वाराणसी: पार्किंग को लेकर दुकानदारों व बरातियों में मारपीट, पुलिस ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
लहरतारा-मंडुवाडीह मार्ग स्थित शिवदासपुर में एक लॉन के बाहर बृहस्पतिवार रात दुकानदारों और बरातियों में मारपीट हो गई। रास्ते से गुजर रहे कैंट विधायक ने घटना की सूचना पर मंडुवाडीह पुलिस को दी।
विस्तार
वाराणसी में लहरतारा-मंडुवाडीह मार्ग स्थित शिवदासपुर में एक लॉन के बाहर बृहस्पतिवार रात दुकानदारों और बरातियों में पार्किंग के विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इस दौरान आरोप है कि बरातियों ने दुकानदार सोनू के घर में घुसकर मारपीट की। रास्ते से गुजर रहे कैंट विधायक ने घटना की सूचना पर मंडुवाडीह पुलिस को दी। वहीं घायल को पुलिस ने चिकित्सालय में भर्ती कराया। मामले की जांच में पुलिस कर रही है।
तुलसीपुर निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी में आए घराती और बराती पक्ष के लोग लॉन में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय निवासी सोनू गुप्ता के आवास परिसर में गाड़ी खड़ी करने लगे। रास्ता अवरुद्ध होने पर सोनू ने ऐतराज जताया और गाड़ी खड़ी करने से मना किया। आरोप है कि विवाह समारोह में आए आठ से अधिक की संख्या में लोगों ने सोनू के घर में घुसकर पिटाई कर दी। हमले में सोनू का सिर फूट गया। घटना से नाराज आसपास के लोग लामबंद हुए तो मामला बढ़ गया।
विधायक सौरभ ने पुलिस को दी जानकारी
उधर से गुजर रहे विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी मंडुवाडीह पुलिस को दी। थानाध्यक्ष परशुराम त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और घायल सोनू को मेडिकल के लिए भेजवाया। इस संबंध में कैंट एसीपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शीला देवी की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी के आधार पर दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बगैर पार्किंग के संचालित हो रहा लॉन
मंडुवाडीह थाना अंतर्गत अधिकतर लॉन बगैर पार्किंग के संचालित हो रहा है। यही वजह है कि वैवाहिक सीजन के दौरान पार्किंग को लेकर विवाद होता रहता है। वहीं सड़क पर गाड़ियों के खड़ी होने से जाम भी लगता है।