UP : पूजा की मौत के मामले में नया खुलासा, प्रेमी के प्रति प्यार देख मंगेतर ने जताई थी मेरठ ड्रम कांड की आशंका
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि प्रेमी को कोर्ट से नोटिस दिया जा चुका है। उसने पुलिस टीम को पूजा से संबंधित कई जानकारियां दी हैं।
विस्तार
बलिया के नगरा थाना के सरयां गुलाब राय निवासी पूजा चौहान की मौत के मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है। मंगेतर रामदुलार को पूजा और उसके गांव के निवासी एक सैन्यकर्मी के बीच प्रेम संबंध की जानकारी थी। उसने पूजा पर प्रेमी को छोड़ने का दबाव बनाया। पुलिस के अनुसार फोन पर पूजा ने शादी के बाद भी प्रेमी को न छोड़ने की बात कही थी। इस पर रामदुलार ने मेरठ के चर्चित मुस्कन ड्रम हत्याकांड जैसी आशंका जताई थी। अनहोनी के डर से रामदुलार ने पूजा का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।
उक्त जानकारी देते हुए एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि शायद रामदुलार को अंदेशा नहीं था कि पूजा सही में आत्महत्या कर लेगी। ये भी बताया कि घटना से पहले पूजा ने सैन्यकर्मी से भी वीडियो कॉल पर बात की थी। घर में लगे पंखे को दिखाकर शादी न करने पर आत्महत्या की धमकी दी थी। प्रेमी पर दबाव बना रही थी। प्रेमी सैन्यकर्मी इसका विरोध करते हुए रामदुलार से ही शादी करने के लिए कह रहा था। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद न मानने पर उसने पूजा का मोबाइल नंबर ब्लाॅक कर दिया। इसके बाद पूजा अपने प्रेमी के दोस्त लालू को काॅफ्रेंसिंग पर लेकर उससे बात करती थी।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि प्रेमी को कोर्ट से नोटिस दिया जा चुका है। उसने पुलिस टीम को पूजा से संबंधित कई जानकारियां दी हैं। इसमें आत्महत्या से पहले की वीडियो काॅलिंग के दौरान आत्महत्या की धमकी देना भी है। एसपी ने बताया कि प्रेमी गुलाब चौहान ने पांच अप्रैल तक हाजिर होने के लिए बोला है। उसका इंतजार किया जा रहा है। अब उससे एसआईटी टीम पूछताछ करेगी।
पढ़ें -मनरेगा फर्जीवाड़ा मामला: जांच में एक बीडीओ और चार सचिव दोषी पाए गए, आठ लोगों पर दर्ज होगा केस