फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Special news of Varanasi Case filed against three embezzling 1.78 crore rupees trains running late

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें: 1.78 करोड़ हड़पने के मामले में तीन पर केस, 11 घंटे देरी से चल रहीं ट्रेनें

Thu, 31 Oct 2024 09:09 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 31 Oct 2024 09:09 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में छोटी-बड़ी खबरों के साथ रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। साड़ी कारोबारी तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला 1.78 करोड़ की धोखाधड़ी का है। वहीं, ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हो रहे हैं। दीपावली पर अपने घर पहुंचने में उन्हें देरी हो गई। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...
 

विज्ञापन
Special news of Varanasi Case filed against three embezzling 1.78 crore rupees trains running late
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

साड़ी कारोबार में 1.78 करोड़ हड़पने के मामले में कोर्ट के आदेश पर रामनगर थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जैतपुरा के उस्मानपुरा निवासी पीड़ित फिरोज आलम अंसारी ने बताया कि वह फर्म हाजी अमीनुद्दीन एंड संस का प्रोपराइटर है। 

विज्ञापन


आरोप है कि रामनगर के मणिशंकर, शिवशंकर व सुनैना पांडेय ने 1.78 करोड़ की साड़ियां अलग-अलग तारीख पर उधार में ली। बकाया धनराशि के बाबत सिक्योरिटी के रूप में सभी ने रविशंकर पांडेय ने 1.14 करोड़ के कुल 153 चेक दिए थे। बकाया नहीं मिलने पर आरोपियों ने 4 बिस्वा जमीन कोदोपुर रामनगर का सट्टा कराया।
विज्ञापन


फिरोज ने बताया कि उसके भाई मकबूल आलम अंसारी के नाम इस शर्त के साथ 31 अक्तूबर 2023 को रविशंकर पांडेय ने इकरारनामा कराया कि बकाया धनराशि नवंबर 2023 तक देंगे। इस बीच छह मार्च 2024 को रविशंकर पांडेय की मौत हो गई। आरोपी न तो पैसा वापस कर रहे हैं और न ही जमीन का बैनामा कर रहे हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


लॉर्ड विश्वेश्वर मूल वाद की सुनवाई 16 नवंबर को
अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते साल 1991 प्राचीन लॉर्ड विश्वेश्वर मूल वाद की सुनवाई टल गई। सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक कोर्ट में अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी। 

छठ पूजा तक सोलर रूफटाॅप पैनल लगाएंगे वेंडर्स
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत दीपावली पर 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं से वेंडर्स मिलेंगे। सात नवंबर को छठ पूजा से रूफटाॅप सोलर पैनल लगाने की शुरुआत कर दी जाएगी। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने कहा कि सूर्य षष्ठी के दिन सोलर पैनल लगाने की शुरुआत करने से सही मायने में भगवान सूर्य की पूजा होगी।

बीते 7 से 16 अक्तूबर के बीच 200-200 की लीड यानी कुल 21385 की लीड उपलब्ध करवाई गई है। इसके अतिरिक्त सभी विभागाध्यक्षों की सूची, मोबाइल नंबर भी ग्रुप पर उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके तहत जिले में 25000 से अधिक सेवारत स्टाफ और 25000 से अधिक सेवानिवृत्त स्टाफ है। इस प्रकार योजना के लिए 50000 से अधिक उपभोक्ता चिह्नित किए गए हैं। 

छापा मारकर खोवा व तिरंगा बर्फी के नमूने लिए 
त्योहारों को देख खाद्य विभाग ने क्षीर सागर सहित मिठाई की 13 दुकानों पर छापा मारा। खोवा, पेड़ा, तिरंगा बर्फी की जांच के लिए तीन नमूने लिए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित ने बताया कि 25 अक्तूबर से चल रहे अभियान में तक 92 दुकानों व प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। 47 पर छापा मारकर 70 नमूने लिए गए। गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, बाट माप विभाग ने भी छापा मारकर दुकानों पर मापक यंत्रों के सत्यापन न होने और गड़बड़ी मिलने पर चालान किया। 

पुराने विवाद में भाइयों की पिटाई, तीन पर केस
आदमपुर थाने क्षेत्र के गोल गड्डा में पुराने विवाद को लेकर सगे भाइयों की लाठी और डंडे से पिटाई कर दी गई। पीड़ित ने आदमपुर थाने में तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वीरू सोनकर ने बताया कि वह घर के बाहर टहल रहा था। पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों ने पारिवारिक झगड़े को लेकर हमला कर दिया। बीचबचाव करने पहुंचे छोटे भाई करन सोनकर की भी लाठी डंडे से पिटाई की गई। आरोपी नंदा सोनकर, आशीष सोनकर और राजकुमार सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

पति समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में बुधवार को जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। दारानगर की रहने वाली विवाहिता श्वेता यादव ने बताया कि पति बच्चा यादव समेत सास शांति देवी, ससुर जीउत यादव, जेठ सुनील यादव, जेठानी, ननद दहेज में दो लाख रुपये नहीं मिलने पर प्रताड़ित करते हैं। आरोप है कि पिटाई कर घर से निकाल दिया है। 

हार्डवेयर व्यापारी से 50 हजार की उचक्कागिरी
कोतवाली थाने क्षेत्र के काशीपुरा में खरीदारी करने पहुंचे व्यापारी की जेब से 50 हजार रुपये की उचक्कागिरी हो गई। आजमगढ़ के मेहनाजपुर निवासी हार्डवेयर व्यापारी राजेश पाल ने बताया कि काशीपुरा तिराहे के पास भीड़भाड़ के बीच उन्हें तीन लोगों ने घेर लिया और धक्का मुक्की करने लगे। भीड़ से निकलकर सड़क किनारे पहुंचने पर जेब में हाथ डाला तो पता चला जेब से 50 हजार गायब है। राजेश पाल ने तीनों युवकों की तलाश की। बाद में थाने पहुंच कर  जानकारी दी। 

सात लाख रुपये हड़पने मामले में मुकदमा दर्ज
साझेदारी में वॉल पुट्टी बनाने की सैल्यूट इंडस्ट्रीज के साझेदार ने पार्टनर पर सात लाख रुपये हड़पने और धमकी देने के मामले लोहता थाने में बुधवार को मुकदमा दर्ज कराया। श्रीरामनगर कॉलोनी निवासी गोपाल कृष्णा ओझा ने बताया कि  नवंबर 2021 में चेतगंज के लहंगपुरा निवासी मोहम्मद सलाउद्दीन, मंसूर आलम के साथ साझे में वॉलपुट्टी बनाने का काम शुरू किया। मतभेद के चलते सलाउद्दीन की सहमति से 20 मई 2023 को अलग होने का निर्णय लिया गया। तय हुआ कि सलाउद्दीन से 721557 रुपये लेने हैं। सिर्फ 20 हजार रुपये सलाउद्दीन ने दिए। अब मांगने पर गालीगलौज और धमकी दे रहा है। 

Special news of Varanasi Case filed against three embezzling 1.78 crore rupees trains running late
रिटायर्ड डीजी को कंधा देते पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल। - फोटो : अमर उजाला

रिटायर्ड डीजी को पुलिस आयुक्त ने दिया कंधा, पुलिस लाइन में दी श्रद्धांजलि
रिटायर्ड डीजी सुबेश कुमार सिंह के पार्थिव शरीर को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कंधा दिया। पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक सलामी दी गई। पूर्व आईपीएस सुबेश कुमार सिंह का मंगलवार को लखनऊ के आवास में निधन हो गया था, वो कैंसर से पीड़ित थे। बुधवार को अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। 

लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं की हड़ताल, अधिकतर केसों में मिली तारीख
गाजियाबाद कोर्ट परिसर में जिला जज से विवाद के बीच अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज से कचहरी के अधिवक्ताओं ने विरोध जताया। बुधवार को सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन के अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। परिसर में पुलिस विरोधी नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। 

दिन भर न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण कई मुकदमों में तारीखें पड़ीं। उन बंदियों को भी अब रविवार तक जेल में रहना पड़ेगा, जो दीपावली से पहले जमानत की आस लगाए बैठे थे। सुबह आशीष सिंह व अन्य के प्रस्ताव पर बैठक बुलाई गई। सेंट्रल बार के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह व महामंत्री सुरेंद्रनाथ पांडेय और बनारस बार अध्यक्ष अवधेश सिंह व महामंत्री कमलेश यादव ने बैठक के बाद लाठीचार्ज की निंदा की।

सेंट्रल बार के महामंत्री सुरेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि आए दिन अधिवक्ताओं पर पुलिस और बदमाशों द्वारा हमला किया जा रहा है। यह कतई बर्दाश्त नहीं होगा। ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, अन्यथा अधिवक्ता समाज अपने स्तर से लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य होगा।

विद्यापीठ में अगले हफ्ते से कक्षाएं चलाने की तैयारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बिना प्रवेश परीक्षा के यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए काउंसिलिंग कराने वालों की प्रक्रिया अंतिम दौर में चल रही है। अभ्यर्थियों की तीसरी सूची जो जारी की गई थी, उसमें अधिकांश अभ्यर्थियों ने फीस भी जमा कर दी है। अब अगले सप्ताह से कक्षाएं चलाए जाने की तैयारी है।

विश्वविद्यालय में इस साल कुल 65 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए काउंसिलिंग चल रही है। इसमें 35 पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा करवाई गई, जबकि 30 ऐसे पाठ्यक्रम रहे जिसमें कम आवेदन आने पर उस पर मेरिट से दाखिले लिए गए। 

इस बीच बिना मेरिट वाले पाठ्यक्रम पीजीडीसीए, एमए, एमएससी, एमए इन योगा, एमए मॉस कम्यूनिकेशन, एमए इतिहास, हिंदी सहित अन्य पाठ्यक्रमों में काउंसिलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की अलग-अलग पाठ्यक्रम के हिसाब से तीसरी सूची जारी की गई थी। 

इन अभ्यर्थियों से 30 अक्तूबर तक फीस जमा करने को कहा गया था। अब फीस जमा करने की तिथि बीतने के बाद विश्वविद्यालय में कक्षाएं चलाने सहित अन्य प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। जैसे-जैसे प्रवेश पूरे होते जा रहे हैं, कक्षा संचालन की दिशा में प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। 

अप्रेंटिसशिप मेले में 11 विद्यार्थियों का चयन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में आयोजित अप्रेंटिसशिप मेले में पीडब्लूडी, विद्युत विभाग, जल निगम, बनारस होटल ने 86 विद्यार्थियों में 11 विद्यार्थियों का चयन किया। मेले में लगभग 100 अप्रेंटिस की वैकेंसी थी। इसमें केवल आईटीआई में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को ही शामिल किया गया। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिन विद्यार्थियों का सेलेक्शन नहीं हुआ है, वह परेशान न हों। जल्द फिर से मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर राजेंद्र राणा, मनोज कुमार, मातादयाल श्रीवास्तव, अशोक कुमार उपाध्याय आदि मौजूद रहे। 

दीपावली बाद आएगा डीएलएड का परिणाम
डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम दीपावली बाद घोषित किया जाएगा। डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा नौ और 10 अगस्त को कराई गई थी। तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 11 और 12 अगस्त को हुई थी। कॉपियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। इसमें कुल 3,22,851 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। दीपावली बाद इसका परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। 

एकेटीयू की संबद्धता फंसी, 10 नवंबर के बाद प्रवेश
पॉलीटेक्निक के बाद डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से जुड़े फार्मेसी संस्थानों की प्रवेश काउंसिलिंग में पेंच फंसता जा रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों की संबद्धता को लेकर बैठक प्रस्तावित की गई थी। किंतु पॉलीटेक्निक कॉलेजों की संबद्धता को लेकर दिए गए हाईकोर्ट के आदेश की वजह से इसे भी आगे बढ़ा दिया गया है।

एकेटीयू से संबद्ध फार्मेसी संस्थानों की प्रवेश प्रक्रिया पहले से ही पीछे चल रही है। क्योंकि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) की ओर से इस बार संबद्धता काफी देरी तक दी गई। वहीं विश्वविद्यालय ने अक्तूबर के पहले सप्ताह में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तो शुरू कर दी लेकिन संबद्धता प्रक्रिया की औपचारिकता पूरी करने में समय लगा। इसी बीच पॉलीटेक्निक प्रवेश काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया। 

एक नवंबर को भी सार्वजनिक अवकाश
उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग के निर्देशानुसार एक नवंबर को भी दीपावली का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने बताया कि दीपावली पर एक नवंबर का सार्वजनिक अवकाश सशर्त घोषित किया गया है कि नौ नवंबर को दूसरे शनिवार को शासकीय कार्यालय सामान्य कार्य दिवस की तरह खुले रहेंगे। उत्तर प्रदेश में दीपावली का पर्व 31 अक्तूबर के साथ एक नवंबर को भी मनाया जा रहा है। ऐसी स्थिति में शासन स्तर पर एक नवंबर को भी दीपावली का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है।

11 घंटे की देरी से चल रही हैं ट्रेनें
दीपावली पर जल्दी से जल्दी घर पहुंचने की चाहत रखने वाले यात्रियों को ट्रेनों की लेटलतीफी रुला रही है। यात्री दो से दस घंटे तक ट्रेनों के इंतजार में कैंट स्टेशन पर समय गुजार रहे हैं। हरिद्वार-भागलपुर स्पेशल 11 घंटे की देरी से पहुंची। इसके अलावा जम्मूतवी-कोलकाता फेयर स्पेशल 9 घंटे, सिकंदराबाद-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस 7.30 घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल 3 घंटे समेत छह ट्रेनें भी लगभग दो-दो घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पर पहुंची। ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते यात्रियों की भीड़ से स्टेशन पट जा रहा है। 

दिन में तीखी धूप, पारा 34 डिग्री के पार
दो दिन से मौसम साफ होने की वजह से दिन में धूप असरदार लग रही है। इस वजह से दिन में गर्मी जैसा अहसास होने लगा है। हालांकि रात में सिहरन भी थोड़ी बढ़ी है। कुछ इसी तरह का मौसम रहा। दिन में हवा की रफ्तार थमी रही और धूप भी अन्य दिनों की तुलना में थोड़ी तीखी रही। इस कारण असर भी कुछ ज्यादा रहा। मौसम में तेजी से हुए इस बदलाव के कारण तापमान में भी बढ़ोतरी हुई।

अधिकतम तापमान मंगलवार को 32.9 डिग्री सेल्सियस था वह बुधवार को 34.8 रिकॉर्ड किया गया। यह औसत से 3.1 अधिक रहा जबकि न्यूनतम तापमान भी औसत से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक होकर 22.7 पहुंच गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि दीपावली के बाद से एक बार फिर मौसम में बदलाव दिखने की संभावना है। अगले सप्ताह से ठंड भी बढ़ने के आसार हैं।

पशुपालकों के घर पराग डेयरी लगाएगी लघु बायोगैस संयंत्र
पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षा की दिशा में पराग डेयरी रामनगर ने पशुपालकों के घर पर लघु बायोगैस संयंत्र लगाने का निर्णय लिया है। अगले एक साल में चयनित 25 गांवों के पशुपालकों के घर पर बायोगैस संयंत्र स्थापित होंगे। 

इससे पशुपालक न केवल घरों की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करेंगे, बल्कि खेतों की उर्वरक आवश्यकताओं को पूरा कर पर्यावरण की रक्षा भी कर पाएंगे। पराग डेयरी के अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में ये हमारा अगला कदम है। 

पशु चिकित्सा के लिए परंपरागत उपचार विधियों को प्रोत्साहन देने की योजना है। यह पूर्णतया एनडीडीबी द्वारा अनुदित है। इसके तहत चयनित गावों में पारंपरिक पशु औषधियों को तैयार कर दुग्ध किसानों के घरों तक आपूर्ति की जाएगी। इससे पशुओं की सामान्य बीमारियों का किफायती उपचार हो सकेगा। दुग्ध किसानों के लिए प्रशिक्षण और प्रदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। पराग डेयरी ही वाराणसी समेत पूर्वांचल के छह जिलों के 30 हजार किसानों से दुग्ध उत्पाद खरीदती है। 

नमामि गंगे ने चलाया गंगा सफाई अभियान
दीपावली की पूर्व संध्या पर राजघाट पुल पर नमामि गंगे के सदस्यों ने सफाई अभियान चलाया। सैकड़ों लोगों को गंगा में पूजन सामग्री और निर्माल्य फेंकने से रोका। साथ ही आसपास जमा कचरे को कूड़ेदान तक पहुंचाया। लोगों को गंगा की सफाई के प्रति जागरूक किया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ रखकर ही हम आरोग्य और निरोगी रह सकते हैं। संवाद

29 किसानों को वितरित किया प्याज के बीज
एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत आराजी लाइन में विधायक डॉ. सुनील पटेल ने 29 किसानों को प्याज के बीजों का वितरण किया। इसकी प्रजाति एग्रीफाउंड लाइट रेड है। इस प्रजाति का उत्पादन 300 से 350 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए शासन ने मसाला विकास के तहत कार्यक्रम चलाया। पूरे जनपद में 350 हेक्टेयर में प्याज की खेती करने का लक्ष्य निर्धारित किया। अनिल कुमार, सुभाष कुमार आदि उपस्थित रहे। 

सर्व वैश्य समाज के मुख्य संरक्षक बने राज्यमंत्री
सर्व वैश्य समाज समिति ट्रस्ट के गठन के बाद धनतेरस के दिन पंजीयन हुआ। समिति के मुख्य संरक्षक राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, अध्यक्ष उद्योगपति आरके चौधरी और श्रीश्याम मंडल के अध्यक्ष दीपक बजाज को महामंत्री बनाया गया। बुधवार को मलदहिया स्थित ट्रस्ट के कार्यालय पर हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री व कार्यसमिति की घोषणा तीन नवंबर को होगी। आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने बताया कि तीन नवंबर को नाटी इमली स्थित लॉन में लक्ष्मी गणेश पूजन, दीपोत्सव और दीपावली मिलन का कार्यक्रम होगा। 

राष्ट्रीय एकता दिवस पर किया नमन
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इसमें रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। विद्यार्थी और शिक्षकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन और राष्ट्रीय एकीकरण में उनके अभूतपूर्व योगदान को समर्पित रहा। प्राचार्य डॉ. सीबीपी वर्मा ने सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ दिलाई। सरदार पटेल के राष्ट्र के प्रति योगदान के बारे में बताकर सभी को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। 

149वीं जयंती पर किया लाैहपुरुष को याद
भारत रत्न लाैहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 149वीं जयंती अंधरापुल पटेल स्मारक पर मनाई गई। मुख्य अतिथि विधायक सुनील पटेल ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कहा कि भारत के भौगोलिक और राजनीतिक एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होने के कारण उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं। यहां प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया। श्रीनाथ सिंह पटेल मौजूद रहे। 

विशेष शृंगार के साथ हुई भ्ाव्य आरती
पराड़कर स्मृति भवन स्थित श्री श्री 1008 त्रिलोक महाबीर हनुमान जी की जयंती बुधवार को विशेष शृंगार के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हनुमान जी को चमेली के तेल से लेपन कर अंगवस्त्रम पहनाकर भव्य आरती की गई। लड्डू, चना व हलवे का भोग लगाया गया। पूरे मंदिर परिसर को फूल, माला, अशोक की पत्तियों से सजाया गया। आयोजन में रामू साव का सहयोग रहा। इस अवसर पर दिनेश मोदनवाल, विश्वदीप बापुली, प्रेम कुमार, राजेंद्र यादव, शिवकुमार यादव आदि मौजूद रहे। 

छठ पूजा की निगरानी के लिए बना कंट्रोल रूम
छठ पूजा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल कार्यालय में 2 से 10 नवंबर तक कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके जरिये 24 घंटे निगरानी की जाएगी। मंडल के स्टेशनों पर यात्रियों की वृद्धि के अनुमान के आधार पर अधिकारियों व पर्यवेक्षकीय कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वहीं, मंडल रेल प्रबंधक वीके श्रीवास्तव ने आरपीएफ और जीआरपी को सतर्क रहने को कहा है। उनका कहना है कि ट्रेनों में ज्वलनशील और आतिशबाजी लेकर कोई सफर न करने पाए। 

पराग्वे की महिला का चश्मा लौटाया 
आरपीएफ कैंट ने बुधवार को विदेशी महिला का चश्मा लौटाया। पराग्वे की रहने वाली मार्गेटा कोस्टेलास्का का कीमती चश्मा पूर्वा एक्सप्रेस में ही छूट गया था। इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी गई। ट्रेन के स्कॉर्ट ने महिला के बर्थ से चश्मा बरामद कर लिया, जिसे कैंट स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट पर बुलाकर विदेशी महिला को सुपुर्द किया गया। 

हनुमान जन्मोत्सव पर भक्तों ने बाल स्वरूप में किया पूजन
अंजनी पुत्र और भक्त शिरोमणि हनुमानजी का जन्मोत्सव कार्तिक कृष्णपक्ष की चतुर्दशी को मेष लग्न में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भक्तों ने मंदिरों में हस्त नक्षत्र और वेधृति व सर्वार्ध सिद्ध योग में हनुमत प्रभु के पूजन अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। 

संकटमोचन मंदिर में हनुमान जी के शृंगार व पूजन की धूम रही। आकर्षक सजावट की गई थी। इसके अलावा गोस्वामी तुलसीदास द्वारा काशी में स्थापित द्वादश हनुमान मंदिरों में भी विशेष शृंगार व अनुष्ठान हुए। ज्ञान हनुमान, बड़े हनुमान, कुष्ठ हनुमान, संकट दहन हनुमान, महामृत्युंजय हनुमान, बाल हनुमान मंदिर में विशेष शृंगार और पूजन हुआ। हनुमान चालीसा और श्लोक का पाठ किया। 

हवन पूजन और आरती की। भक्तों ने श्रीहनुमत् सहस्रनाम, श्रीरामचरित मानस का पाठ के साथ श्रीहनुमान जी के विविध मंत्रों का जप किया। उधर, चौबेपुर कस्बा के पास गौरा रोड स्थित हनुमान मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। जन्मोत्सव कार्यक्रम में मिर्जापुर से आई जय मां दुर्गा जागरण झांकी की टीम ने विभिन्न देवी देवताओं की मनमोहक झांकियां सजाईं। आयोजक धर्मबीर गुप्ता ने बताया कि ऐसा धार्मिक आयोजन हर सनातनी की जिम्मेदारी है। इस मौके पर विंध्यवासिनी उपाध्याय, मोहित चौबे,  राहुल सेठ, विपुल उपाध्याय, अजय गुप्ता आदि मौजूद रहे। 

नए ट्रैक से गुजरी मालगाड़ी 
कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 5 के नए ट्रैक पर बुधवार को 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लोड और खाली मालगाड़ी का ट्रायल कराया गया। फिट कंस्ट्रक्शन व ओपनलाइन के जरिये ट्रैक की क्षमता देखी गई। मालगाड़ी लदी और खाली अवस्था में फिट है। 

राष्ट्र की समृद्धि पर हुआ सेमिनार 
मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में प्रेमचंद सभागार कक्ष में सेमिनार हुआ। राष्ट्र की समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा की संस्कृति थीम के साथ सतर्कता सेमिनार में मुख्य सतर्कता अधिकारी बरेका अंकुरचंद्रा, एडीआरएम (इन्फ्रा) रोशन लाल यादव, एडीआरएम राजेश कुमार सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए। 

नृत्यनाटिका से रानी लक्ष्मीबाई की सजाई वीरगाथा
काशी की बेटी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का जन्मोत्सव पर अस्सी स्थित श्री गोयका संस्कृत महाविद्यालय में उल्लास से मनाया गया। छात्राओं ने लक्ष्मीबाई के शौर्य गाथा प्रदर्शित की। राष्ट्र सेविका समिति, महारानी लक्ष्मीबाई सेवा न्यास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अखिल भारतीय तरुणी प्रमुख राष्ट्रसेविका समिति की प्रचारिका विजया शर्मा ने कार्यक्रम की प्रशंसा की। संचालन डॉ. कल्पना और धन्यवाद दुर्गा पांडेय ने किया।

वहीं, भारत विकास परिषद शिवा शाखा की ओर से जेएचवी माॅल के पास उनकी प्रतिमा के समक्ष जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथि 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने सभी का हौसला बढ़ाया। इस दौरान पैरा वर्ल्डकप शूटिंग में सिल्वर मेडलिस्ट सुमेधा पाठक ने अपने संघर्ष की कहानी बताई। भारत विकास परिषद ने इसी साल इन्हें लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार दिया है। कमल गोयंका, अखिलेश तिवारी, राजकुमार, कौशल पति शर्मा आदि उपस्थित रहे। 

विजेताओं को किया पुरस्कृत
कमिश्नरेट पुलिस में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता और घर सजाओ पुरस्कार पाओ प्रतियोगिता में अव्वल विजेताओं को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की पत्नी प्रेरणा अग्रवाल ने बुधवार को पुरस्कृत किया। आवासों की स्वच्छता, सजावट और फिटनेस प्रतियोगिता के मानक रहे।

प्रथम पुरस्कार आरक्षी अनिल कुमार मिश्र को एसी, द्वितीय पुरस्कार मुख्य आरक्षी राम प्रकाश यादव को टीवी और तृतीय पुरस्कार आरक्षी रवि प्रकाश तिवारी को फ्रिज दिया गया। रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मनीषा, द्वितीय पुरस्कार आस्था और खुशी, तृतीय पुरस्कार श्रेयांश और शुभांश को मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार आसिन, द्वितीय पुरस्कार रिया और तृतीय पुरस्कार आयुषी ग्रुप को मिला। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed