Savan 2024: दुरुस्त होंगे कांवड़ियों वाले रूट, हटेंगे कब्जे, मेयर और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण; दी हिदायत
Varanasi News: सावन माह को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों तेज हो गईं। कांवड़ मार्गों को चमकाने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में महापौर और नगर आयुक्त ने इन मार्गों का निरीक्षण किया। दिक्कतों को सुधार करने का निर्देश दिया गया है।
विस्तार
सावन में कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रख मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कांवरिया रूट का निरीक्षण किया। मेयर ने सड़कों को ठीक करने और पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग के धर्मशालाओं से कब्जा हटवाने के निर्देश दिए।
मेयर और नगर आयुक्त ने शिवपुर के अष्टभुजा मंदिर की खराब सड़क को बनवाने के लिए पीडब्ल्यूडी को हिदायत दी। तालाब की जमीन पर मंदिर के पुजारी की ओर से अवैध कब्जे को हटाकर पाटने की जिम्मेदारी राजस्व विभाग को दी।
रामलीला मंदिर धर्मशाला परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से लगाई गई स्ट्रीट लाइटों को क्रियाशील करने की जिम्मेदारी आलोक विभाग को दी। साथ ही इसे नगर निगम को हैंडओवर करने के लिए पर्यटन विभाग को पत्र भेजा गया है। साथ ही दूसरे धर्मशाला के अधूरे कार्यों को पूरा करने की हिदायत दी।
मेयर ने कहा कि यहां बने शौचालय का निर्माण वीडीए ने किया है, इसे निगम को हैंडओवर नहीं करने से रखरखाव और साफ सफाई में दिक्कत आ रही है। इसका दोषारोपण नगर निगम पर किया जा रहा है। ऐसे में वीडीए से कहा कि शौचालय निगम को हैंडओवर करें।
अष्टभुजा और रामलीला मंदिर धर्मशाला परिसर में लगे पंखों को दुरुस्त करने को कहा। दो वाटर टैंकर, दो मोबाइल टॉयलेट की जिम्मेदारी जलकल को दी गई। कई जगहों पर धंसी इंटरलाकिंग को ठीक कराने की जिम्मेदारी मुख्य अभियंता को दी। शिवपुर थाना के बोर्ड के पास टूटी पाइपें हटाने को कहा। हेयर कटिंग दुकान की ओर से कराए गए अतिक्रमण को हटाने की जिम्मेदारी राजस्व विभाग को दी गई।
पांचों पांडवा मंदिर से सटी अवैध दुकानें हटेंगी
पांचों पांडवा मंदिर परिसर से सटकर अवैध दुकानों को हटवाने को कहा। जमुना सेवा सदन हॉस्पिटल के पास मलबे की वजह सेतीन चार गलियों की पिट बैठ गई है। इसे ठीक कराने की जिम्मेदारी जलकल को दी। परमानंदपुर के मोड़ से आगे तक उखाड़े गई इंटरलाकिंग को ठीक कराने को कहा। शिवपुर के लालजी कुआं से जाने वाले पंचक्रोशी मार्ग को ठीक कराने को कहा।
पूर्व पार्षद ने जमीन पर किया कब्जा
मेयर और नगर आयुक्त को निरीक्षण के दौरान सारंग चौराहे पर नाले में कूड़ा कचरा हटाने की जिम्मेदारी मुख्य अभियंता को दी गई। सोना तालाब के पास पूर्व पार्षद दूध नाथ राजभर की ओर से किए कब्जे को हटवाने की जिम्मेदारी राजस्व विभाग को दी गई।
सारंगनाथ चौराहे के पास तालाब के पास पैमाइश कर अतिक्रमण हटवाने की जिम्मेदारी दी। मौके पर दाऊ उर्फ कल्लू ने तालाब की जमीन बताई। यहां धर्मशाला भवन में अवैध कब्जा कर सर्विसिंग और पेंटिंग की दुकान खुली है, जिसे हटवाने को कहा गया। कपिलधारा तालाब और धर्मशाला के पास वॉटर सप्लाई की टैंकर, मोबाइल टॉयलेट और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी दी गई। शौचालय और यूरिनल की मरम्मत कराने को कहा।