सनातन बोर्ड : काशी होगा देश का सबसे बड़ा केंद्र, जुड़ने लगे तीर्थ पुरोहित और महंत; केंद्र सरकार से की ये मांग
Varanasi News : सनातन बोर्ड के निर्माण को लेकर काशी का संत समाज एकजुट होने लगा है। मंदिर के महंतों ने भी इसके लिए अपने-अपने विचार जारी कर दिए हैं। कहा है कि हमको सनातन बोर्ड चाहिए,अमरनाथ , कैलाश मानसरोवर यात्रा और वैष्णो देवी यात्रा पर भी सब्सिडी मिलनी चाहिए।
विस्तार
सनातन बोर्ड के निर्माण में काशी देश में सबसे बड़ा केंद्र होगा। देवकीनंदन ठाकुर के आह्वान के बाद काशी के तीर्थ पुरोहित और मंदिरों के महंतों ने भी सनातन बोर्ड के लिए एकजुट होना शुरू कर दिया है।
काशी के विद्वानों ने भी सनातन बोर्ड के निर्माण की मांग करते हुए वक्फ बोर्ड पर भी सवाल उठाए हैं। काशी के 12 से अधिक मंदिरों के महंत के साथ ही काशी के तीर्थ पुरोहितों ने भी सनातन बोर्ड की मांग को समर्थन दिया है।
काशी के शक्तिपीठ मां विशालाक्षी मंदिर के महंत पं. राजनाथ तिवारी का कहना है कि सनातन धर्म की पुनर्स्थापना और सशक्त बनाने के लिए सनातन बोर्ड जरूरी है। अखिल भारतीय महाराष्ट्र तीर्थ पुरोहित संघ के संचालक श्रीनिवास देव ने कहा आज सनातन बोर्ड की आवश्यकता हर सनातनी के लिए है।
वक्फ बोर्ड तो है, लेकिन सनातनियों के लिए कोई बोर्ड नहीं है। राज्य और केंद्र सरकार को मंदिरों से सबसे अधिक आय होती है और इससे कई सारी सब्सिडी भी हर वर्ग को मिलती है। हमको सनातन बोर्ड चाहिए,अमरनाथ , कैलाश मानसरोवर यात्रा और वैष्णो देवी यात्रा पर भी सब्सिडी मिलनी चाहिए।
मंगला गौरी मंदिर के महंत व तीर्थ पुरोहित नरेंद्र पांडेय ने कहा कि सनातन बोर्ड का हम पूरी तरह से समर्थन करते हैं। आज जो सनातन धर्म में विकृतियां आ चुकी हैं और सनातनियों के साथ जो अत्याचार हो रहे हैं उसको रोकने के लिए सनातन बोर्ड का निर्माण जल्द से जल्द होना चाहिए।
बिंदु माधव मंदिर के अर्चक आचार्य मुरलीधर गणेश पटवर्धन का कहना है कि देवकीनंदन ठाकुर ने जो सनातन बोर्ड निर्माण की मांग उठाई वह स्वागत योग्य है। ज्योतिषाचार्य डॉ. रविकांत तिवारी ने सनातन बोर्ड की मांग का समर्थन करते हैं।
सनातन बोर्ड के लिए हर स्तर पर उठाएं आवाज
देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने काशीवासियों से सनातन बोर्ड के लिए हर स्तर पर आवाज उठाने का आह्वान किया। कहा कि सनातन पर संकट के समय जो मौन है, वे भी उतने ही बड़े अपराधी हैं। आजादी के बाद जब वक्फ बोर्ड बन सकता है तो सनातन बोर्ड क्यों नही बन सकता। यदि जनप्रतिनिधियों से सनातन बोर्ड का जवाब मांगना शुरू कर दें तो अगले चुनाव से पहले ही यह स्वरूप ले लेगा। सनातन धर्म बोर्ड की मांग के समर्थन के लिए सनातन न्यास फाउंडेशन ने मिस्ड कॉल नंबर 9927300037 जारी किया है। कोई भी मिस्ड कॉल कर सकता है।