वाराणसी में 12 घंटे में सुलझेंगी सीवर-सड़क की समस्या : मेयर ने विभागों को दिए निर्देश, इस बात पर जताई नाराजगी
वाराणसी में बुनियादी सुविधाओं और पब्लिक की समस्याओं को लेकर मेयर अशोक कुमार तिवारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल के लिए सर्वे का कार्य दो दिन में पूर्ण करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने निगम के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। मेयर ने साफ कहा कि 12 घंटे में सीवर, सफाई और स्ट्रीट लाइट की मरम्मत हर हाल में कराएं। भेलूपुर जोन में 54 हजार क्यूआर कोड में से मात्र 3 हजार क्यूआर कोड के मिलान पर मेयर ने नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि सभी जोनल अधिकारी वाराणसी वेस्ट साल्यूशंन के प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज भाटी के कर्मचारियों के साथ 27 नवंबर तक सभी क्यूआर कोड का मिलान कराएं। इस काम में देरी पर कार्रवाई होगी। बैठक में मेयर ने 18 वार्डों में जर्जर सीवर लाइन को बदलने के बारे में पूछा। जिस पर जल निगम की ओर से बताया गया कि 3 वार्ड में सर्वे पूरा हो गया है। बाकी वार्डों में सीवर लाइन के सर्वे के लिए किसी योग्य संस्था का चयन शीघ्र किया जाएगा।
वार्डों में लगने वाले ट्यूबवेल के लिए दो दिनों के भीतर सर्वे कराने को कहा। साथ ही आवश्यकतानुसार ट्यूबवेल का प्रस्ताव प्रस्तुत करें। इसमें क्षेत्रीय पार्षदों का भी सहयोग लिया जाए। सीवर समस्या की शिकायतों का समाधान 12 घंटे में करें। महाप्रबंधक जलकल से कहा कि कितने कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है। कितने कार्य प्रगति पर हैं। कितने कार्य शुरू नहीं हुए और कितने कार्य कब शुरू होगें। इसकी सूची तत्काल तैयार कर प्रस्तुत करें। बैठक में नए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी से परिचय कराया।
सभी निधियों के स्वीकृत कार्यों का कराएं स्थलीय निरीक्षण
पार्षद कोटा में कुल 656 कार्य स्वीकृत किए गए थे। इसमें से 231 कार्य पूर्ण कर लिए गए। शेष 273 कार्य शुरू नहीं हुए हैं। इस संबंध में मुख्य अभियंता को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह में सभी कार्य पूर्ण कराएं। सभी निधियों में स्वीकृत कार्यों की प्रगति विधानसभावार तैयार कर स्थलीय निरीक्षण कराएं। साथ ही सीएम ग्रिड योजना का कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराएं। मेयर ने दुर्गाकुंड एवं शंकुलधारा तालाब के पानी एवं सिल्ट निकासी की कार्रवाई 15 दिनों में कराने का निर्देश दिया।
निगम की गाड़ियों का कंप्यूटराइज्ड डेटा तैयार कराएं
निर्देश दिया कि खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत 12 घंटे में कराएं। साथ ही देव दीपावली पर लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था करने पर बधाई दी। नगर निगम की गाड़ियों का कंप्यूटराइज्ड डेटा तैयार कराने के निर्देश दिए।
बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई करें तेज
पशु विभाग बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई तेज करें। पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि एक दिन में 20 से 25 बंदरों को पकड़ा जा रहा है। साथ नगर निगम से संचालित गोशालाओं छितौनी एवं शहंशाहपुर में गौवंशों से प्रतिदिन 4000 किलो निकलने वाले गोबरों के निस्तारण/ रियूज एवं विक्रय के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।
नवविस्तारित इलाकों के तालाबों में मछली पालन का तैयार होगा प्रस्ताव
राजस्व विभाग ने बताया कि लालपुर मीरापुर बसहीं में 16 बीघा, ककरमत्ता में 4 बीघा, पहड़िया में 4 बीघा, नुआंव में 3 बीघा, सरायमोहाना में 2 बीघा, बेदौली में 4 बीघा, चितईपुर में 4 बीघा तथा पहाड़पुर में 2 बीघा भूमि चिह्नित कर कब्जे की कार्यवाही प्रगति पर है। मेयर ने कहा कि नव विस्तारित क्षेत्रों के तालाबों में गुणवत्तापूर्ण मत्स्य पालन कर विक्रय करने का प्रस्ताव तैयार कर अगली कार्यकारिणी की बैठक में रखा जाए।
बैठक में ये रहे शामिल
बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य, विनय कुमार गुप्ता, सविता यादव, मुख्य अभियंता मोईनुद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, सहायक नगर आयुक्त मनोज कुमार तिवारी, अनिल यादव, अधिशासी अभियंता अजय कुमार सक्सेना, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, सचिव सचिव जलकल ओपी सिंह आदि शामिल रहे।