2000 का नोट लेने से इंकार: पेट्रोल पंप पर विवाद का वीडियो वायरल, दुकानदार भी कर रहे मना,LIC ऑफिस के बाहर नोटिस
एसबीआई की मुख्य शाखा, बैंक आफ बड़ौदा सहित अन्य बैंकों की शहरी व ग्रामीण शाखाओं में मंगलवार से दो हजार रुपये के नोट बदले जा सकेंगे।
विस्तार
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने भले ही दो हजार रुपये के नोटों को सितंबर अंत तक वापस लेने की मियाद तय की है, लेकिन इसका व्यापक असर अभी से बाजार में दिखने लगा है। तमाम पेट्रोल पंपों पर दो हजार रुपये का नोट नहीं लिए जा रहे हैं। कर्मी डीजल व पेट्रोल देने से इन्कार कर रहे हैं। विवाद व मारपीट की नौबत आ रही है। ठीक यही हाल तमाम दुकानों पर है।
यह भी पढ़ें- RS 2000 Note: वाराणसी में दो हजार रुपये के नोट से सोना खरीदने की होड़, कारोबारी काट रहे चांदी
आरबीआई की तय गाइडलाइन के तहत दो हजार रुपये के नोट बैंकों में जमा किए जा सकते हैं। बैंकों में मंगलवार से नोट बदले भी जाएंगे। इससे पहले ही विवाद होने लगा है। अकेलवा स्थित पेट्रोल पंप पर सोमवार कई बार विवाद हुआ। दरअसल, पेट्रोल पंप परिसर में दो हजार रुपये का नोट न लेने का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। इस पर लिखा गया कि विवाद न करें। जरूरत हो तो डायल 112 पर पुलिस से संपर्क करें। इसी पेट्रोल पंप पर ग्राहक व कर्मियों के बीच विवाद का वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें दिख रहा है कि पेट्रोल पंप कर्मी गुलाबी नोट न लेने पर अड़ा है। दुकानदार भी नोट नहीं ले रहे हैं। जो कोई गुलाबी नोट के साथ पहुंच रहा है, उससे फुटकर मांगकर वापस कर दे रहे हैं। यह नजारा लगभग हर छोटे-बड़े बाजार में देखने को मिला है। इसे लेकर ग्राहक व दुकानदारों में नोकझोंक भी हो रहा है।
एलआईसी में भी नोटिस चस्पा
एलआईसी की मलदहिया शाखा में भी दो हजार रुपये के नोट न लेने का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। गुलाबी नोट के साथ जो कोई प्रीमियम जमा करने पहुंचा, उसे वापस कर दिया गया। कहा गया कि बाजार की सबसे बड़ा नोट स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसे बैंक में जमा या फिर बदला जा सकता है। चमाव शिवपुर निवासी विजय कुमार पाल और रविकांत मिश्र ने बताया कि प्रीमियम जमा करने गए थे, लेकिन उन्हें लौटा दिया गया।
बैंकों में आज से बदलें नोट
एक दिन में एक व्यक्ति बदल सकेगा 20 हजार का नोट
लीड बैंक मैनेजर प्रभात सिन्हा ने बताया कि नोट अब बदले भी जा सकेंगे। एक दिन में एक व्यक्ति 20 हजार रुपये का नोट ही बदल सकेगा। इसके लिए कोई फोटोयुक्त पहचान पत्र नहीं लिया जाएगा। नाम, पता, मोबाइल नंबर लिया जाएगा। कोई भी बैंक प्रबंधन नोट जमा करने या बदलने से इन्कार नहीं कर सकता है।खूब जमा किए गए नोट
सोमवार को भी बैंकों में दो हजार रुपये के नोट खूब जमा किए गए। रोहनिया स्थित यूको बैंक जगतपुर शाखा में भी लोगों ने नोट को जमा कराए। इसी तरह बौलिया, लहरतारा, मंडुवाडीह, सुंदरपुर, पांडेयपुर, शिवपुर सहित अन्य क्षेत्रों के बैंकों में भी नोट जमा कराए गए हैं।