वाराणसी में भीषण सड़क हादसा: दिवाली पर घर जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 4 महिलाओं की मौत, 19 घायल
पिकअप पर सवार लोग दिवाली पर्व मनाने के लिए बरेली से बिहार के दाउद नगर (औरंगाबाद) जा रहे थे। वाराणसी के डाफी में पिकअप पलट गई। हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई और 19 घायल हो गए।
विस्तार
छोटी दिपावली के दिन बुधवार अहले सुबह वाराणसी के डाफी क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ। एनएच-दो पर सत्कार होटल के समीप मजदूरों से भरी पिकअप पलट गई। हादसे में पिकअप सवार चार महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 19 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिकअप पर सवार लोग दिवाली पर्व मनाने के लिए बरेली से बिहार के दाउद नगर (औरंगाबाद) जा रहे थे।
पिकअप पर कुल नौ परिवारों के 25 लोग सवार थे। सभी रोजी-रोटी के लिए बरेली रहते थे। दिवाली और छठ पर्व मनाने के लिए किराए के पिकअप से अपने घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण पिकअप डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।
चीख-पुकार मची तो आसपास के लोग और राहगीर वहां पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची लंका थाने की पुलिस ने घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने चार महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
पढ़ेंः वाराणसी रिंग रोड फेज-2 पर हादसा: ट्रक और कंटेनर की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की मौत
19 घायलों का उपचार जारी है। चार लोगों की हालत गंभीर है। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। इधर, हादसे की वजह से डाफी में एनएच की एक एक लेन पर जाम की स्थिति हो गई।
मौके पर मौजूद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को क्रेन की मदद से हटवा कर आवागमन शुरू कराया। हादसे के शिकार लोगों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में काफी गहमागहमी है। पुलिस के कई उच्चाधिकारी अस्पताल पहुंचे हैं।
