News Updates: 16 युवाओं को स्लोवाकिया और जापान में मिली नौकरी, दो लुटेरे चढ़े पुलिस के हत्थे; पढ़ें अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी में आयोजित रोजगार मेले में 480 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें 16 युवाओं को स्लोवाकिया और जापान में नौकरी मिली है। वहीं, मंडुवाडीह में महिला से चेन स्नेचिंग मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें....
विस्तार
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में रोजगार मेले में देश ही नहीं, विदेशों में भी युवाओं को नौकरी का ऑफर मिला। मेले में 480 अभ्यर्थी शामिल हुए। 16 युवाओं को स्लोवाकिया और जापान रोजगार मिला। वहीं, 62 युवाओं को देश में ही रोजगार का ऑफर मिला। इनमें छह महिला अभ्यर्थी भी हैं।
रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह कहा कि युवाओं को विदेश में 1,20000 से 150000 रुपये का जॉब ऑफर मिला। अपने यहां 30,000 रुपये पर युवाओं का चयन किया गया है। बताया कि 31 अगस्त को आईटीआई सुंदरपुर में फिर से रोजगार मेला लगेगा। परिवहन बस के ड्राइवर के लिए भी जॉब होगी। प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार लाना अनिवार्य है।
सफलता के लिए बेहतर समय प्रबंधन जरूरी
बीएचयू के पूर्व छात्र और वर्तमान में आईटीबीपी में आईजी सुनील रंजन रॉय ने सेंट्रल हिंदू स्कूल कमच्छा और बीएचयू परिसर में कृषि विज्ञान संस्थान पहुंचकर शिक्षकों, छात्रों से मुलाकात की। छात्रों से बातचीत में अपने छात्र जीवन के अनुभवों को साझा किया।
कहा कि जीवन में सफलता के बेहतर समय का प्रबंधन जरूरी होता है। छात्रों को समय का उचित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। सुनील रंजन 1980-82 में सीएचएस के छात्र रहे जबकि 1982 से 86 तक बीएससी कृषि की शिक्षा हासिल की। कार्यक्रम में चीफ प्रॉक्टर प्रो. एसपी सिंह, प्रो. एसवीएस राजू मौजूद रहे।
कनिष्ठ लिपिक पद के लिए 29 अगस्त को परीक्षा
एडीआर सेंटर/ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में तृतीय श्रेणी (कनिष्ठ लिपिक) के रिक्त दो पदों के लिए संविदा के आधार पर भर्ती के लिए 29 अगस्त को परीक्षा होगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव विजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि दोपहर 12 बजे से दो बजे तक लिखित परीक्षा होगी। आवेदक पासपोर्ट साइज दो फोटो और पहचान पत्र (मूल) के साथ रिपोर्ट करें। लिखित में उत्तीर्ण आवेदकों की परीक्षा और साक्षात्कार होगा।
एक सितंबर से शुरू होगा नया सत्र
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर में 1 सितंबर से 2024-25 की क्लास शुरू होगी। दूसरे वर्ष की छात्राओं की क्लास 15 सितंबर से चलाई जाएगी। अभी तक चार राउंड की काउंसिलिंग के बाद भी सभी सीटों पर प्रवेश नहीं हो पाया है। लगभग 32 प्रतिशत सीटें खाली हैं। अब पांचवें राउंड की काउंसिलिंग 29 से 31 अगस्त तक होगी।
प्राचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रवेश की वजह से क्लास शुरू करने में देरी हो रही है। एडमिशन पूरा न होने के चलते 21 अगस्त से शुरू होने वाले नए सत्र की कक्षाओं को अब एक सितंबर से शुरू किया जाएगा।
दूसरे चरण में 88 विद्यार्थियों ने लिया एडमिशन
युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण के लिए प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। आईटीआई करौंदी में सत्र 2024 में 30 ट्रेडों की कुल 1240 सीटों पर दाखिले हो रहे हैं। दूसरे चरण में 88 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह ने प्रवेश का दूसरा फेज बुधवार को खत्म हो रहा है। अगर सीट नहीं भरी तो तीसरे राउंड की काउंसिलिंग कराई जाएगी।
एमए हिंदी की मौखिक परीक्षा 3 सितंबर को
हरिश्चंद्र पीजी काॉलेज में एमए हिंदी तृतीय सेमेस्टर की मौखिक परीक्षा 3 सितंबर को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. ऋचा सिंह ने बताया कि वृहद शोध परियोजना के तहत शोध कार्य की मौखिक परीक्षा सुबह 10 बजे से होगी।
संस्कृत विवि में सात सितंबर से होंगी परीक्षाएं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में विदेशी भाषा में डिप्लोमा, वीवोक पाठ्यक्रम की परीक्षाएं सात सितंबर से होंगी। सत्र 2023-24 की फ्रेंच, जर्मनी, तिब्बती, नेपाली, अंग्रेजी और भाषा विज्ञान विषय में स्नातकोत्तर प्रमाण पत्रीय परीक्षा सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक होगी।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र की ओर से कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 7 सितंबर से शुरू होने वाली परीक्षा 12 तक चलेगी। वीवोक पाठ्यक्रम के द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर, षष्ठ सेमेस्टर की मुख्य और बैक परीक्षा 7 से 16 सितंबर तक परीक्षा भवन में होगी।
सामूहिक प्रयास से मिलेगा नैक में ए डबल प्लस ग्रेड
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में दो से चार सितंबर तक नैक मूल्यांकन को लेकर मंगलवार को बैठक हुई। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने मूल्यांकन में ए डबल प्लस ग्रेड के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। कहा कि सामूहिक प्रयास से ही ऐसा संभव होना। संकायाध्यक्ष, निदेशक, विभागाध्यक्ष सहित प्रशासनिक अधिकारियों को ''क्या करें, क्या न करें के बारे में विस्तार से बताया गया।
कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि हमारा ध्यान लक्ष्य पर होना चाहिए, क्योंकि हमारी पहचान काशी विद्यापीठ से ही है। अकादमिक मजबूती ही हमारा भविष्य तय करेगी। ऐसे में नकारात्मकता से बचाना चाहिए और सकारात्मक सोच से बढ़ना चाहिए। बैठक में निदेशक प्रो. मो. आरिफ, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, उपकुलसचिव हरीश चंद मौजूद रहे।
22 सितंबर को ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता होगी
केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन के तत्वावधान में मंडल महिला कल्याण संगठन की ओर से निबंध और ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता होगी। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता 15 सितंबर और ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता 22 सितंबर को सुबह 10.30 बजे से 12.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें तीन ग्रुप होंगे, जिसमें ग्रुप एक में 6 से नौ साल के बच्चे, दूसरे ग्रुप में 9 से 12 वर्ष और तीसरे ग्रुप में 12 से 15 साल के बच्चे भाग ले सकते हैं।
शौक पूरा करने को करते थे लूट, दो लुटेरे चढ़े पुलिस के हत्थे
मंडुवाडीह ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चेन छिनैती के दो आरोपियों को बुधवार को पकड़ कर जेल भेज दिया। मंडुवाडीह क्षेत्र के बरेका में पिछले 23 अगस्त को बरेकाकर्मी सिपाही राम की पत्नी प्रेमशीला देवी से दो बदमाशो ने मंगलसूत्र छीन लिया था।
मंडुवाडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई। मंगलवार की देर रात मंडुवाडीह थानाप्रभारी भरत उपाध्याय को मुखबिर से सूचना मिली कि मंगलसूत्र लूटने वाले किसी घटना को अंजाम देने के लिए बरेका अंडर पास के समीप खड़े हैं।
थाना प्रभारी ने बरेका चौकी प्रभारी सत्यम तिवारी व पुलिस टीम के साथ उक्त स्थान पर छापेमारी कर प्रकाश पटेल उर्फ कल्लू (26) तथा महेंद्र पटेल उर्फ तेजू (24) निवासी ग्राम सगहट थाना रोहनिया को गिरफ्तार कर उनके पास से 2110 रुपये और लूटी गई मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि साहब हम लोग अपना शौक पूरा करने के लिए लूटपाट करते थे। 23 अगस्त को उक्त महिला को अकेले सुनसान जगह पर देख हम लोगो ने मंगलसूत्र छीन लिया था।
चार साल की मासूम के साथ चचेरे नाना ने दुष्कर्म किया
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने ननिहाल आई चार वर्षीय बालिका के साथ चचेरे नाना ने दुष्कर्म किया। सूचना पाकर चोलापुर थाने की पुलिस ने मासूम को मेडिकल मुआयने के लिए भेज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित अपने मायके में एक युवती अपनी चार वर्षीय पुत्री के साथ एक हफ्ते पहले आई थी। सोमवार की शाम बालिका की मां दवा लेने के लिए वाराणसी गई थी। बालिका अपने चचेरे नाना के घर टीवी देखने गई थी। उसी दौरान चचेरे नाना ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया।
बालिका की मां घर आई तो बेटी की आपबीती सुन कर वह सन्न रह गई। मंगलवार को बेटी को लेकर मां चोलापुर थाने गई और पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में थानाध्यक्ष चोलापुर ईश्वर दयाल दूबे ने बताया कि 25 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
आबकारी कांस्टेबल के स्थानांतरण पर लगाई रोक
हाईकोर्ट ने आबकारी विभाग में कार्यरत कांस्टेबल लक्ष्मी सिंह के स्थानांतरण पर रोक लगाते हुए नियमित वेतन भुगतान करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने प्रथम दृष्टया स्थानांतरण आदेश को दुर्भावनापूर्ण मानते हुए आबकारी विभाग को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
इससे पहले हाईकोर्ट के आदेश पर आबकारी आयुक्त प्रयागराज आदर्श सिंह उपस्थित हुए और हलफनामा प्रस्तुत किया। न्यायमूर्ति जेजे मुनीर की कोर्ट मामले की सुनवाई कर रही है। मामले में लक्ष्मी सिंह का वाराणसी से कौशाम्बी स्थानांतरण कर दिया गया। इसके विरोध में लक्ष्मी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की।
युवती से दुष्कर्म कर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
बुलंदशहर के अनूपशहर कस्बा निवासी एक युवती ने क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सक पर दुष्कर्म कर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे धार्मिक स्थल में ले जाकर दुष्कर्म किया।
मूलरूप से वाराणसी निवासी पीड़िता ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि वह बीएएमएस की छात्रा है। आरोप है वह अपने परिवार के साथ अनूपशहर में रहती है। 10 फरवरी 2024 को आरोपी चिकित्सक उसे सर्जरी कराने के लिए एक अस्पताल ले गया।
जहर खाने से युवक की मौत
सेवापुरी के जंसा बाजार में सड़क पर बेहोश मिले युवक की इलाज के दौरान वाराणसी के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। युवक ने शराब में विषैला पदार्थ मिलाकर उसका सेवन किया था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मंगलवार को परिजनों को शव सौंप दिया। घटना की वजह मकान के बंटवारे को लेकर भाइयों से विवाद और पत्नी से किच-किच बताई गई है।
कपसेठी थाना क्षेत्र के शकलपुर गांव का राजू माली (28) तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मकान के बंटवारे को लेकर भाइयों में विवाद चल रहा था। वह पत्नी पारो और दो बच्चों के साथ कपसेठी बाजार में किराये पर रहता था। राजू माला-फूल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
मारपीट कर मोबाइल छीना
पूजा करने गए एक युवक को मारपीट कर फोन छीन लिया गया। भुक्तभोगी ने बीती देर शाम सारनाथ थाने में नामजद तहरीर दी। सिंहपुर निवासी कमलेश कुमार भारद्वाज सोमवार को गांव के डीह बाबा मंदिर पर पूजा करने के लिए गया था। आरोप है कि युवक अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर कमलेश को मारपीट कर उसका मोबाइल छीन लिया।
परिजनों के साथ प्रेमिका शादी करने के लिए प्रेमी के घर पहुंची, पंचायत के बाद बनी सहमति
मिर्जामुराद के क्षेत्र के एक गांव की एमए की छात्रा अपनी शादी रचाने के लिए परिजनों संग अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। प्रेमिका के पहुंचते ही प्रेमी के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रेमिका शादी की जिद पर अड़ी रही।
घंटों पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने तय किया कि छह महीने बाद प्रेमी-प्रेमिका की शादी कर दी जाएगी। इसके बाद मामला शांत हुआ। चोलापुर थाना क्षेत्र की एमए में पढ़ने वाली एक छात्रा छह वर्ष पहले मिर्जामुराद थाना के कल्लीपुर गांव स्थित अपने ननिहाल में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। उसी दौरान उसकी मुलाकात एयरफोर्स की तैयारी करने वाले एक छात्र से हुई।
बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो दोनों ने शादी करने की ठानी। इस बीच प्रेमी ने अपने भविष्य को संवारने के लिए शादी के लिए कुछ समय मांगा। प्रेमिका अपने प्रेमी के वादे पर विश्वास कर इंतजार करने लगी। दूसरी तरफ उसके माता-पिता उसकी शादी के लिए रिश्ता तलाशना शुरू कर दिए।
प्रेमी युगल को पुलिस ने पकड़ा, परिजनों की मौजूदगी में शादी
सेवापुरी के जंसा थाना क्षेत्र के भदया गांव की रहने वाली युवती पड़ोस के गांव देईपुर निवासी युवक के साथ दो दिन पहले अपने घर से निकल गई थी। सोमवार की देर रात लोहता थाना के भट्टी गांव के पास दोनों टहल रहे थे। उसी दौरान पुलिस की नजर उन पर पड़ गई।
पुलिस दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने कहा कि वह एक-दूसरे से प्यार करते हैं और शादी करना चाहते हैं। मगर, जाति अलग-अलग होने के कारण परिजन तैयार नहीं हैं। लोहता थाने की पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दी। परिजन लोहता थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें दोनों को सौंप दिया। परिजन दोनों को लोहता थाने से लाकर अकेलवा स्थित एक मंदिर में शादी करा दिए।
गंगा में डूबे तीसरे छात्र का शव संकठा घाट पर मिला
वाराणसी के सामने घाट स्थित जजेज हाउस के समीप गंगा में डूबे स्नातक के छात्र ऋषि कुमार सिंह (19) का शव मंगलवार की सुबह संकठा घाट के सामने उतराया मिला। बिहार के मोतिहारी स्थित चांदमारी से आए परिजनों के अनुरोध पर चौक थाने की पुलिस ने पंचनामा कर शव उन्हें सौंप दिया।
परिजनों ने मणिकर्णिका घाट पर ही ऋषि के शव की अंत्येष्टि कर दी। ऋषि, वैभव सिंह और सोना सिंह उर्फ निधि सिंह गत शनिवार की रात सामने घाट क्षेत्र में रहने वाली अपनी दोस्त के कमरे पर आए थे। देर रात सभी खाना खाने के बाद जजेज गेस्ट हाउस के समीप गंगा पर लगाई गई जेटी पर गए। असंतुलित होकर सोना गंगा में गिरी तो उसे बचाने के लिए वैभव व ऋषि भी कूदे। तीनों गंगा में डूब गए। वैभव का शव रविवार की सुबह मिला था, जबकि सोना का शव मंगलवार को मिला था।
एसएसबी में डेढ़ घंटे बिजली गुल, बंद रही डायलिसिस
बीएचयू सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में मंगलवार सुबह डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही। इस वजह से डायलिसिस बंद करनी पड़ी। बिजली कटने के बाद जेनरेटर चलवाया गया, लेकिन डायलिसिस के लिए पर्याप्त लोड नहीं मिल सका। उधर, बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में भी इस दौरान बिजली नहीं रही। वहां भी जेनरेटर चलवाकर काम करवाना पड़ा।
विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षकों के आवासों की बिजली भी गुल रही। करीब 10.30 बजे आपूर्ति बहाल हुई। आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने बताया कि एसएसबी में बिजली कटौती से डायलिसिस न होने सहित अन्य समस्याओं की जानकारी मिली।
बिजली व्यवस्था से जुड़े लोगों को समाधान करवाने को कहा। एक्जीक्यूटिव इंजीनियर रुपेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार सुबह 9 बजे से शटडाउन की सूचना पिछले सप्ताह ही सेंट्रल ऑफिस, अस्पताल के एमएस, प्रभारी ट्रॉमा सेंटर को दी गई थी।
वरुणा नदी में कूदा युवक आंखों से हुआ ओझल
सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित नक्खी घाट पुल से बीती रात शराब पीकर एक युवक वरुणा नदी में कूद गया। उसके दोस्त ने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग पहुंचते युवक आंखों से ओझल हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नदी में कूदने के बाद कुछ दूरी तक तैरते दिखा था।
सूचना पाकर जैतपुरा और सारनाथ थाने की पुलिस पहुंची और एनडीआरएफ को बुलाया गया। देर रात तक युवक की खोजबीन जारी रही। तीन बच्चों के पिता अच्छेलाल विश्वकर्मा (32) का घर नई बस्ती, पांडेयपुर में है। पांडेयपुर चौराहे पर उसकी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान थी, जो बंद हो गई। वह आर्थिक रूप से परेशान था। मंगलवार रात उसने दोस्त संतोष विश्वकर्मा को नक्खी घाट पुल पर बुलाया।
नशे में अच्छे लाल ने कर्ज और आर्थिक तंगी के कारण संतोष से जान देने की बात कही। संतोष ने उसे समझाया। बातचीत के दौरान ही अच्छेलाल ने अपनी घड़ी और मोबाइल फोन संतोष को दिया। फिर दौड़ते हुए पुल से वरुणा नदी में छलांग लगा दी।
राजगीर को ट्रक ने कुचला, मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीरभानपुर गांव में राजगीर बद्री पटेल (62) को ट्रक ने टक्कर मार कर कुचल दिया। हादसे में बद्री की मौत हो गई। सूचना पाकर राजातालाब थाने की पुलिस ने ट्रक का पीछा कर रखौना गांव के समीप रुकवाया। ट्रक के साथ चालक पुलिस की हिरासत में है।
बीरभानपुर गांव निवासी बद्री पटेल मंगलवार को शहर से लौट कर अपने घर जा रहे थे। मोहनसराय से प्रयागराज की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार करने के दौरान उनको टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। पत्नी हीरामणि ने बताया कि बद्री कामकाज के सिलसिले जाते थे। वहीं से शाम के समय घर आ रहे थे।
पेड़ से गिरी छात्रा, मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा ग्राम सभा की जदवातारा बस्ती में आंवला तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ी 12वीं की छात्रा पैर फिसलने के कारण नीचे गिर गई। सिर के बल गिरने से गंभीर रूप से घायल छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
व्यापार के नाम पर सवा करोड़ की आनलाइन ठगी
व्यापार के नाम पर युवक के सवा करोड़ रुपये की ठगी हुई है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़ित नरेश गुप्ता के अनुसार बीकानेर थाना नौरवा राजस्थान निवासी सुरेश बजाज के खाते में एक करोड़ 25 लाख आनलाइन ट्रांसफर किया। पैसा मांगने पर सुरेश ने पैसा देने से इंकार कर दिया।
कहा कि उतने ही कीमत की जमीन दूंगा, लेकिन जमीन भी नहीं मिली। मांग पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी उदय वीर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
बच्चे की मौत मामले में छह माह बाद बिल्डर गिरफ्तार
चेतगंज थाना क्षेत्र के मंसाराम फाटक स्थित अपूर्वा अपार्टमेंट की छत से गिरकर बच्चे की मौत मामले में पुलिस ने आरोपी बिल्डर नूर आलम को छह माह बाद बुधवार को छोटी पियरी से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी चौक थाना क्षेत्र के हड़हा नावेद काम्प्लेक्स निवासी नूर आलम के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट भी जारी किया था।
वाराणसी कमिश्नरेट में डायल-112 में हेड कांस्टेबल सोनभद्र के दुद्धी निवासी कमलेश यादव मंसाराम फाटक स्थित अपूर्वा अपार्टमेंट में पांचवी मंजिल में फ्लैट पर किराये पर रहते थे। 18 फरवरी को कमलेश का नौ साल का बेटा अभिनव यादव पतंग लेकर छत पर चला गया। इस बीच छत पर पीछे की तरफ वेंटिलेशन के लिए छोड़े गए दो फीट की जगह में अभिनव का पैर चला गया और वह छठवीं मंजिल की छत से फर्श पर आ गिरा।
घटनास्थल पर ही अभिनव की मौत हो गई। पिता कमलेश ने बिल्डर नूर आलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। थाना प्रभारी चेतगंज दिलीप मिश्रा ने बताया कि वांछित नूर आलम को गिरफ्तार किया गया।
दुकान मालिक और दुकानदार में विवाद
लंका थाना क्षेत्र के नगवा पुलिस चौकी के सामने दुकान कटरा मालिक विजय मौर्य और आभूषण विक्रेता सर्राफ तारा सेठ में बुधवार को विवाद हो गया। मामला पहले से कोर्ट में है। दुकान के पीछे की दीवार में दरवाजा लगा देख सर्राफ और उसके परिजन विरोध शुरू कर दिए। कटरा मालिक की तरफ से आए अधिवक्ताओं और तारा की बेटी में कहासुनी हो गई। हंगामे की स्थिति पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष को लेकर थाने पहुंची।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर महिला की तीन बीघा जमीन हड़पी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोइरीपुर खुर्द में महिला का आयुष्मान कार्ड बनाने के बहाने कीमती जमीन का बैनामा करा लिया। बुधवार को पुलिस आयुक्त से गुहार लगाने के बाद पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
विमला देवी का आरोप है कि पड़ोसी संजय सिंह ने आयुष्मान कार्ड बनवाने का झांसा देकर एक वर्ष पूर्व 29 अगस्त को उप निबंधक कार्यालय पिंडरा ले जाकर जमीन की रजिस्ट्री करा ली। 16 नवंबर 2023 को उप निबंधक कार्यालय ले जाकर सारे दस्तावेज पर अंगूठा लगवा लिया। संजय ने सहयोगियों शिवम कुमार पांडेय, अमित कुमार पांडेय, प्रशांत सिंह के साथ मिलकर धोखाधड़ी की।
प्राथमिक विद्यालय में दूसरी बार चोरी
रोहनिया थाना क्षेत्र के घमहापुर के प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार रात चोरी हो गई। रसोई घर का ताला तोड़कर बर्तन आदि सामान चोर ले गए। प्रधानाध्यापक रामचंद्र प्रसाद ने प्रधान श्री नाथ पटेल को चोरी की जानकारी दी। प्रधानाध्यापक ने बताया कि यह दूसरी बार घटना हुई है।
युवक ने फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की
लोहता थाना क्षेत्र के हरपालपुर बुनकर ऑफिस के पास बुधवार को एक युवक ने फंदे पर लटककर जान देने का प्रयास किया। परिजनों ने उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि ने प्रेम संबंध में फंदा लगाने की बात सामन आई है। हरपालपुर के राहुल (32) की शादी डेढ़ वर्ष पहले जया चौबे से हुई है।
आरोप है कि राहुल का पड़ोस में ही किसी युवती से प्रेम संबंध है। इस बात को लेकर पति और पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता है। सुबह 10 बजे परिजनों ने देखा कि राहुल कमरे में पंखे की कुंडी में रस्सी के सहारे लटका हुआ है। खिड़की तोड़कर परिजनों ने राहुल को नीचे उतारा और अस्पताल भिजवाया।
दो फर्जी जमानतदार गिरफ्तार
लोहता थाना क्षेत्र के दो फर्जी जमानतदारों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। बुधवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। दोनों की पहचान धमरिया निवासी सकील और अली हुसैन के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि धोखाधड़ी के मुकदमे में अंकित भारद्वाज जेल में बंद था। धमरिया के इकबाल और अब्दुल इस्लाम ने उसकी जमानत के लिए सकील अहमद व अली हुसैन को तैयार कराया।
सकील और अली ने फर्जीवाड़ा कर अपने आधार कार्ड में फोटो और पता गलत दर्ज कराया। न्यायालय में जमानत के लिए अर्जी दी। जमानत अर्जी की तस्दीक में कस्बा इंचार्ज अनुज शुक्ला ने आधार कार्ड में फोटो और पता गलत पाया। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
दूसरी महिला संग पति को पकड़ा, मुकदमा दर्ज
पिंडरा थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव की महिला के साथ पति को आपत्तिजनक हालत में देख पत्नी ने विरोध किया तो पति ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने होमगार्ड पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि बीती रात 8 बजे शक के आधार पर पति का पीछा किया। खेत में पहुंचने पर पति महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में था। विरोध किया तो पिटाई की और मुंह बंद रखने को कहा। आरोप है कि वह रोज उससे मारपीट करता था।
टक्कर के बाद पलटी पिकअप, मजदूर घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र के सुरही अंडरपास के पास बुधवार दोपहर खड़े पिकअप में दूसरी पिकअप ने टक्कर मार दी। इस दौरान अनियंत्रित होकर पिकअप पलट गया। हादसे में पिकअप सवार 10 मजदूर घायल हो गए। वाराणसी-जौनपुर फोरलेन पर सुरही अंडरपास के पास बाबतपुर से गैस सिलिंडर लेकर जौनपुर की तरफ जा रही पिकअप का तेल खत्म होने पर वह सड़क किनारे खड़ा था।
पीछे से मजदूरों को लेकर आ रहे पिकअप ने टक्कर मारी दी। पिकअप चालक मंशु, धीरज, प्रकाश समेत 10 मजदूर घायल हो गए। घायलों को पीएचसी पिंडरा भिजवाया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण कुमार ने बताया कि मंश, धीरज और प्रकाश को गंभीर चोट है। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। मजदूर सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर वनवासी बस्ती के हैं।
आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाली बच्ची के साथ छेड़खानी
जंसा थाना क्षेत्र के एक गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर बुधवार को डेढ़ वर्ष की बच्ची के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पिता की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। पिता ने बताया कि बच्ची पढ़ाई के बाद घर लौट रही थी। इस बीच गांव के रहने वाले आरोपी ने बच्ची के साथ छेड़खानी की।
बच्ची के रोने पर आंगनबाड़ी केंद्र की मैडम पहुंची तो आरोपी ने उन्हें गाली दी और बच्ची को जान से मारने का धमकी देकर फरार हो गया। जंसा थानाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
ऐढ़े में मिली 30 बीघा सरकारी संपत्ति, बाउंड्री कराई
ऐढ़े में चिह्नित सरकारी जमीन का बुधवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने निरीक्षण किया। कुल 30 बीघा सरकारी संपत्ति मिली और लगभग 4 बीघे की बाउंड्री कराई गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौके पर पिलर और बोर्ड लगाए जाएं। उन पर पेंट भी कराएं। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव मौजूद रहे।
लाचारी का फायदा उठाते हैं असामाजिक तत्व, रहें सतर्क
असामाजिक तत्व आप की मजबूरी और लाचारी का फायदा उठाकर बच्चों व महिलाओं को जाल में फंसाकर उन्हें बाल श्रम, बाल विवाह, बाल यौन शोषण व मानव अंगों के व्यापार के लिए शिकार बना सकते हैं। यह बातें एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग व विशेष किशोर पुलिस इकाई वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने पुराना पुल में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान कहीं।
डॉ. शंभुनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन की ओर से वरुणा नदी के बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए शीतला माता मंदिर परिसर में कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल महिला सीमा गौतम ने मिशन शक्ति पर महिलाओं से चर्चा की। महासचिव राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अमरपुर शैलपुत्री क्षेत्र के 40 परिवारों को राहत सामग्री दी गई। कार्यक्रम में शीतला जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाचार्य रजत शर्मा और संयोजन प्रबंधक दीक्षा सिंह रहीं।
पीएम से कैंसर इलाज के लिए मांगी मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय गुरुधाम में बुधवार को विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं को सुनी। उन्होंने समस्याओं को मौके पर ही अधिकारियों से वार्ता कर समाधान कराया। कुछ की समस्याओं को अधिकारियों को अग्रसारित किया। गंगानगर कॉलोनी छित्तूपुर के आनंद वर्मा ने गली में सीवर के पानी निकालने, छोटी गैबी के विष्णु यादव ने कैंसर रोग के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग की।
52 शिक्षकों के एक दिन का वेतन रोका
परिषदीय विद्यालयों के 52 शिक्षकों का एक दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक के निर्देशन में गठित टास्क टीम ने जुलाई और अगस्त महीने में जिले के परिषदीय विद्यालयों में निरीक्षण किया था। इसी क्रम में गैर हाजिर मिले शिक्षकों, अनुदेशकों व शिक्षामित्रों का वेतन और मानदेय रोकने का आदेश दिया गया है। इसमें सभी ब्लॉकों के विद्यालयों के शिक्षक, अनुदेशक व शिक्षामित्र शामिल हैं।
कैंप में विधायक ने सुनी लोगों की समस्या
विकास प्राधिकरण सेवा सप्ताह के चौथे दिन बुधवार को कंदवा में कैंप लगाकर जनता की शिकायतों का निस्तारण किया गया। मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक सुनील पटेल, विशिष्ट अतिथि विधायक नील रतन पटेल ने समस्या सुनी। कार्यक्रम की शुरुआत पार्क में पौधा रोपण के साथ हुई।
कैंप में प्राधिकरण के संपत्ति, नियोजन, निर्माण, मानचित्र एवं भवन अनुभाग द्वारा जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया। जनता को प्राधिकरण की रिक्त संपत्तियों के बारे में भी जानकारी दी गई। 3 शमन मानचित्र का निस्तारण किया गया। साथ ही 43 नोटिस प्रकरणों की सुनवाई हुई और 13 शमन मानचित्र दाखिल कराए गये। कैंप में कुल 312 लोगों शामिल हुए।
द कलर ऑफ सोल में दिखे जीवन के हर पहलू के रंग
बीएचयू के भारत कला भवन में लगी कला प्रदर्शनी में कलाकार प्रशांत राय ने अपने चित्रों के माध्यम से जीवन के हर पहलू को दर्शाया। करीब 30 कृतियां इस प्रदर्शनी में लगाई हैं। सेंट्रीपेटल: द कलर ऑफ सोल की थीम पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. मंजुला चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान प्रदर्शनी के कैटलॉग का विमोचन प्रो. मदन लाल, प्रो. सरोज रानी, डॉ. जसमिंदर कौर, डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने किया। प्रदर्शनी 31 अगस्त की शाम 4.30 बजे तक खुली रहेगी।
नवीन आईसीटी मूल्यांकन उपकरण शिक्षा में ला रहे हैं क्रांति
काशी विद्यापीठ के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार को पुनश्चर्या कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रथम सत्र में मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के डॉ. इंद्रजीत दत्त ने बताया कि नवीन आईसीटी मूल्यांकन उपकरण वास्तविक समय की प्रतिक्रिया और व्यक्तिगत शिक्षण अनुभव प्रदान करके शिक्षा में क्रांति ला रहे हैं।
ये प्रौद्योगिकी शिक्षकों को छात्रों की प्रगति में अधिक कुशलता से ट्रैक करने के साथ व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुसार निर्देश तैयार करने, समग्र शिक्षण परिणामों को बढ़ाने और अधिक अनुकूल व उत्तरदायी शैक्षिक वातावरण को बढ़ावा देने में सक्षम बनाती है। प्रो. हेमंत खंडई ने भी विचार रखे। केंद्र के निदेशक प्रो. सुरेंद्र राम ने स्वागत किया। संचालन प्रो. रमाकांत सिंह, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दीप लता और तकनीकी सहयोग विनय सिंह ने किया।
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में गाजीपुर के राजकुमार पाल और उत्तम सिंह का चयन
पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले गाजीपुर के ओलंपियन राजकुमार पाल और जूनियर हॉकी टीम के कप्तान उत्तम सिंह का चयन भारतीय पुरुष हॉकी टीम में हुआ है। दोनों आठ सितंबर से शुरू हो रहे प्रतियोगिता में खेलेंगे। दोनों खिलाड़ियों के टीम में चयन से हॉकी प्रेमियों में हर्ष है।
राजकुमार पाल और उत्तम गाजीपुर के करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम में खेलते हैं। अभी तक राजकुमार ही भारतीय हॉकी टीम में खेल रहे थे। अब उत्तम को भी मौका मिला है। इससे पूर्वांचल के खिलाड़ियों का दबदबा और बढ़ेगा। हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम आठ सितंबर को चीन के खिलाफ पहला मैच खेलेगी। इसके बाद जापान से नौ सितंबर, मलेशिया से 11 सितंबर, कोरिया से 12 सितंबर और पाकिस्तान से 14 सितंबर को खेलेगी। फाइनल मुकाबला 17 सितंबर को होगा।
गंजारी में बनेगा सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय
गंजारी में एक लाख स्क्वायर फुट जमीन पर सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय बनेगा। बुधवार को ट्रस्ट की ओर से भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। यहां मोतियाबिंद और आईओएल विभाग, बाल नेत्र विभाग, रेटिना विभाग, कार्निया, ग्लूकोमा, ओकुलोप्लास्टी विभाग, आई बैंक और नेत्र सर्जरी समेत अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। भूमि पूजन सदगुरू सेवा संघ ट्रस्ट के अध्यक्ष विशद भाई मफतलाल और उनकी पत्नी रूपल बहन मफत लाल, ऊषा जैन, ईलेश जैन और मौसम जैन ने किया।
एंटी रैगिंग कमेटी के संयोजक होंगे छात्र कल्याण संकाय के अध्यक्ष
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में एंटी रैगिंग कमेटी का पुनर्गठन बुधवार को किया गया। कुलपति प्रो. एके त्यागी के आदेशानुसार विश्वविद्यालय परिसर के लिए एंटी रैगिंग कमेटी के संयोजक छात्र कल्याण संकाय के अध्यक्ष होंगे। प्रो. नलिनी श्याम कामिल को सह-संयोजक बनाया गया।
वहीं, प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह, प्रो. पितांबर दास, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि अपर जिलाधिकारी (नगर), पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि पुलिस उपायुक्त और बीएचयू के संस्कृत विभाग के प्रो. बृजभूषण ओझा को सदस्य बनाया गया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि कुलपति द्वारा नामित विश्वविद्यालय की शोध छात्रा कीर्ति राय और छात्र प्रमोद मौर्य को छात्र प्रतिनिधि के रूप में सदस्य बनाया गया है।
प्रथम ओपन पूमसे ताइक्वांडो प्रतियोगिता गुरुवार को
राष्ट्रीय खेल दिवस पर केराकतपुर स्थित एक स्कूल में गुरुवार को प्रथम ओपन पूमसे ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों को सुबह 8ः30 बजे स्कूल परिसर में उपस्थित होना होगा। प्रतियोगिता के बाद विजेताओं को पदक और सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
बीएचयू के प्रो. बीके शर्मा को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के माइकोलॉजी और प्लांट पैथोलॉजी विभाग के प्रो. बिरंची कुमार शर्मा को राष्ट्रीय पुरस्कार 2024 के लिए चुना गया है। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर विज्ञान भवन, नई दिल्ली में पुरस्कृत किया जाएगा। प्रो. शर्मा का चयन शैक्षणिक, अनुसंधान, नवाचार और आउटरीच गतिविधियों के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए किया गया है।
प्रो. शर्मा बीएचयू बौद्धिक संपदा अधिकार और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण सेल के समन्वयक और कृषि संस्थान के छात्र नेतृत्व और जीवन कौशल विकास पहल समिति के अध्यक्ष भी है। हाल ही में उन्हें राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी नई दिल्ली का फेलो भी चुना गया है।
एनएसयूआई ने फूंका कंगना रनौत का पुतला, की नारेबाजी
हिमाचल के मंडी सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान पर काशी में भी आक्रोश है। बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर के प्रवेश द्वार पर एनएसयूआई ने कंगना का पुतला फूंककर विरोध जताया।
एनएसयूआई कार्यकर्ता गौतम शर्मा ने कहा कि अगर कंगना रनौत किसानों से माफी नहीं मांगती हैं, तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। भाजपा जल्द से जल्द कंगना रनौत की सदस्यता खत्म करे, नहीं तो आंदोलन उग्र होगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय, महानगर अध्यक्ष संदीप पाल, रविंद्र सिंह पटेल, अंगद पटेल, रोहित मौजूद रहे।