों के साथ मारपीट, पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकाने के आरोप में तीन नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सरसौली, भोजूबीर निवासी राजू लाल सोनकर ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि पड़ोस में रहने वाले मनबढ़ टकटकपुर निवासी राज तिलक सोनकर, ओम प्रकाश सोनकर उर्फ शेर सिंह, शोभनाथ सोनकर और अन्य तीन अज्ञात लोगों ने बाउंड्री ढहा दी। 

बकाया पैसा मांगने पर युवक को पीट कर किया घायल
लल्लापुरा निवासी आसिफ ने अपने छोटे भाई साहिल को जबरन कार में बैठा कर पीटने के आरोप में आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आसिफ ने बताया कि उसके छोटे भाई साहिल ने कोनिया निवासी इंतजार को अपनी बाइक बेची थी। बाइक लेने के बाद इंतजार पर नौ हजार रुपये बकाया था। साहिल जब बकाया रुपये मांगने गया तो इंतजार और उसके दोस्त जीत दूबे ने कार में बैठा लिया।  

प्रेम विवाह के बाद दहेज के लिए प्रताड़ना, मुकदमा 
दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर घर से भगा देने के मामले में कैंट थाने में पति, ननद और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उल्फत बीबी का हाता, अर्दली बाजार की रहने वाली पूजा गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी।

बताया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से मध्य प्रदेश के सागर के 10वीं बटालियन मकरोनिया, मुहाल सागर निवासी रवि शुक्ला से वर्ष 2020 में बातचीत शुरू हुई। प्रयागराज सिविल लाइन में रवि शुक्ला से मुलाकात हुई। 19 जून 2023 को दोनों ने विवाह किया। 

चहारदीवारी गिराकर कब्जे की कोशिश, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव बाजार में एक मकान की चहारदीवारी गिराकर अवैध कब्जे का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित शफीउर्हमान शेख ने आरोप लगाया है कि अंकित पांडेय, राजनाथ पांडेय, अकबर अली और अजय चौरसिया ने साजिश के तहत उनकी दीवार गिराई और मौके से भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर बड़ागांव थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

सोने की 3 चेन, 2 अंगूठी और 800 रुपये उड़ाए
नागपुर निवासी श्रद्धालु भूपेंद्र हरिनारायण जैस की तहरीर पर शनिवार को चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के बाद सोने की तीन चेन, दो अंगूठी और 800 रुपये ठठेरी बाजार पर एक महिला ने उड़ा दिया। शोर मचाने पर उस महिला और उसकी साथियों को स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से पकड़ लिया है। 

विवाहिता के शव की दूसरे दिन भी नहीं हुई पहचान
चोलापुर के तारापुर गांव में एक खेत के पास मिले विवाहिता के शव की पहचान दूसरे दिन शनिवार को भी नहीं हो सकी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर विवाहिता की फोटो पोस्ट की, लेकिन कोई उसकी पहचान के लिए चोलापुर थाने नहीं पहुंचा। उधर, इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि महिला के शव की पहचान कराने के लिए आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है।  

कैंट फ्लाईओवर के नीचे ऑटो स्टैंड शुरू
कैंट रेलवे स्टेशन के सामने फ्लाईओर से ऑटो स्टैंड का संचालन शनिवार से शुरू हुआ। अब तक सड़क पर ही ऑटो चालक वाहन खड़ाकर सवारी बैठाते थे। इससे जाम लग जाता था। वाराणसी ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष भगवान सिंह ने बताया कि सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए स्टैंड का संचालन शुरू कराया गया। इस दौरान टीआई धनंजय सिंह, सुभाष सिंह मौजूद रहे। 

आदिवासी महिला को परिजनों से मिलाया
अपना घर आश्रम में दुमका झारखंड की रहने वाली आदिवासी महिला को उनके परिवार वालों से मिलवाया गया। कुछ दिन पहले मुगलसराय जीआरपी ने महिला को आश्रम में भेजा था। आश्रम में चिकित्सा के बाद महिला ने अपना पता झारखंड के दुमका बताया। वहां की पुलिस से संपर्क करके घर वालों को सूचना दी गई।

पीडीए को एकजुट होने की जरूरत : सपा 
सपा की ओर से शनिवार को राजघाट सेक्टर 15 कोनिया में पीडीए चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि बाबा साहेब डाक्टर भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार करने के लिए पीडीए को एकजुट होने की जरूरत है। सपा नेता किशन दीक्षित ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग अंबेडकर के निर्मित संविधान से किसी भी तरह के छेड़छाड़ या कमजोर करने के प्रयास को बर्दास्त नहीं करेंगे। 

45 वाहनों पर चालान
जिले में हाइवे पर वाहनों की अवैध पार्किंग के खिलाफ एनएसएआई, यातायात पुलिस और संयुक्त अभियान परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया गया। वाहनों को सड़क से हटवाकर 45 वाहनों का चालान भी काटा गया।

धूप का असर कम, 1.7 डिग्री सेल्सियस गिरा अधिकतम तापमान
पिछले सप्ताह तेज धूप और हवा न चलने से गर्मी जैसा मौसम होने के बाद दो दिन से इसमें बदलाव देखने को मिल रहा है। दो दिन से हवा में नमी की वजह से रात में सिहरन लगने लगी है। शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहा।

दिन भर हवाओं के चलने की वजह से धूप का असर कम रहा। मौसम में इस बदलाव की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि शनिवार को 1.7 कम होकर 31.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि दो दिन तक मौसम ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। मंगलवार से फिर तापमान बढ़ने और गर्मी के आसार हैं। 

वित्तमंत्री की बेटी और दामाद ने की पूजा
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की बेटी और दामाद प्रहलाद जोशी ने शनिवार को बच्चों के साथ भेलूपुर स्थित भगवान पार्श्वनाथ की जन्म स्थली जाकर पूजन किया। जैन समाज के उपाध्यक्ष राकेश जैन व मंत्री विनोद जैन, सुधीर कुमार पोद्दार ने अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया। स्मृति चिन्ह प्रदान किया। प्रहलाद जोशी पीएमओ कार्यालय में सीनियर अधिकारी हैं। धन्यवाद विनोद जैन ने किया। इस मौके पर सुधीर पोद्दार, प्रकाश चंद जैन, मंजू जैन आदि रहीं।

विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता ने बांटा प्रसाद
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता घूरेलाल सोनकर ने चौकाघाट स्थित काली मंदिर के पास खिचड़ी का वितरण किया। घूरेलाल सोनकर ने बताया कि लगभग एक महीने से महाकुंभ में आने वाले यात्रियों को प्रसाद बांटा जा रहा है, जब तक महाकुंभ चलेगा तब तक वह यात्रियों को प्रसाद बांटेंगे। वितरण में ओमप्रकाश चौहान, अमरनाथ राजभर, प्रिंस सोनकर और रवि सोनकर मौजूद रहे। 

पं. उमेश के सुरों से की विहान की अगवानी
मुंबई के वरिष्ठ कलाकार पं. उमेश निवृत्ति चौधरी के सुरों से सुबह-ए-बनारस का विहान हुआ। अस्सीघाट के सांस्कृतिक आयोजन सुबह-ए-बनारस में शनिवार को उन्होंने सुर, लय और ताल से घाट पर बैठे सुधीजनों को विशिष्ट अनुभूति कराई।

पं. उमेश ने गायन का आरंभ राग अहीर भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश से किया। बोल थे- तेरो जिया सुख पावे...। अंत में मराठी भजन-आता कोठे धावे मन...। कलाकारों को प्रमाणपत्र बैंक ऑफ बड़ौदा के पूर्व अधिकारी प्रभात अग्रवाल ने दिया। संचालन देवेन्द्र मिश्रा ने किया। 

कलरव में शास्त्रीय-पश्चिमी संगीत का फ्यूजन
बीएचयू में शनिवार को पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव कलरव 2025 में शास्त्रीय और पश्चिमी संगीत का फ्यूजन सुनने को मिला। सोलो, ग्रुप सिंगिंग के साथ ही छात्राओं ने डांस कर दर्शकों को मुग्ध कर दिया। कलरव में संकाय के सभी छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। संस्थान के डायरेक्टर प्रो. यूपी सिंह और संकाय के डीन प्रो. नरेश कुमार सिंह ने कहा कि छात्र और छात्राओं की रचनात्मकता और सांस्कृतिक छवि काफी मनमोहक थी। 

सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है रासेयो
जगतपुर पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शनिवार को उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि काशी विद्यापीठ एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक डाॅ. रविंद्र कुमार गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार की उपलब्धता के लिए माय भारत पोर्टल को उपयोगी बताया। प्राचार्य प्रो. अनिल प्रताप सिंह, डाॅ. लक्ष्मी सिंह, डॉ. अमिता श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं। उधर, राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी के स्वयंसेवकों ने नरसड़ा गांव की सफाई की। 

टूल किट वितरित करेंगे एमएसएमई मंत्री
मुख्यमंत्री युवा उद्यम विकास योजना के तहत पांच लाख तक का लोन और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूल किट का वितरण एमएसएमई मंत्री राकेश सचान करेंगे। एक मार्च की दोपहर 12 बजे बड़ालालपुर स्थित टीएफसी में आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी और आजमगढ़ मंडल के कुल 1000 लाभार्थी शामिल होंगे। संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह ने बताया कि युवाओं को बिना ब्याज के पांच लाख तक का लोन और टूल किट दिया जाएगा। 

ध्रुपद मेला : सुरसरि से शिवशंभू का अभिषेक कर आराधना की
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में नाद ब्रह्म की उपसाना शुरू हो गई। तुलसीघाट के ध्रुपद तीर्थ पर शनिवार को शुरू हुए 51वें अंतरराष्ट्रीय ध्रुपद मेला में कलाकारों ने संगीतरस से बाबा को अभिषेक करते हुए शिवाराधना की। प्रख्यात ध्रुपद गायक प्रो. ऋत्विक सान्याल के सुरों और देवब्रत मिश्र के सुरबहार से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। 

महाराज बनारस विद्या मंदिर न्यास व ध्रुपद समिति की ओर से कार्यक्रम का उद्घाटन संगीतज्ञ डॉ. राजेश्वर आचार्य व संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र एवं प्रो. ऋत्विक सान्याल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

संगीत की पहली निशा का आगाज पं. देवब्रत मिश्र एवं पुत्र कृष्ण मिश्र के सुरबहार वादन से हुआ। पिता-पुत्र की जोड़ी ने सुरबहार से शिवशंकर की आभा निखारी। इसके बाद ऋत्विक सान्याल ने ध्रुपद से रसिकों को परिचित करवाया। पं. उदय मलिक, शैलेंद्र पाठक, अभिजीत सुखदाने, चंद्र कुशवाहा का गायन और पं. उद्धव शिंदे का पखावज देर रात तक चला। 

18 वर्ग में 154 प्रजाति के फल-फूल और गुलाबी मूली-गोभी रही खास
कंपनी बाग कचहरी में शनिवार को मंडल स्तरीय शाकभाजी फल और पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इसमें पहली बार टेरारियम पौधों को शामिल किया गया जो लोगों के आकर्षण के केंद्र रहे। 18 वर्ग में 154 प्रजाति के फल-फूल प्रदर्शित किए गए। इसमें सब्जियों ने भी खासा आकर्षित किया। 

गुलाबी मूली और गुलाबी गोभी सबसे खास रही। कृषि और उद्यान विभाग के अलावा प्रदर्शनी में चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर जिलों से आए 200 से अधिक किसानों ने अपने फल-फूल और सब्जियों को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी के साथ दो दिवसीय किसान गोष्ठी हुई जिसमें किसानों को आधुनिक खेती के बारे में जानकारी दी गई। 

प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। प्रदर्शनी में शाकभाजी, फल, गुलाब के कटे फूल, डहेलिया, सजावटी फूल, गमलों में लगे पौधे, कैक्टस, सकुलेन्टस, औषधीय पौधे, वर्टिकल गार्डन और रंगोली को प्रदर्शित किया। जिले के जीआई उत्पाद आम, बनारसी पान, रामनगर का बैगन, करौंदा, भरूआ लाल मिर्च की आकृति लोगों के लिए के लिए सेल्फी पॉइंट बना रहा। बच्चों के लिए फूलों से छोटा भीम, हाथी, हिरन भालू की आकृतियों आकर्षण का केंद्र बनी रही।

आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई संबंधित कार्य को लेकर रविवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी उदयपुर, पांडेयपुर, दौलतपुर उपकेंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। 

आज आएंगे विदेश मंत्री एस. जयशंकर 
विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ ही रविवार को अमेरिका और यूरोप से 80 देशों के राजदूत और डिप्लोमेट्स काशी तमिल संगमम में हिस्सा लेंगे। तमिल डेलिगेशन से मुलाकात करेंगे। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा उनका स्वागत करेंगे। विदेश मंत्री कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 

बजट पर चर्चा आज करेंगे डॉ. सुधांशु त्रिवेदी
कमिश्नरी सभागार में रविवार को 2 बजे से केंद्रीय बजट पर प्रबुद्ध जनों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी चर्चा करेंगे। तैयारियों के लिए शनिवार को बैठक गुलाब बाग स्थित कार्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने की। 

मुड़ैला से मंडुवाडीह तक लगीं 87 स्ट्रीट लाइट
मुड़ैला तिराहे से मंडुवाडीह चौराहे तक वीडीए की ओर से 87 स्ट्रीट लाइट लगवाई गई हैं। इसके तहत 9 मीटर डबल बैकेट जीआई आक्टोगोनल पोल पर 150 वॉट की एलईडी स्ट्रीट लाइट्स लगाई गईं। यह कार्य कराने के बाद नगर निगम को सौंप दिया गया है। अब इस मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था सक्रिय हो गई है। इस परियोजना पर कुल 59.66 लाख का खर्च हुआ है।

नगर निगम सदन की बैठक आज
बजट को लेकर नगर निगम सदन की बैठक रविवार को 12 बजे टाउनहाॅल में होगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक की सूचना सभी पार्षदों को भेजी गई है। इस दौरान शहर के विकास कार्यों को बेहतर करने पर चर्चा की जाएगी। कुछ मदों में बजट बढ़ाए और घटाए जा सकते हैं। इससे शहर के विकास हो गति मिलेगी। 

प्रो. नीलम फिर बनीं प्राचार्य
राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में रचना शरीर विभाग में प्रोफेसर नीलम गुप्ता को एक बार फिर कॉलेज का प्राचार्य बनाया गया है। शासन स्तर से आदेश जारी होने के बाद शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। पहले भी वह अप्रैल 2023 तक प्राचार्य रह चुकी हैं।

शासन के एक आदेश के बाद आयुर्वेद निदेशालय से अटैच कर दिया गया था। 14 अगस्त 2024 में दोबारा महाविद्यालय के रचना शरीर विभाग में बतौर प्रोफेसर ज्वाइन किया। बताया कि आयुर्वेद शिक्षा के प्रचार-प्रसार के साथ ही चिकित्सालय के माध्यम से चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मरीजों को दिलवाया जाएगा। 

पूर्वांचल के विकास के लिए बजट नाकाफी
पूर्वांचल मूवमेंट और बहुजन समता पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भेलूपुर स्थित पार्टी कार्यालय में पूर्वांचल राज्य अधिकार प्रतिनिधि सम्मेलन हुआ। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने योगी सरकार के बजट की सराहना की।

साथ ही कहा कि पूर्वांचल के विकास के लिए निर्धारित बजट राशि नाकाफी है। बिना पूर्वांचल राज्य के अलग गठन के बिना क्षेत्र का विकास नहीं होगा। इस मौके पर डॉ. रश्मि अग्रवाल, डॉ. अंजना श्रीवास्तव, कृपा शंकर श्रीवास्तव, रामकृष्ण दुबे मौजूद थे। 

अब हर रविवार को लगेगा आधार शिविर
अपना घर आश्रम में बिछड़ों को अपनों से मिलवाने के लिए हर महीने के तीसरे रविवार को आधार शिविर लगाया जाएगा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। पिछले महीने आधार के मदद से कई लोगों को अपनों से मिलवाया गया था। इस सफलता को देखते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण लखनऊ के निदेशक रविवार को अपना घर आश्रम में आकर इस मॉडल को अन्य अनाथालयों में लागू कराने पर विचार किया जाएगा। 

अब एक मार्ग पर एक प्रजाति के लगेंगे पौधे
वन विभाग की ओर से शहर में एक मार्ग पर एक प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। ये कार्ययोजना न सिर्फ शहर को सुंदर बनाएगी बल्कि शहर के हरित आवरण को बढ़ाने, वायु प्रदूषण को कम करने और शहर के निवासियों के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में मदद करेगी।

इस अभियान के तहत वन विभाग शहर के मुख्य मार्गों और सड़कों पर पौधे लगाएगा। यह न केवल शहर की सुंदरता को बढ़ाएगा, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेगा कि शहर के निवासी ताजी हवा और स्वच्छ वातावरण का आनंद ले सकें। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि वन विभाग शहर की जलवायु और मिट्टी के अनुसार स्थानीय प्रजातियों का चयन करेगा।

निपुण असेसमेंट में सफल हुए पिंडरा के सभी 52 स्कूल
परिषदीय विद्यालयों के कक्षा एक और दो के बच्चों के शैक्षिक स्तर को जानने के लिए शनिवार को पिंडरा ब्लॉक के 52 प्राथमिक विद्यालयों का निपुण असेसमेंट डायट के डीएलएड प्रक्षिशुओं द्वारा किया गया। 

पिंडरा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय जमापुर, पिंडरा द्वितीय, अजईपुर, थानारामपुर, असवालपुर, विविरछा, तिवारीपुर, सरहद, देवजी , नदोय, ओदार, मारुडीह समेत 52 विद्यालय ऑनलाइन निपुण एसेस्मेंट में सभी विद्यालय निपुण घोषित हुए। डायट प्रशिक्षुओं ने नामांकित छात्रों में से नमूने के तौर पर प्रत्येक कक्षा से 12 छात्रों असेसमेंट किया। मोबाइल नेटवर्क की समस्या के चलते इसमें देरी भी हुई। बीईओ विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि छात्रों की अच्छी तैयारी से सभी विद्यालय निपुण घोषित हुए। 

लापता प्रशिक्षण प्रदाताओं को दें नोटिस
दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत माध्यमिक विद्यालयों में संचालित प्रोजेक्ट प्रवीण योजना की शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने समीक्षा की। बैठक से लापता प्रशिक्षण प्रदाताओं को पहले नोटिस जारी करने लिए कहा। इनके अलावा जिन प्रशिक्षण दाताओं की प्रगति ठीक नहीं थी उनके खिलाफ नोटिस जारी करने के लिए कहा। बैठक में कौशल विकास मिशन से जिला प्रबंधक अभिषेक सिंह, जय कृष्ण श्रीवास्तव, प्रशिक्षणदाता संस्थान के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे। 

सूर्य सरोवर पर कर्मकांड में वसूली की शिकायत
बरेका के सूर्य सरोवर पर कर्मकांड के दौरान वसूली की शिकायत की गई। ककरमत्ता पार्षद ने बरेका महा प्रबंधक को पत्र लिखकर कहा कि शुल्क के नाम पर पर्ची काटकर अवैध वसूली की जा रही है। पूजा पाठ के दौरान दसवा कार्यक्रम रूकवा दिया गया। पार्षद ने विधायक सुनील पटेल से बातकर इसे संपन्न कराया।

बुनकरों की समस्या जल्द दूर हो : एके वर्मा
बुनकर प्रतिनिधियों ने बिजली संबंधित समस्या को लेकर शनिवार को भिखारीपुर स्थित विद्युत विभाग के मंडलीय कार्यालय में चीफ एके वर्मा से मुलाकात की। सहकार भारती बुनकर प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रमुख शैलेश सिंह ने विभिन्न खंडों में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बुनकरों की समस्याएं सुनीं और अभिशासी अभियंता को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में हिंदू बुनकर कल्याण समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, अनिल मुंद्रा, वाराणसी वस्त्र बुनकर संघ के उपाध्यक्ष अकरम अंसारी, महासचिव ज्वाला सिंह, सरदार इदरीस मौजूद रहे। 

तीन चरणों में ओएमआर शीट की होगी जांच
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की 20 अंकों की वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की परीक्षा के लिए प्रयोग की जाने वाली ओएमआर शीट की जांच तीन चरणों में होगी। कॉपियों की जांच के लिए पहले चरण में 24 फरवरी से तीन मार्च की परीक्षा की शीट को छह मार्च तक, दूसरे चरण के तहत चार मार्च से नौ मार्च की परीक्षा की कॉपियों को 10 मार्च और 12 मार्च तक की परीक्षा की कॉपियों को 16 मार्च तक क्षेत्रीय कार्यालय भेजा जाएगा। ताकी समय से कापियों को स्कैन कर जांच की प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किया जा सके। 

किसानों के अधिकारों की रक्षा ही सहजानंद के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि
स्वामी सहजानंद किसान महासभा के तत्वाधान में शनिवार को बैरवन मोहनसराय में स्वामी सहजानंद सरस्वती की 136वीं जयंती मनाई गई। स्वामी सहजानंद किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव किसान नेता विनय शंकर राय मुन्ना ने कहा कि सहजानंद के आदर्शों एवं विचारों पर चलना चाहिए। किसानों के वैधानिक हक अधिकार की रक्षा ही स्वामी सहजानंद सरस्वती के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। 

उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि कृषि प्रधान देश में किसान आयोग का गठन एवं कृषि को उद्योग का दर्जा मिले। आज भी देश की लगभग 70 प्रतिशत जनता कृषि पर आधारित है। इसके साथ ही प्रकृति संरक्षक स्वामी की याद में 501 औषधि आधारित और फलदार पौधों का वितरण हुआ। श्रद्धांजलि समारोह में डॉ. विजय नारायण वर्मा, उदय प्रताप पटेल, हृदय नारायण उपाध्याय, विजय गुप्ता, धीरू यादव आदि लोग उपस्थित थे। 

विद्यापीठ में होली से पहले प्रैक्टिकल की तैयारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 की सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए लिखित परीक्षा चल रही है। प्रैक्टिकल की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। होली के पहले प्रैक्टिकल करवाने की तैयारी है। संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्षों से वाह्य परीक्षकों की सूची मांगी गई है। 

कई विभागों में प्रायोगिक/मौखिक परीक्षा करवाई जानी है। विभागवार वाह्य परीक्षकों का नाम फाइनल किया जाता है। महाकुंभ की वजह से परीक्षा जहां देर से करवाई जा रही है, वहीं प्रैक्टिकल समय से करवाने का निर्णय लिया गया है। इस बीच परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, संस्थानों के निदेशक और पाठ्यक्रम प्रभारियों से 5 मार्च 2025 तक हर हाल में वाह्य परीक्षकों की सूची अति गोपनीय अनुभाग को भेजने को कहा है। 

संगोष्ठी में जीआई गैलरी बनाने पर मंथन
बीएचयू में 100 लाइब्रेरियन, रिसर्चर और छात्रों के बीच संग्रहालय की चुनौतियों से निपटने और नई सोच की थीम पर चर्चा हुई। काशी क्राफ्ट्स म्यूजियम में जीआई गैलरी बनाने की संभावनाओं को टटोला गया। कलाविद् अमिताभ भट्टाचार्य ने वाराणसी की लुप्त होती अमूर्त विरासतों और उसके संरक्षण की जरूरत बताई। 

इंदिरा गांधी नेशनल सेंटर फॉर आर्ट के डॉ. अभिजीत दीक्षित ने कहा कि हम संरक्षण के माध्यम पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं जबकि किसे संरक्षित करे इसकी जानकारी नहीं है। विभागाध्यक्ष प्रो. उषा रानी तिवारी के संगोष्ठी के उद्घाटन बाद हिंदी विभाग के सेवानिवृत्त प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि बीएचयू के कई हेरिटेज भवन का संरक्षण किया जाए। इंचार्ज अजय श्रीवास्तव ने कहा कि लोकल उत्पादों के लिए एक जीआई गैलरी बनाई जाए। नृत्यांगना डॉ. विधि नागर ने कथक की प्रस्तुति दी।

Special news of Varanasi water police post built in district criminal with bounty of 25 thousand arrested
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा। - फोटो : ANI

ऋषि तुल्य आचार्यों की तपोभूमि है संस्कृत विवि : नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचे। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने उनका स्वागत कर विश्वविद्यालय में पठन-पाठन और अन्य सुविधाओं के बारे में बताया। काशी तमिल संगमम में भाग लेने आए नड्डा ने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय ऋषि तुल्य आचार्यों की तपोभूमि है। इसका उत्थान हम सभी की जिम्मेदारी है। 

कुलपति आवास पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय अध्ययन, अध्यापन एवं शोध कार्य कर वैश्विक स्तर पर भारतीय ज्ञान परंपरा को स्थापित कर रहा है। यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और प्रसारित करने में मदद कर रही है। कुलपति ने कहा कि उनके द्वारा वर्तमान समय में देवभाषा संस्कृत के अभ्युत्थान की विचारधारा और संकल्पना की दिशा में अनुकरणीय पहल की सराहना की।

17 युवाओं का चयन, 24 को फिर रोजगार मेला
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शनिवार को रोजगार मेले में चार कंपनियों ने 17 अभ्यर्थियों का चयन किया। इन्हें वाराणसी, हैदराबाद, चेन्नई, बंगलूरू में नौकरी दी जाएगी। मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि इन्हें 15 से 25 हजार तक सैलरी दी जाएगी। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक के 48 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। 24 फरवरी को फिर से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में मेला लगेगा। 6 कंपनियों की ओर से 150 अभ्यर्थियों का चयन  किया जाएगा। 

एक मार्च को बीएचयू में टैक्स महाकुंभ
एक मार्च को बीएचयू के टैक्स महाकुंभ में इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जेजे मुनीर और न्यायमूर्ति अनीश गुप्ता आएंगे। विज्ञान संस्थान की संगोष्ठी संकुल में पूर्वांचल भर के अधिवक्ताओं का जमावड़ा होगा। 

होटलों के लोड से शहर के ट्रांसफाॅर्मर हो रहे ओवरलोड
गर्मी से पहले ही बिजली की खपत 525 मेगावाट पहुंच गई है, जबकि गर्मी में रोजाना औसतन 800 मेगावाट खपत होती है। खपत बढ़ने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। होटलों का लोड बढ़ने से सीधे ट्रांसफाॅर्मर का भी लोड बढ़ जाता है। जबकि नियमानुसार होटलों के पास अपना टांसफॉर्मर होना चाहिए। 

शहर में करीब 700 होटल हैं जबकि केवल 50 होटलों ने ही अपना ट्रांसफॉर्मर लगाया है। होटलों में लगभग 30 से अधिक एसी, कूलर, फ्रिज और पंखे चल रहे हैं।

क्षमता से अधिक लोड बढ़ने से ट्रांसफाॅर्मर हीट होकर बर्स्ट हो जाते हैं। वहीं, पूर्वांचल विद्युत निगम ने आगामी गर्मियों में बिजली की संभावित डिमांड को देखते हुए तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग शहर में कई जगहों का चयन कर ट्रांसफाॅर्मर लगाने जा रहा है। पिछले महीने दिसंबर में 14231 मेगावाट खपत हुई थी, 1 से 30 जनवरी तक 15786 मेगावाट खपत बढ़ी।

बोले अधिकारी
होटलों को अपना ट्रांसफाॅर्मर लगाने का नियम है। जिन होटलों ने अपना ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगवाया है, उन्हें चिह्नित किया जाएगा। साथ ही नए उपकेंद्र और ट्रांसफाॅर्मर लगाकर ओवर लोड कम किया जा रहा है। - अनिल कुमार, कार्यवाहक मुख्य अभियंता, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed