काम की खबर: डाकघर से बैंक खाते में पैसा भेजना हुआ आसान, चेक देने से भी मिलेगा छुटकारा
डाकघर के बचत खाताधारक अब अपने डाक खाते की धनराशि को बैंक खाते में ईसीएस के माध्यम से आसानी से भेज सकेंगे। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अब डाकघर बचत योजनाओं में जमा राशि के भुगतान के लिए चेक नहीं दिया जाएगा।
विस्तार
डाकघर के बचत खाताधारक अब अपने डाक खाते की धनराशि को बैंक खाते में इलेक्ट्रानिक क्लीयरिंग सर्विस (ईसीएस) के माध्यम से आसानी से भेज सकेंगे। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अब डाकघर बचत योजनाओं में जमा राशि के भुगतान के लिए चेक नहीं दिया जाएगा। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इस सेवा का लाभ लेने के लिए भुगतान प्राप्ति के समय खाताधरक को निकासी पर्ची के साथ कैंसल चेक या बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति काउंटर पर पर देनी होगी।
डाकघर लघु बचत योजनाओं जैसे आवर्ती जमा (आरडी), सावधि जमा (टीडी), मासिक जमा योजना (एमआईएस), लोक भविष्य निधि (पीपीएफ), किसान विकास पत्र (केवीपी), राष्ट्रीय बचत पत्र (एनएससी) व सुकन्या समृद्धि योजना के खाताधारक अपने इन खातों को बंद करने के बाद मिलने वाली धनराशि को सीधे अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करा सकेंगे।
विशेष परिस्थितियों में ही चेक से भुगतान
उन्होंने बताया, जो लोग बैंक स्थित बचत खातों से भुगतान न प्राप्त कर डाकघर से ही भुगतान प्राप्त करना चाहते हैं वह पहले से चले आ रहे नियम के तहत ही खाते में धनराशि ट्रांसफार्मर करा सकते हैं। अब केवल विशेष परिस्थितियों में ही डाकघर अपने ग्राहकों को चेक से भुगतान करेगा।
डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भी जनकल्याणकारी योजनाओं की रकम प्राप्त की जा सकती है। सभी डाकघरों के लिए केवल एक ही आईएफएससी कोड रहेगा।