फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi Accused of kidnapping and misdeed arrested new ACP takes charge

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें: अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी अरेस्ट, नए अपर पुलिस आयुक्त ने संभाला कार्यभार

Fri, 07 Mar 2025 03:58 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 07 Mar 2025 03:58 AM IST
सार

किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में दिल्ली के युवक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, वाराणसी में अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह गुरुवार को कार्यभार ग्रहण किया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi Accused of kidnapping and misdeed arrested new ACP takes charge
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News : भेलूपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में वेस्ट दिल्ली के डाबरी द्वारका के समीर मलिक को गिरफ्तार किया गया है। किशोरी को पुलिस ने आरोपी के घर से बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ भेलूपुर थाने 2022 में पिता की शिकायत पर अपहरण और दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया था।

विज्ञापन


आरोपी मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करता था। इसके चलते उस तक पहुंचने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में एएचटीयू के प्रभारी विजय कुमार शुक्ल, उप निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय और मुख्य आरक्षी सीमा गौतम रहे।

विज्ञापन

Special news of Varanasi Accused of kidnapping and misdeed arrested new ACP takes charge
अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह। - फोटो : अमर उजाला

नए अपर पुलिस आयुक्त ने ग्रहण किया कार्यभार
अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह गुरुवार को कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले उन्होंने बाबा विश्वनाथ और बाबा कालभैरव का दर्शन-पूजन किया। फिर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से मुलाकात की। 

पुलिस आयुक्त ने अपने कैंप कार्यालय में संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) डॉ. के. एजिलरसन के स्थानांतरण पर उन्हें स्मृति चिह्न और बुके देकर विदाई दी। इसी दौरान नवागंतुक अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह का स्वागत किया गया। विदाई और स्वागत समारोह के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. एस चन्नप्पा और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

नाविकों ने श्रद्धालुओं से लूटे पैसे, नहीं हुआ मानकों का पालन
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि सदन में जिस नाविक की वाहवाही की गई, उसकी हिस्ट्रीशीट तो देश के सामने आ गई। आरोप लगाया कि नाविकों ने श्रद्धालुओं से मनमाने ढंग से पैसे लूटे हैं और सरकार के किसी भी मानक का पालन नहीं हुआ है। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के मुताबिक एक नाव एक दिन में लगभग 50-52 हजार रुपये की शुद्ध बचत कर रही थी। 130 नाव ने 66-68 लाख रुपये की शुद्ध बचत की। उन्होंने पूछा कि एक नाव दिन में कितने चक्कर लगा कर 50-52 हजार तक की बचत कर ले रही थी और सभी 130 नाव मिलकर कितने चक्कर लगा कर 66-68 लाख की बचत कर रही थी?

आरोप लगाया कि नाविकों ने श्रद्धालुओं से मनमाने ढंग से पैसे लूटे हैं और सरकार के किसी भी मानक का पालन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह कितना सच है, यह तो सभी जानते हैं। क्योंकि, जनता से तो जनता का सच नहीं छिपता।

विज्ञापन

पान की दुकान से नकदी सहित हजारों का सामान चोरी
सारनाथ के आशापुर से सारनाथ मार्ग पर चोर पान की दुकान का दरवाजा तोड़कर नकदी सहित हजारों रुपये का सामान ले गए। दुकानदार ने थाने में तहरीर दी। मवइया के रामसूरत मौर्य की आशापुर से सारनाथ मार्ग पर एक बैंक के पास पान की दुकान है। बुधवार रात रामसूरत दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोर दुकान के दरवाजे को चाड़ कर 21 हजार रुपये और 70 हजार रुपये के सिगरेट, गुटखा, सुपाड़ी चुरा ले गए। 

इलेक्ट्रिक बस की टक्कर से महिला की मौत
भुल्लनपुर पीएसी के पूर्वी गेट के समीप गुरुवार की रात इलेक्ट्रिक बस की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान लखनपुर के रहने वाले अमित जायसवाल की पत्नी अन्नू जायसवाल (40) के रूप में हुई। वह सड़क पार कर रही थीं, उसी दौरान रोहनिया की ओर से आ रही बस ने उन्हें टक्कर मार दी। मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।

मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के आरोपी को अंतरिम जमानत
दीवार तोड़ने का विरोध करने पर महिला के घर में घुसकर मारने-पीटने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) देवकांत शुक्ला की अदालत ने आरोपी दिनेश मौर्या को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। 

साथ ही नियमित जमानत के लिए अगली तिथि 20 मार्च नियत कर दी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, दनियालपुर की रीता देवी सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि उनके जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना से मकान बनवाने का पैसा आया था। वह अपनी जमीन पर निर्माण करवा रही थी।

पड़ोसी दिनेश मौर्या छह दोस्तों को लेकर 19 जुलाई 2022 को उनके घर में घुस गया। सभी ने दीवार ढहा दी। घर की महिलाओं ने विरोध किया तो दिनेश मौर्या और उसके साथ आए लोग महिलाओं को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पीटने लगे। 

ऑटो और बाइक की टक्कर में चार घायल
कछवा रोड के मलिकपुर के पास गुरुवार शाम ऑटो और बाइक में आमने-सामने की टक्कर हुई। हादसे में मिर्जापुर जिले के चुनार निवासी बाइक सवार राम प्रकाश पाल और ऑटो सवार छतेरी गांव की माला देवी, शिवांगी और विकास सहित चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 

दहेज उत्पीड़न की शिकार महिला ने दर्ज कराया केस
बड़ागांव थाने में निशा देवी ने मूकबधिर पुत्री राधा देवी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर के अनुसार, राधा देवी का विवाह 13 जून 2014 को जौनपुर के पसिहाई खुर्द के अनिल कुमार गौड़ से हुआ था। राधा देवी ससुराल गई तो सास उषा देवी और अन्य परिजनों ने दहेज में टीवीएस स्कूटी की मांग की।

कम दहेज लाने को लेकर ताने देने लगे। शादी में मिले गहने भी सास ने अपने पास रख लिए। प्रताड़ना से तंग आकर राधा देवी कुछ समय बाद मायके लौट आई। कुछ समय बाद पति अनिल कुमार गौड़ उसे वापस ससुराल ले गया। विवाह के कुछ समय बाद राधा गर्भवती हुई, लेकिन अनिल उसे मायके छोड़कर मुंबई चला गया। 2017 में राधा ने एक पुत्री नैना को जन्म दिया। बेटी पैदा होने पर ससुराल वालों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया। 

होली के पहले अराजकतत्वों की गिरफ्तारी की मांग
लोहता के कोटवा गांव में बुधवार रात एक व्यक्ति के घर पर कुछ अराजकतत्वों ने पथराव कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। गांव में तनाव की स्थिति है। गुरुवार को ग्रामीणों ने शिव मंदिर में बैठक की। कहा कि अगर अराजकतत्व जल्द पकड़े नहीं गए तो होली नहीं मनाएंगे। उधर, शाम को डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा ने फोर्स के साथ पैदल गश्त की। एहतियातन गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।

कोटवां के अभिलाष सिंह के घर पर पथराव किया गया था। परिवार के लोगों के शोर मचाने पर आरोपी बस्ती की तरफ भाग निकले। उनकी करतूत सीसी कैमरे में कैद हो गई है। गांव के अश्वनी सिंह, देवता सिंह, धर्मेंद्र सिंह, गुड्डू सिंह, शारदा उपाध्याय, महेंद्र पटेल, रामधनी पटेल, कांता सिंह, अमित सिंह, अशोक सिंह, अंबुज उपाध्याय, विकास सिंह, गिरजेश सिंह और पप्पू सिंह ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक न होली मनाएंगे और न होलिका दहन करेंगे।

यही स्थिति रही तो गांव से पलायन कर भी जाएगे। लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज है। सीसी फुटेज की मदद से नौ किशोरों को चिह्नित कर लिया गया है। सभी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बरेका पहुंचे एडीएम सिटी ने रास्ता बंद करने पर अधिकारियों से की बातचीत
बरेका से उत्तरी ककरमत्ता जाने वाले मार्ग को पिछले दिनों बरेका प्रशासन द्वारा बलपूर्वक बन्द करने के मामले में ज्ञापन मिलने के मामले में बृहस्पतिवार को एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बरेका पहुंचकर अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बरेका के जनसम्पर्क अधिकारी राजेश यादव सहित अन्य अधिकारियों के साथ उक्त बन्द किये गए रास्ते का स्थलीय निरीक्षण किया। 

स्थानीय निवासी संजय मौर्या ने एडीएम सिटी को बताया कि पहले वहां पर बरेका प्रशासन ने रास्ता दिया था और बरेका ने अपना गेट भी लगाया था। बाद में उसको भी बन्द कर दिया। पूरब के तरफ रेलवे ट्रैक है जिसके बगल के रास्ते से हम लोग किसी तरह आते जाते हैं।

लेकिन भविष्य में अगर कोई रेलवे ट्रैक और बिछाता है तो रेलवे द्वारा उस रास्ते को भी बंद कर दिया जायेगा। यह सुन कर एडीएम आलोक वर्मा ने पीआरओ राजेश यादव से इस बारे में एनईआर के मुख्यालय से बात कह कर रिपोर्ट मंगाने को कहा। साथ ही मौजूद लोगों को आश्वासन दिया कि उचित कार्यवाही होगी।

खाद्य विभाग का छापा, चल रही थी अवैध रिफिलिंग, 100 सिलिंडर जब्त
शिवपुर के दुर्गा विहार कॉलोनी में बृहस्पतिवार को खाद्य विभाग ने छापा मारकर सिलिंडर की अवैध रिफिलिंग पकड़ी। मौके पर मिले 100 सिलिंडर को जब्त कर लिया गया। क्षेत्रीय खाद्य विभाग अधिकारी भानु प्रताप सिंह व क्षेत्रीय विभाग अधिकारी सुषमा पांडेय और पूर्ति निरीक्षक राघवन त्रिपाठी, मिथिलेश कुमार सिंह टीम के साथ पहुंचे। 

बसंत यादव और मनोज मौर्य के मकान में अवैध काम चल रहा था। टीम के आने की सूचना मिलते ही घर में ताला लगाकर मौके से भाग गए। टीम ने ताला तुड़वाकर देखा तो अंदर 100 सिलिंडर मिले। सात छोटे सिलिंडर, चार तौल मशीन व रिफिलिंग में प्रयोग होने वाला सामान मिला। 

क्षेत्रीय खाद्य विभाग अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कमरे से तीन आईडी कार्ड मिले हैं। एक पर पोषण पासवान नाम लिखा है, एक पर लक्ष्मण कुमार और एक पर रामकुमार। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

पेट्रोल का पैसा लौटाइए... कहकर लगाई 1.20 लाख की चपत
भीटी में पेट्रोल पंप के प्रोपराइटर से साइबर जालसाज ने सात बार में 1.20 लाख रुपये अकाउंट में ट्रांसफर करा लिया। पीयूष कुमार सोनकर की तहरीर पर रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीयूष कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके पेट्रोल पंप के नंबर पर कॉल आई। 

कॉल करने वाले ने कहा कि उसके कई ट्रक चलते हैं और वह सभी पीयूष के पेट्रोल पंप से ही ईंधन भरवाते हैं। कहा कि आपके फर्म के खाते में दो बार में 1.50 लाख रुपये भेज दिए है। जब उसका ट्रक आएगा तो ईंधन डाल दें। इसके कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन किया। 

कहा कि अभी उसका ट्रक ईंधन लेने नहीं जा पाएगा। इसलिए उसका पैसा लौटा दें। उसकी बात पर उन्होंने विश्वास करके सात बार में 1,20,000 रुपये भिजवा दिए। बैंक जाकर पता किया तो सामने आया कि उनके खाते में 1.50 लाख रुपये आए ही नहीं थे। 

गंगा में उतराए मिले दो शव
गंगा के दो अलग-अलग घाटों के किनारे बृहस्पतिवार को एक युवक और एक बुजुर्ग का शव उतराया मिला। सूचना पाकर पुलिस पहुंची, लेकिन दोनों की पहचान नहीं सकी। पुलिस के अनुसार, दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के बबुआ पांडेय घाट वाले युवक की उम्र लगभग 45 साल है। चौक थाना क्षेत्र के गंगा महल घाट वाले बुजुर्ग की उम्र 60 वर्ष से अधिक है। उनकी वेशभूषा साधु जैसी थी। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

काशी विद्यापीठ में 22 मार्च तक जमा होगा शोध प्रस्ताव
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग में शोध प्रवेश परीक्षा 2023-24 में उत्तीर्ण एवं शोध प्रवेश परीक्षा से मुक्त (नेट/जे.आर.एफ. उत्तीर्ण) अभ्यर्थियों को 22 मार्च तक शोध प्रस्ताव जमा करना होगा। अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के लिए अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेजों एवं शोध प्रस्ताव के साथ आवेदन पत्र को तीन प्रतियों में विभाग में जमा करने को कहा गया है।

गांव में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डिंग भी होगी
कछवा के सेवापुरी ब्लॉक के ठटरा गांव में बृहस्पतिवार को सोलर पैनल से चलने वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए। यह वॉयस रिकॉर्डिंग भी करेगा। ग्राम प्रधान सुनील कुमार बिंद ने बताया कि ग्राम पंचायत के गली और मोहल्ले के छह पॉइंट पर सोलर पैनल से चलने वाला ऑटोमेटिक सीसी कैमरे लगाए गए हैं। बताया कि उनकी निगरानी ग्राम प्रधान खुद करेंगे।

नूरानी महौल में हुआ तरावीह मुकम्मल, हाफिजों का इस्तकबाल
माह-ए-रमजान में इबादतगाहों में तरावीह की नमाज में इबादतगुजार मशगूल हैं। बुधवार की रात को भी कुछ मस्जिदों में पांच दिनों की तरावीह नूरानी माहौल में खत्म हुई। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुबारकबाद दिए तो हाफिजों का इस्तकबाल किया। उन्हें उपहार दिया और खुशी में सभी डूबे थे।

बुनकर बिरादरना तंजीम बाईसी के सरदार हाजी हाफिज मोइनुद्दीन की सदारत में नक्खीघाट स्थित मस्जिद बारादरी में पांच दिनी तरावीह की नमाज बुधवार की रात खत्म हुई। तरावी की नमाज हाफिज मोहम्मद आसिफ ने अदा कराई। सैकड़ों की तादाद में नमाजियों ने नमाज अदा कराई। सभी ने हाफिज का मुसाफा किया। हाफिज मोइनुद्दीन ने हाफीज के सिर पर पघड़ी बांधकर गुलपोशी किया। 

उनका शुक्रिया अदा किया। उधर, ईदगाह पुरानापुल, मस्जिद झाडू शाहिद बाबा मोहल्ला फकरुद्दीन शाहिद आदि इलाकों की मस्जिदों में तरावीह मुकम्मल हुई। इस मौजूद सरदार दरोगा, पार्षद हाजी ओकास अंसारी, डॉ. इम्तियाजुद्दीन, बाबूलाल किंग, हाजी सुहैल, बाबू महतो, समीम अंसारी, हाजी गुलाब, हाजी हाफिज नसीर आदि रहे।

प्रो. कमलाकांत त्रिपाठी को मिलेगा विश्व भारती सम्मान
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में होने वाले विद्वत सभा और सम्मान समारोह का आयोजन 10 मार्च को जंगमबाड़ी मठ में होगा। इसमें काशी सहित दक्षिण भारत के विद्वान भाग लेंगे। इस बार काशी के शैव दर्शन के विद्वान प्रो. कमलाकांत त्रिपाठी को विश्वभारती पुरस्कार दिया जाएगा। 

संयोजक विनोदराव पाठक ने बताया कि विद्वानों की टीम ने पुरस्कार के नामों की घोषणा कर दी है। समारेाह में शैव भारती पुरस्कार आचार्य धर्मदत्त चतुर्वेदी को, कोडीमठ संस्कृत साहित्य पुरस्कार आचार्य मृत्युंजय त्रिपाठी को, जयदेवश्री: हिंदी साहित्य पुरस्कार डॉ. परमेश्वर दत्त शुक्ल को दिया जाएगा। 

जबकि महिलाओं को दिए जाने वाले एक मात्र पुरस्कार सिंधु सुभाष भमाड़े पुरस्कार पुंडरिक पुराणिक को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार बांग्ला में अनुवादित सिद्धांत शिखामणि ग्रंथ का लोकार्पण होगा। अनुवादक डॉ. बृहस्पति भट्टाचार्य का भी सम्मान होगा।

चिरईगांव ब्लॉक के गांवों में बनेंगे छह नए आंगनबाड़ी केंद्र
चिरईगांव ब्लॉक सभागार में गुरुवार को बीडीओ बीरेंद्र द्विवेदी ने ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। आवास सर्वे, जीरो पावर्टी पूर्ण सूची, फैमिली आईडी, आवास पूर्णता, आंगनबाड़ी, खाद्यान भंडारण को लेकर सचिव से जानकारी ली। फिसड्डी चल रहे सचिव आशुतोष, रमेश, रमाशंकर को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। 

बीडीओ ने बताया कि ब्लॉक के रमगढ़वा, बीकापुर, सरसौल, उकथी, तरया, अमौली सहित छह ग्राम पंचायतों में 12 लाख की लागत से नये आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे। 8 लाख रुपये मनरेगा, 2 लाख रुपये बाल विकास और 2 लाख रुपये ग्राम पंचायत निधि से खर्च किया जाएगा। 

नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया संरक्षा का संदेश
54वें राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह के तहत गुरुवार को बरेका के ब्लाॅक डिवीजन में नुक्कड़ नाटक के जरिए संरक्षा का संदेश दिया गया। भारतीय रेल की ओर से 4 से 10 मार्च संरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों को फायर फाइटिंग और संरक्षा उपकरण का प्रशिक्षण देने के अलावा संरक्षा जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस मौके पर उप मुख्य संरक्षा अधिकारी केके पटेल, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार मौजूद रहे।

पंचक्रोशी यात्रा: नागा साधुओं ने किए भीमचंडी और पंचमुखी शंकर के दर्शन
श्रीपंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के साधु-संतों का जत्था पंचक्रोशी यात्रा के दूसरे पड़ाव भीमचंडी पहुंचा। उन्होंने अपने आराध्यदेव के साथ भीमचंडी देवी, पंचमुखी शंकर, भीमचंडी विनायक, गंधर्व महादेव आदि विग्रहों का दर्शन-पूजन किया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनकी आरती उतारी और स्वागत किया।

साधु-संतों ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन व मणिकर्णिका चक्रपुष्करणी तीर्थ पर संकल्प के बाद बुधवार को निकली पंचक्रोशी यात्रा पहले पड़ाव कर्दमेश्वर महादेव मंदिर पहुंची थीं। दर्शन-पूजन और रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार को उनका जत्था काशीपुर, मातलदेई, पयागपुर, असवारी होते हुए दूसरे पड़ाव भीमचंडी पहुंचा। 

यहां मां भीमचंडी देवी के अलावा भीमचंड विनायक, गंधर्व महादेव, गंधर्व सागर तीर्थ, नारद जी और पंचमुखी शंकर के सिर पर विराजमान गंगा व मां पार्वती के विग्रह का दर्शन पूजन किया। अखाड़े के सचिव यमुनापुरी महाराज की अगुवाई में निकली यात्रा का समापन नौ मार्च को होगा। भीमचंडी में साधु संतों का स्वागत उदयभान सिंह उदल, राज बिहारी पटेल, प्रदीप प्रजापत, राजबहादुर राजभर, विजय शंकर सिंह, अवधेश चौहान, ओम प्रकाश पटेल, राम चौहान, रामाश्रय चौहान आदि ने किया। 

दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंची राज्यमंत्री गुलाब देवी
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा विभाग गुलाब देवी गुरुवार को दो दिवसीय भ्रमण पर काशी पहुंचीं। पहले दिन बाधा धाम में दर्शन पूजन के बाद मिर्जापुर और भदोही में कुछ विद्यालयों का निरीक्षण किया। शुक्रवार को सर्किट हाउस में विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के साथ जिले के कुछ विद्यालयों का निरीक्षण भी करेंगी। राज्यमंत्री तड़के सुबह 4.40 बजे बनारस रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। इसके बाद सुबह 10 बजे से माध्यमिक विभाग के अधिकारियों के साथ दर्शन पूजन किया। 

सरकारी विद्यालयों में आज किशोरियों को लगेगी एचपीवी वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी क्षेत्र के 81 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शुक्रवार को सर्वाइकल कैंसर जागरूकता के लिए 9 से 14 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि तैयारी पूरी कर ली गई है। 

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके मौर्या ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में प्रमुख स्वास्थ्य समस्या है, जिसे टीकाकरण से 90 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। यह टीका युवा अनस्टॉपेबल संस्था के सौजन्य से दो डोज में छह महीने के अंतराल पर लगाया जाएगा। आने वाले दिनों में यह 22 साल की लड़कियों को भी लगाया जाएगा। एचपीवी टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा, योनि और वुल्वर कैंसर से बचाव में काफी मददगार है। 

श्रीराम के गुणों का गान करने वालों के लिए खुल जाते हैं मुक्ति के द्वार
रामकथा मर्मज्ञ पं. रवींद्र पाठक ने कहा कि कपट छोड़कर जो भगवान श्रीराम के गुणों का गान करता है, उसके लिए मुक्ति के द्वार खुद ब खुद खुल जाते हैं। ये नियम है कि व्यक्ति जिसका गुणगान करता है उसी में रम जाता है। इसलिए भगवान का गुणगान करें। 

वह गुरुवार को चैतन्य गोशाला ट्रस्ट चिंचवड़ पुणे की ओर से सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा मानस मुक्ति के छठवें दिन कथा सुना रहे थे। कथा मर्मज्ञ पं. रवींद्र पाठक कहा कि कपट छोड़कर भगवान का गुणगान करने से भगवान प्रसन्न तो होते ही हैं साथ-साथ हृदय में आकर बैठ जाते हैं। जो लोग श्रीराम का चरित्र कहते हैं, सुनते हैं और गाते हैं वे कलियुग के पाप और मन के मैल को धोकर बिना ही परिश्रम श्रीराम के परम धाम को चले जाते हैं।

श्री राम कथा मानस मुक्ति के छठवें दिन सुबह के सत्र में देश के विख्यात शास्त्रीय गायक पद्मभूषण पं. साजन मिश्र को सम्मानित किया गया। कथा वाचक पं. रवींद्र पाठक ने पं. साजन मिश्र को अंगवस्त्रम एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिवहरि महाराज, सुभाष वैद्य, संतोष सोलापुरकर, माधव जनार्दन रटाटे, गजानन जोशी, षडानन पाठक उपस्थित रहे।

गांवों को सेहतमंद व संस्कारवान बनाएं: कर्नल सिंह
भारत विकास परिषद काशी प्रांत की ओर से गुरुवार को कैंटोमेंट स्थित एक होटल में विशिष्ट नागरिक मिलन व सामाजिक विकास परिचर्चा हुई। नेशनल प्रोजेक्ट चेयरमैन सम्पर्क व रूरल हेल्थ कर्नल सिंह ने सामाजिक समरसता पर विशेष बल दिया। 

कहा कि हर क्षेत्र के समृद्ध लोग समूह बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और संस्कार पर कार्य करें। अगर कोई भाई-बहन बीमार है तो उनके इलाज के लिए पैसे की कमी नहीं होनी चाहिए। हम सब मिलकर इसके आगे आएं। तभी सेहतमंद व समृद्ध संस्कारित भारत का स्वप्न साकार हो पाएगा।

प्रान्तीय संरक्षक ब्रह्मानंद पेशवानी, नेशनल वाईस चेयरमैन नवीन श्रीवास्तव, नेशनल वाईस चेयरमैन ट्रस्ट व प्रापर्टीज के प्रमोदराम त्रिपाठी, रीजनल संयुक्त महासचिव सुनील सिन्हा, रीजनल सचिव सेवा प्रवीन पटेल, अभय सिंह आदि ने विचार रखे। 

अध्यक्षता भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष श्री रवि प्रकाश जायसवाल ने की। संचालन अनिल जाजोदिया व धन्यवाद ज्ञापन प्रांतीय महासचिव नमित पारीक ने दिया। इस मौके पर परिषद के नेशनल सेक्रेट्री अरिहंत जैन, नेशनल प्रोजेक्ट मेंबर नरेश श्रीवास्तव, रीजनल अध्यक्ष मुकेश जैन, राजीव कुमार पाण्डेय आदि रहे।

बिजली निगम में डेटा संकलन के लिए हुआ समझौता
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से डेटा संकलन के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद ली जाएगी। निगम की तकनीकी कंपनियों के साथ त्रिपक्षीय समझौता हुआ है। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग के प्रयोग से डेटा एनालिसिस कर राजस्व वसूली की कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अभियंता वाणिज्य सतीश कुमार जायसवाल ने बताया कि इससे लाइन लॉस भी कम होगा।

बरेका में हिंदी कार्यशाला का आयोजन
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) राजभाषा अनुभाग प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के संगोष्ठी कक्ष में बृहस्पतिवार को हिंदी कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें विभागीय कर्मचारियों को ज्यादा से ज्यादा राजभाषा का प्रयोग करने को कहा गया। कार्यशाला में वरिष्ठ अनुवादक विजय प्रताप सिंह और आलोक कुमार पांडेय ने यूनिकोड से हिंदी लिखने की जानकारी दी। संचालन व धन्यंवाद ज्ञापन विनोद कुमार श्रीवास्तव ने किया।

विश्वमोहन भट्ट की मोहन वीणा, गीता के भरतनाट्यम से सजी शाम
आईआईटी (बीएचयू) के वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव काशीयात्रा का उद्घाटन समारोह यादगार बन गया। शाम को विश्वमोहन भट्ट की मोहन वीणा और गीता चंद्रन के भरतनाट्यम से मंच सजा। मोहन वीणा की स्वरलहरियों ने युवाओं को शास्त्रीय संगीत की मिठास से रूबरू कराया। 

गुरुवार को पद्मभूषण पं. विश्वमोहन भट्ट ने मोहन वीणा पर सुर संध्या के तार छेड़े तो पूरे प्रांगण में मधुर स्वरलहरियां घुल गईं। उन्होंने राग विश्वरंजनी को जब मोहन वीणा पर छेड़ा तो पूरा परिसर झंकृत हो उठा। मोहन वीणा के साथ बनारस घराने के अभिषेक मिश्रा के तबले की थाप भी स्वरों की मिठास को बढ़ा रही थी। इसके पूर्व प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना विदूषी गीता चंद्रन ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की गरिमा को जीवंत किया। 

एक अप्रैल से शुरू होगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए एक अप्रैल से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान कीटनाशी दवाओं के छिड़काव, फाॅगिंग व साफ-सफाई के अतिरिक्त संचारी रोगों से बचाव और रोकथाम के लिए सफाई कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। 

गुरुवार को ब्लाॅक काशी विद्यापीठ, हरहुआ, चोलापुर और चिरईगांव के 599 सफाई कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) शरत चंद पांडेय ने बताया कि घरों का सर्वे कर डेंगू व अन्य वेक्टर जनित रोगों को लेकर क्षेत्र में कैसे निरोधात्मक कार्रवाई की जायेगी।

रासेयो स्वयंसेवकों ने निकाली पर्यावरण जागरूकता रैली
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर, गंगापुर में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान गंजारी गांव में लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। 

छात्र-छात्राओं ने स्वस्थ समाज बनायेगे, पर्यावरण को बचाएंगे, पेड़ लगायें, पर्यावरण बचायें जैसे नारों से ग्रामीणों को जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गंगापुर परिसर प्रभारी, डॉ. मनीष कुमार सिंह ने की।इस दौरान डॉ. अविनाश कुमार सिंह, डॉ. रमेश मिश्रा, डॉ. राजेश कुमार, सुमित घोष आदि लोग मौजूद रहे।

शिव-पार्वती विवाह प्रसंग सुनाकर किया विभोर
चोलापुर के इमलिया गांव में सात दिवसीय श्रीरामकथा का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। कथावाचक नीरजानंद शास्त्री ने शिव विवाह सहित विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया। कहा कि सतयुग में देवी सती ने आत्मदाह कर लिया था। इससे भगवान शिव निराशा और अवसाद में चले गए थे। 

शिवजी की इस स्थिति से राक्षस ताड़कासुर अवगत था। उसे लगा कि शिवजी अब कभी गृहस्थ जीवन में नहीं जी पाएंगे। इसका फायदा उठाकर वह अमर होना चाहता था। अमरता का वरदान पाने के लिए उसने ब्रह्मांड के निर्माता भगवान ब्रह्मा की कड़ी तपस्या की। ब्रह्मा जी से वरदान मांगा कि उसकी मृत्यु भगवान शिव के पुत्र के हाथों ही हो। ब्रह्मा ने ताड़कासुर को वरदान दे दिया। 

उधर, महादेव को अपने पति के रूप में पाने के लिए देवी पार्वती ने कठिन तपस्या की। देवी की तपस्या से महादेव प्रसन्न हुए और उनसे विवाह कर लिया। कथा श्रवण करने गौरी शंकर सिंह, शिव शंकर सिंह, जटाशंकर सिंह, जयशंकर सिंह, शशिकांत मिश्रा, रमेश मिश्र, अविनाश सिंह आदि पहुंचे थे।

गंदगी के अलावा आए दिन गिर रहे नाले
वरुणा नदी के आसपास इन दिनों बदबू आ रही है। राहगीरों और आसपास के लोगों को दिक्कत हो रही है। पिछले दिनों सफाई हुई थी, लेकिन इस बीच सफाई न होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वरुणा नदी को बेहतर करने के लिए वरुणा कॉरिडोर योजना बनाई गई थी। 

201 करोड़ से कार्य कराए गए थे, लेकिन रखरखाव के अभाव में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई जगहों से नाले से सीवर गिर रहा है। पाइपलाइन भी कई जगहों से टूट चुकी है। पिछले दिनों बैठक में तय किया गया था कि नदी में कोई भी सीवरेज न गिरे, इसका समुचित प्रबंध किया जाएगा। 

नदी में सिल्ट की सफाई कराई जाएगी। बावजूद अब तक नदी को साफ करने की दिशा में काम शुरू नहीं हुआ है। नगर निगम की ओर से लगातार सफाई कराई जा रही है। बावजूद बदबू नहीं जा रही है। जल निगम के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि नदी किनारे की पाइप लाइनों की मरम्मत हुई थी। लोग यहां कचरा डालकर चले जाते हैं। इससे दिक्कत होती है। कुछ एसटीपी के प्रस्ताव गए हैं। जिनके निर्माण से समस्या का समाधान होगा।

आईआईटी बीएचयू का सांस्कृतिक उत्सव काशीयात्रा आज से, तीन दिन में होंगी 60 प्रतियोगिताएं
आईआईटी बीएचयू में तीन दिन तक चलने वाले वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव काशीयात्रा का शुक्रवार को आगाज होगा। 7 से 9 मार्च तक होने वाले इस आयोजन में आईआईटी बीएचयू, दिल्ली, बांबे सहित देश के विभिन्न आईआईटी, तकनीकी संस्थानों के 30 हजार से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। तीन दिनों में अलग अलग थीम पर 60 से अधिक इवेंट्स होंगे। इस आयोजन में कला, तकनीक, संगीत और अभिनय का हुनर देखने को मिलेगा।

काशीयात्रा को लेकर आईआईटी बीएचयू में छात्र-छात्राओं में उत्साह है। गुरुवार की देर शाम तक कई संस्थानों की टीमें आईआईटी बीएचयू पहुंच गई हैं। यहां लिंबडी हॉस्टल से लेकर राजपुताना हॉस्टल के पास आकर्षक सजावट चलती रही। इसमें उनके तकनीक का हुनर भी देखने को मिल रहा है।

साथ ही पूरे आयोजन की सीसी कैमरे से निगरानी की जाएगी। तीन दिन तक चलने वाले कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को हो गई है। तीन दिन के आयोजन में 8 मार्च को एडीवी ग्राउंड पर जुबिन नौटियाल का शो आकर्षण का केंद्र रहेगा। गुरुवार को पुष्पा 2 के सिंगर नकाश अजीज का कार्यक्रम होगा।

जवाहर टंडन का अंतिम संस्कार संपन्न
उद्यमी, लायंस के पूर्व गवर्नर जवाहर टंडन का बुधवार रात हृदयाघात से निधन हो गया था। गुरुवार को उनकी शवयात्रा रविंद्रपुरी स्थित आवास से शुरू होकर हरिश्चन्द्र घाट पहुंची। यहां उनका अंतिम संस्कार सम्पन्न हुआ। मुखाग्नि उनके पुत्र गौतम टंडन ने दी। शव यात्रा में अशोक धवन, राजन खन्ना, वैभव कपूर, जयदीप सिंह, लाल रत्नाकर सिंह, देव कुमार राजू, भाजपा मीडिया प्रभारी नवरतन राठी समेत अन्य मौजूद रहे।

किसानों को बांटा गया उर्द व मूंग की मिनी किट
गुरुवार को कलेक्टरी फार्म स्थित बहुद्देशीय किसान कल्याण केंद्र में काशी विद्यापीठ विकास खंड के विभिन्न गांवों के 14 किसानों को निशुल्क उर्द व मूंग की मिनी किट वितरित की गई। पूर्व ब्लाॅक प्रमुख प्रवेश पटेल ने कहा कि कृषि कर्मियों द्वारा दिए गए सुझाव के अनुसार बोआई करें। आवश्यकता पड़ने पर उनसे परामर्श भी लें।

रेल कर्मियों की तत्परता से यात्री का लैपटॉप मिला
नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक यात्री का छूटा हुआ लैपटॉप रेल कर्मियों की तत्परता से मिल गया। लैपटॉप सकुशल पाकर यात्री ने रेल कर्मियों का आभार जताया। नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बी-4 कोच की बर्थ संख्या-13 पर केशव कुमार 5 मार्च को सवार हुए।

गुरुवार को बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर उतरकर बाहर निकल गए। याद आया कि उनका लैपटॉप ट्रेन में छूट गया है। वह तुरंत कोच के पास लौटे और अटेंडेंट प्रदीप यादव व सुपरवाइजर आलोक रंजन को जानकारी दी। आलोक रंजन ने बेड रोल इंचार्ज प्रदीप कुमार गुप्ता को सूचित किया। साथ ही कोचिंग डिपो अधिकारी विनीत रंजन को भी जानकारी दी। अटेंडेंट से संपर्क कर कोच में लैपटॉप खोजा गया और यात्री केशव कुमार को लौटा दिया गया।

सफाई मित्रों का किया सम्मान, बरसाए उन पर फूल
नगर निगम की ओर से गुरुवार को बेनियाबाग में सफाई मित्र सम्मान समारोह व सहभोज का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मेयर अशोक कुमार तिवारी ने सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया, उन पर फूल बरसा और उन्हें अपने हाथों से खाना परोसकर खिलाया।

महाकुंभ के पलट प्रवाह के दौरान वाराणसी के गंगा घाटों और शहर को अपने श्रम साधना से स्वच्छ बनाने वाले कर्मचारियों का सम्मान हुआ। महिला सफाई कर्मचारियों को उपहार के तौर पर साड़ी और पुरुष सफाई कर्मचारियों को पैंट व शर्ट के कपड़े दिए गए। 

बेनियाबाग में आयोजित कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से कुछ सफाई कर्मचारियों को उपहार और प्रशस्ति पत्र दिया गया। बाकी कर्मचारियों को सफाई चौकी पर उपहार और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की गई।

मेयर ने सफाई कर्मचारियों के काम की तारीफ की। कहा कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में आपने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। आपके बगैर शहर को साफ रखना मुश्किल है। आपने अपने काम को सेवा भाव से किया। नगर निगम की ओर से कुल 645 पुरुष और 170 महिला कर्मचारियों को यह सम्मान दिया जाएगा। संचालन अपर नगर आयुक्त सविता यादव और धन्यवाद ज्ञापन नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र चौधरी ने किया।

श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम...
काशी वंदन सांस्कृतिक कार्यक्रम में गुरुवार को ध्रुव सहाय का सारंगी वादन हुआ। उन्होंने वादन की शुरुआत राग चारूकेशी में भजन श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम... से की। इसके बाद दादरा में निबद्ध रचनाएं पेश कीं तो श्रोताओं ने तालियों से उनका स्वागत किया। समापन उन्होंने ऐसी लागी लगन... से किया। तबले पर कुशाल कृष्णा ने संगत की। संचालन और धन्यवाद अंकित सिंह व संयोजन अंशुमान महाराज ने किया।

परिषदीय विद्यालय के 30 बच्चों का हुआ सम्मान
प्राथमिक विद्यालय नहवानीपुर में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम अभ्युदय का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और सरस्वती वंदना से हुई। इस मौके पर 30 विद्यार्थियों को पढ़ाई में अव्वल आने पर सम्मानित किया गया। इनमें सबिता बिंद, खुशबू यादव, समर्पित बिंद, धीरज यादव, नील प्रताप, विधान सिंह, ऋतिक चौहान, अनंत मौर्य और श्रीकांत चौहान रहे। अतिथियों ने विद्यालय के गणित टीएलएम जोन, कंप्यूटर लैब और लाइब्रेरी को भी देखा।

उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक सुविधाओं की सराहना की। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक चक्रधर चंद्र चौबे और उनके स्टाफ की कड़ी मेहनत और समर्पण की प्रशंसा की। इस मौके पर सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति सिंह एआरपी डॉ. आलोक त्रिपाठी, डॉ. दिनेश चंद, संजय गिरी आदि मौजूद रहें।

भोजपुरी के शेक्सपीयर कहे जाते हैं भिखारी ठाकुर
पूर्व राजभाषा अधिकारी दिनेश चंद्र ने कहा कि भोजपुरी का शेक्सपीयर भिखारी ठाकुर को कहा जाता है। भिखारी ठाकुर ने समाज में अपने नृत्य व गायन शैली की विधा से भोजपुरी को एक सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया। दिनेश चंद्र बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान की ओर से कोनिया में आयोजित एकदिवसीय संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. जयशंकर जय ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार का भूभाग आज भी भिखारी ठाकुर के नाटक और बिदेसिया के माध्यम से लोकप्रिय है। भिखारी ठाकुर सम्मान प्राप्त चंद्रकांत सिंह ने कहा कि जब तक भोजपुरी बोली और भाषा के रूप में उत्तर भारत में चलती रहेगी तब तक भिखारी ठाकुर अपने योगदान से आम जनमानस के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहेंगे।

आकाशवाणी के संचालक लालजी झगड़ू भैया ने कहा कि भिखारी ठाकुर बिदेसिया नाटक के माध्यम से दर्शकों के पटल पर छा जाते थे। संचालन डॉ. अशोक कुमार ने किया। इस दौरान अंजनी कुमार मौजूद रहे।

डीआईजी कॉलोनी में अधिकारियों के लिए आवास बनवाएगा वीडीए
वीडीए डीआईजी कॉलोनी में अधिकारियों के लिए आवास बनाएगा। तीन तल के भवन में हर तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार भवन के निर्माण होने से अधिकारियों को आवास मिलने में आसानी होगी। भवन के निर्माण के प्रस्ताव को अनुमोदन दिया गया है। 

विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर तकनीकी, वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति की संस्तुति की गई है। निर्माण पर अनुमानित लागत 2.68 करोड़ रुपये है। भवन तीन मंजिला होगा। 3.83 करोड़ रुपये के फ्लैट बनेंगे। 

इन भवनों में आरसीसी कार्य, फिनिशिंग, आंतरिक विद्युतीकरण, प्लंबिंग, फायर फाइटिंग और मशीन रूम की सुविधाएं दी जाएंगी। भवन के लिए वीडीए बोर्ड की बैठक में भी चर्चा की गई थी। आने वाले दिन भवन बनाने की योजनाओं को मूर्त रूप दिया जाएगा। पुराने भवनों को हटाकर नए बनाए जाएंगे।

किसानों को बांटे गए दलहनी के बीज
दलहनी फसलों को बढ़ावा देने के लिए चांदपुर चौराहे के बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र पर गुरुवार को 14 किसानों को उड़द और मूंग के मिनी किट निशुल्क वितरित किए गए। साथ ही उन्हें दलहनी फसलों की खेती के लाभ के बारे में जानकारी भी दी गई। बताया गया कि दलहनी फसलें मिट्टी की उर्वरता को बढ़ाती हैं और किसानों की आय में वृद्धि करती हैं।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रवेश पटेल ने किट वितरित करते हुए कहा कि दलहन फसलों का सबसे बड़ा उत्पादक देश होने के बावजूद, हमें इसे अन्य देशों से आयात करना पड़ता है। उन्होंने अधिक मात्रा में दलहनी फसलों की बोआई करने की अपील की। इस दौरान टिकरी, बच्छांव, अलाउद्दीनपुर, कोरौता सहित कई गांवों के किसानों समेत कृषि विकास अधिकारी (एडीओ) बालकेश्वर पटेल, वरिष्ठ तकनीकी सहायक विनय सिंह और केंद्र प्रभारी राहुलराज मौजूद रहे। 

विधायक ने रामेश्वर तीर्थ का किया निरीक्षण
नागा साधुओं की सुविधा व सुरक्षा के मद्देनजर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने गुरुवार को तीर्थ धाम रामेश्वर मंदिर का निरीक्षण किया। पंचक्रोशी परिक्रमा पर निकले नागा साधु संतों के तीसरे तीर्थ स्थल रामेश्वर में उनकी सुरक्षा, सुविधा व्यवस्था को लेकर रोहनिया विधायक रामेश्वर महादेव मंदिर, धर्मशाला, पंचक्रोशी मार्ग का दौरा किया। 

उन्होंने सबसे पहले धर्मशाला में सफाई, शौचालय, प्रकाश, पानी सहित अन्य व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा। पुराने पुल के पास क्षतिग्रस्त पंचक्रोशी मार्ग की पैचिंग कराने को कहा। मंदिर परिसर में घाट पर पर्याप्त सफाई, प्रकाश, पार्किंग स्थल, शौचालय की सफाई कराने के निर्देश दिए। 

ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ने रामेश्वर में नलकूप संख्या 333 को रिबोर कराने को कहा। इस दौरान रामेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी आचार्य अनूप त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, चंद्रमा प्रसाद वर्मा, राजकुमार, डाॅ. प्रेम, ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह आदि शामिल रहे। 

मऊ में इनामी प्रतियोगिता शनिवार से
यूपी कैरम एसोसिएशन और मऊ जिला कैरम एसोसिएशन की ओर से ऑल इंडिया प्राइज मनी आमंत्रण कैरम टूर्नामेंट मऊ जिले में आगामी 8 और 9 अप्रैल को खेली जाएगी। इसमें नेशनल और स्टेट रैंकिंग के चुनिंदा खिलाड़ियों को ही खेलने का मौका मिलेगा। उक्त जानकारी उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के अध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में मऊ जिला कैरम एसोसिएशन के सहयोग से यह पहली इनामी टूर्नामेंट है। 

कर्मचारी महासंघ का 21 को चुनाव व शपथ ग्रहण
उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है। नई कार्यकारिणी के गठन के लिए गुरुवार को नदेसर के संघ भवन में बैठक हुई। जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता के अनुसार, नए पदाधिकारियों का चुनाव व शपथ ग्रहण समारोह 21 मार्च को संघ भवन में होगा।

काशी विद्यापीठ में छात्र लेंगे नशा मुक्त भारत का संकल्प
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को पढ़े विश्वविद्यालय, बढ़े विश्वविद्यालय, दहेज मुक्त और नशामुक्त भारत के लिए सभी विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया जाएगा। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. निरंजन सहाय ने बताया कि सुबह 11 से 12 बजे तक प्रशासनिक भवन, क्रीड़ा परिषद सभागार और सभी संकायों में आयोजन होगा। साथ ही दहेज मुक्त और नशा मुक्त भारत का शपथ ग्रहण का कार्यक्रम कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के नेतृत्व में दोपहर 12.15 बजे से दीक्षांत मंडपम में होगा। 

सामुदायिक सेवा के माध्यम से युवा करें व्यक्तित्व निर्माण
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि एनएसएस का आदर्श वाक्य मुझे नहीं बल्कि आप हैं... यह लोकतांत्रिक जीवन का सार व्यक्त करता है। निस्वार्थ सेवा की आवश्यकता को पूरा करता है और दूसरे व्यक्ति के दृष्टिकोण के प्रति प्रशंसा करता है और रेखांकित करता है कि व्यक्ति का कल्याण आखिरकार समाज के कल्याण पर निर्भर है।

वह गुरुवार को एनएसएस के विश्वविद्यालय इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के रवाना होने वाली टीम को संबोधित कर रहे थे। कुलपति ने श्री रामरमी आश्रम जाल्हूपुर के लिए बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

कुलपति ने कहा कि एनएसएस का एकमात्र उद्देश्य युवा छात्रों को सामुदायिक सेवा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को विकसित करने के लिए अनुभव प्रदान करना है। राष्ट्रीय सेवा योजना का सिद्धांत - मैं नहीं आप का सिद्धांत वाक्य वसुधैव कुटुंबकम का सार बताता है। 

निस्वार्थ सेवा की आवश्यकता का समर्थन करता है कि हम दूसरे के दृष्टिकोण की सराहना करने वाले बनें तथा प्राणी मात्र के लिए सहानुभूति रखें। स्वयंसेवकों को शिविर के माध्यम से आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना। भारत के सभी राज्यों की परंपरा, रीति-रिवाज, संस्कृति, भाषा का अनुभव करवाना। 

छात्र स्वयंसेवकों के समग्र व्यक्तित्व को विकसित करने का अवसर प्रदान करना है। समन्वयक प्रो. राघवेंद्र दुबे ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर शुक्रवार से शुरू होगा। इस दौरान डॉ. विशाखा शुक्ला, डॉ. विजेंद्र कुमार आर्य, डॉ. सत्येंद्र कुमार यादव मौजूद रहे।

पिंडरा में ग्राम न्यायालय के भवन के लिए सौंपा पत्रक
पिंडरा तहसील के अधिवक्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति के पर्सनल सेक्रेटरी धनंजय सिंह और अर्पित गोस्वामी का बृहस्पतिवार को स्वागत किया। तहसील बार एसोसिएशन पिंडरा के अधिवक्ताओं ने ग्राम न्यायालय के लिए जमीन के अधिग्रहण और नए भवन की स्वीकृति के लिए पत्रक सौंपा। ग्रामीण न्यायालय के जज सत्यम सिंघल और कोर्ट मैनेजर अश्वनी आनंद का भी स्वागत किया। पत्रक देने वालों में कृपाशंकर पटेल व सुधीर कुमार सिंह, शिवपूजन सिंह, कमला मिश्रा, पवन सिंह, पंधारी यादव, अशोक लाल व सतीश पांडेय रहे। 

मनदीप के घर नौ मार्च को जाएगा सपा का प्रतिनिधिमंडल
मनदीप के निधन के बाद शोकाकुल परिवार से मिलने नौ मार्च को सपा का प्रतिनिधिमंडल जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार प्रतिनिधि मंडल में आठ सदस्य हैं। 

इनमें सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, मछली शहर सांसद प्रिया सरोज, मछलीशहर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, महासचिव सत्यप्रकाश सोनकर, विधानसभा पिंडरा के अध्यक्ष मनोज यादव, प्रदेश सचिव कमलेश पटेल, सपा नेता लालबाबू सोनकर शामिल हैं।

एक फरवरी को बड़वापुर कठिराव के मनदीप सोनकर को मनबढ़ों ने पीटा था। जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उनके घर जाकर प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मिलेंगे। फिर पूरी रिपोर्ट बनाकर प्रदेश कार्यालय को भेजेंगे।

काशी विद्यापीठ में छात्रावास आवंटन के लिए काउंसिलिंग आज
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 के लिए छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब छात्र-छात्राओं को कमरा आवंटित किया जाना है। इसमें सात मार्च को कमरा आवंटन के लिए छात्रों की काउंसिलिंग करवाई जाएगी। 

विश्वविद्यालय में मुख्य गृहपति प्रो. तेज बहादुर सिंह ने बताया कि स्नातक के छात्र आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास और स्नातकोत्तर व शोध छात्र लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास में पहुंचकर सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक काउंसिलिंग करवा सकते हैं। छात्र आवंटन के समय छात्रों को अपने अभिभावक (माता/पिता) के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होना चाहिए। अभिभावक को अपने साथ पहचान पत्र (आधार कार्ड/पैन कार्ड/वोटर आई.डी. इत्यादि) भी लाना होगा।

मानचित्र स्वीकृत न करने पर जोनल और अवर का रोका वेतन
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने गुरुवार को वीडीए में सबसे अधिक वसूली करने और मानचित्र स्वीकृत करने वालों को प्रशस्ति पत्र दिया। जोन थ्री की ओर से एक भी मानचित्र स्वीकृति न होने, सबसे कम धनराशि प्राधिकरण कोष में जमा करने पर नाराजगी जताई। जोनल अधिकारी और अवर अभियंता का वेतन रोकने को कहा। जोन-01 को सर्वाधिक धनराशि 1,26,05,237 जमा कराने और जोन-04 को सर्वाधिक 15 मानचित्र स्वीकृत करने पर प्रमाणपत्र दिया। 

दोनों जोन के अधिकारियों की सराहना की और उनकी कार्यक्षमता को उजागर किया। बताया कि जोन वन ने 1,26,05,237 रुपये जमा कराए और 4 मानचित्र स्वीकृत किए। जोन टू ने 1,06,37,662 रुपये जमा कराए और 4 मानचित्र स्वीकृत किए। जोन थ्री ने 83,59,577 रुपये जमा कराए और 3 मानचित्र स्वीकृत किए। 

जोन फोर ने 1,12,28,506 रुपये जमा कराए और 15 मानचित्र स्वीकृत कराए। जोन फाइव ने 87,22,491 रुपये जमा कराए और 4 मानचित्र स्वीकृत कराए। निर्देश दिया गया कि वे अधिक से अधिक शमन शुल्क जमा कराएं और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करें। सचिव को समीक्षा करने के लिए कहा।

आदिकेशव घाट पर कूड़ा डंप होने की शिकायत
आदिकेशव घाट पर कूड़ा डंप करने की शिकायत कन्हैया ने नगर निगम से की है। उन्होंने कहा कि घाटों से कूड़ा उठाकर आदिकेशव घाट पर रखा जाता है। आसपास के लोगों को दिक्कत होती है। ये कूड़ा वरुणा संगम में जाकर गिरता है। ऑनलाइन शिकायत की गई तो केवल कोरम पूरा किया गया। लोग स्नान पर्व पर यहां जुटते हैं। समय से इसकी सफाई नहीं कराई गई तो लोगों को दिक्कत होगी।

दिव्यांगों को कल से मिलेगा उपकरण
भारत विकास परिषद वरुणा सेवा संस्थान (ट्रस्ट) और बिड़ला अस्पताल की ओर से दो दिवसीय दिव्यांग शिविर आठ मार्च से शुरू होगा। संस्थापक अध्यक्ष रमेश रमेश लालवानी ने बताया कि शिविर लगाकर दिव्यांगों को बैटरी से चलने वाले हाथ निशुल्क दिए जाएंगे। वह 7398302132, 9795451111, 9554744440 पर फोटो, आधार कार्ड देकर पंजीकरण करवा लें। पूर्वाचल भर के दिव्यांग लाभ ले सकते हैं। 

लोकतंत्र सेनानियों को अब तक नहीं मिली पेंशन
लोकतंत्र सेनानी संगठन की बैठक नाटी इमली के कार्यालय में हुई। अब तक पेंशन न मिलने पर चर्चा की गई। बैठक में विजय नारायण ने कहा कि डीएम के आदेश का पालन नहीं हो रहा है। आदेश दिया है कि हर महीने की एक तारीख को पेंशन दी जाए। छह तारीख बीत गई, लेकिन अब तक पेंशन नहीं आई। जबकि 14 तारीख को होली है। उन्होंने मांग की कि लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन जल्द जारी की जाए। बैठक में राधेश्याम, प्रह्लाद तिवारी ने अपने विचार रखे। 

एमएएनआईटी भोपाल के 40 छात्रों ने वीडीए का किया दौरा
मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएएनआईटी) भोपाल के 40 छात्रों ने गुरुवार को वीडीए का दौरा किया। छात्रों का समूह वाराणसी के सिटी स्टडी के लिए आया हुआ है। छात्रों ने वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग और नगर नियोजक प्रभात कुमार से मुलाकात की।
 

वीडीए अधिकारियों ने छात्रों को प्राधिकरण के विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। छात्रों को वाराणसी शहर के स्मार्ट सिटी, अवसंरचना विकास और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी दी गई। छात्रों ने प्राधिकरण की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed