Varanasi Accident: टहलने निकले पूर्व प्रधान के बेटे को एंबुलेंस ने मारी टक्कर, मौत; तीन घंटे तक सड़क जाम
Road Accident in Varanasi: सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर शिवपुर थाने की पुलिस पहुंच गई। हंगामा कर रहे लोगों को काफी मशक्कत के बाद समझाया गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विस्तार
Varanasi News: शिवपुर थाना क्षेत्र के भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के सामने शुक्रवार सुबह एंबुलेंस की टक्कर से भेलखा गांव के पूर्व प्रधान नंदलाल यादव के बेटे अनीश यादव उर्फ मोनू (30) की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने वाराणसी–बाबतपुर फोरलेन तीन घंटे तक जाम रखा। पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
नंदलाल की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। भेलखा निवासी अनीश जुड़वां भाई मनीष और मित्र आकाश राठौर के साथ रोज की तरह सुबह पांच बजे टहलने निकले। तरना ओवरब्रिज से टहलकर तीनों लौट रहे थे। भेल के दूसरे गेट के पास पीछे से तेज रफ्तार एंबुलेंस ने अनीश को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह डिवाइडर से टकराकर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आक्रोशित लोगों ने वाराणसी-बाबतपुर फोरलेन पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। एक लेन पूरा बाधित हो गया। शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 8 बजे ग्रामीण माने और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
दो साल पहले हुई थी शादी, आठ महीने की बेटी : अनीश की शादी दो साल पहले निशा यादव से हुई थी। दंपती को आठ महीने की बेटी नित्या है। हादसे की खबर मिलते ही गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं, रिश्तेदार और पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां परिजन रो-रोकर बेहाल थे। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि अनीश बेहद सरल, मिलनसार और मदद करने वाला युवक था।
फुटपाथ पर अवैध कब्जे को बताया दुर्घटना का कारण : लोगों ने आरोप लगाया कि भेल के आसपास फुटपाथ पर बाहरी लोगों ने चादर और मूंगफली की दुकानें लगाकर कब्जा कर रखा है, जिसके कारण पैदल यात्रियों को फुटपाथ की जगह हाईवे पर चलना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि फुटपाथ खाली होते तो हादसा नहीं होता। शिवपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने आश्वासन दिया कि फोरलेन पर फुटपाथ कब्जा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। एंबुलेंस चालक की तलाश की जा रही है। वह मौके से भाग निकला है।
