सड़क हादसाः विंध्याचल से बनारस आ रही कार गाय को बचाने में डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, दो घायल
वाराणशी के जंसा थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव निवासी बृजेश अपने साथी हरहुआ निवासी अवनीत और अवनीश के साथ कार से विंध्याचल दर्शन-पूजन करने के लिए गए थे। वापसी के क्रम में उनकी कार हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई।
विस्तार
विंध्याचल से वाराणसी की ओर आ रही तेज रफ्तार कार मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के तमाचाबाद स्थित नेशनल हाईवे पर पशु से टकराने के बाद पलट गई। रविवार तड़के हुए इस सड़क हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए।
जंसा थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव निवासी बृजेश सिंह अपने साथी मुर्दहा निवासी अवनीत सिंह और फूलपुर के कनकपुर निवासी अवनीश राय के संग अपनी स्विफ्ट कार से विंध्याचल मंदिर दर्शन को गए थे। रात में दर्शन कर सभी घर लौट रहे थे कि तमाचाबाद हाइवे पर पहुंचते ही अचानक एक गाय आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण इमरजेंसी ब्रेक लेने पर कार डिवाइडर से टकरा गई।
तेज आवाज के साथ कार के डिवाइडर में टकराने से घटनास्थल पर ही बृजेश सिंह की मौत हो गई। वहीं अन्य दोनों साथी लहूलुहान होकर अचेत हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने बृजेश को मृत घोषित कर दिया।
वहीं अन्य दोनों को घायलों को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन शव देखते ही बेसुध हो गए। पुलिस के मुताबिक बृजेश का पांच साल का एक बेटा है। बीते पंचायत चुनाव में बृजेश अराजीलाइन ब्लाक के सेक्टर नंबर तीन से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुका था।
खड़ी ट्रक में भिड़ी दर्शनार्थियों से भरी ऑटो, छह घायल
विंध्याचल से लौट रहे दर्शनार्थियों से भरी ऑटो रविवार तड़के डंगहरिया गांव के समीप हाइवे पर खड़ी ट्रक में जा भिड़ी। हादसे में आटो सवार छह लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया।
जैतपुरा थाना अंतर्गत औसानगंज निवासी राकेश सेठ अपने ऑटो से दोस्तों के संग मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन को विंध्याचल गए थे। रविवार की तड़के विंध्याचल से लौटते समय डंगहरिया के समीप हाइवे पर ऑटो चालक को झपकी आ गई और खड़ी ट्रक में आटो जा भिड़ी।
ऑटो चालक राकेश सेठ (35 वर्ष) व दोस्त मनीष भारती (26 वर्ष) राजीव ठठेरा (30 वर्ष) व गुड्डू भारतीय (26 वर्ष) समेत छह घायल हो गए। ऑटो चालक राकेश सेठ व मनीष भारती की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं ट्रक चालक मय वाहन सहित मौके से भाग निकला।