दबंगों का आतंक: गरीब परिवार पर हमला, घर में घुसकर महिलाओं और पुरुषों से मारपीट; वीडियो वायरल
Azamgarh News: जिले में घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। इसके साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के अचलीपुर गांव में दबंगों द्वारा एक गरीब परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब एक बजे गांव निवासी खुद्दन राजभर उर्फ बाल गोविंद राजभर ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग 8 से 10 बाहरी व्यक्तियों के साथ उनके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने घर में मौजूद परिवार के लोगों पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की।
पीड़ित परिवार के मुताबिक हमले में उनकी बहन शिवानी का हाथ कट गया तथा पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं भाई शिवा का सिर फट गया और उसका हाथ भी टूट गया। परिवार की एक अन्य सदस्य निशा को पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
घटना के बाद घायल परिजनों का उपचार कराया गया। इस बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कई लोग हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और केवल चार लोगों के खिलाफ हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। परिवार का कहना है कि वीडियो में कई अन्य लोग भी स्पष्ट रूप से हमले में शामिल दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि मुकदमे में गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएं तथा सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।