आजमगढ़ में बनेगा सपा का नया आवासीय कार्यालय, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई रजिस्ट्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के आजमगढ़ में सपा के बढ़ते कुनबे को देखते हुए काफी दिनों से एक बड़े कार्यालय की जरूरत महसूस की जा रही थी। सपा शासन काल में रिंग बांध के करीब जमीन का पूजन भी हुआ था लेकिन जमीन कम होने के कारण यहां पर कार्यालय के निर्माण को टाल दिया गया। अब पार्टी द्वारा अनवरगंज में 4374 वर्ग मीटर जमीन का बैनामा शुक्रवार को कराया गया। यहां पर सपा का नया आवासीय कार्यालय बनेगा। इसमें बाहर से आने वाले नेताओं के रहने की भी पर्याप्त व्यवस्था होगी।
यूपी की राजनीति का केंद्र बन चुके पूर्वांचल के आजमगढ़ में अब सपा का नया आवासीय कार्यालय बनने का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के नाम 4374 वर्ग मीटर भूमि का बैनामा कराया गया। भूमि बैनामे के दौरान सपा के विधायक, पूर्व मंत्री सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। जल्द ही कार्यालय का निर्माण शुरू कराया जाएगा। सपा नेताओं का कहना है कि अखिलेश यादव 2022 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में इसी कार्यालय से पूरे पूर्वांचल को साधने का काम करेंगे।
सपा मुखिया अखिलेश यादव 13 दिसंबर 2020 को आजमगढ़ भूमि बैनामे के सिलसिले में आए थे। 14 दिसंबर को वे रजिस्ट्रार से भी मिले थे लेकिन उस समय किन्हीं कारणों से भूमि का बैनामा नहीं हो पाया था। इसके बाद खरमास माह शुरू हो गया जिसके कारण बैनामे का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था। शुक्रवार को पूर्व मंत्री बलराम यादव के नेतृत्व में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक नफीस अहमद, बेचई सरोज, आलमबदी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव सहित दर्जनभर नेता रजिस्ट्रार कार्यालय सदर पहुंचे और भूमि का बैनामा कराया।
सपा कार्यालय के लिए जो जमीन खरीदी गई है वह मंदुरी हवाई पट्टी से महज छह किमी दूर है। साथ ही यह शहर से भी करीब है। जल्द ही कार्यालय के निर्माण की नींव डाली जाएगी। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने बताया कि अनवरगंज में लगभग 38 बिस्वा जमीन खरीदी गई है। इस जमीन पर आवासीय कार्यालय का निर्माण किया जाएगा। इसका निर्माण ऐसे किया जाएगा कि बाहर से आने वाले हमारे बड़े नेता यहां रूक सकेंगे। उप निबंधक सौरभ राय ने बताया कि करीब 52 लाख के राजस्व की प्राप्ति विभाग को हुई है जो इस वित्तीय वर्ष में एक क्रय पर सबसे ज्यादा हुई है।