बनारस में बारिश: गोदैलिया में घुटने तक पानी, 35 इलाकों में जलभराव; बीएचयू अस्पताल कैंपस जलमग्न
वाराणसी में बारिश से 35 इलाकों में जलभराव हुआ। जलभराव से सबसे अधिक परेशानी कज्जाकपुरा, जैतपुरा, नईसड़क, गोदौलिया, गिरजाघर आदि जगहों पर रही। यहां घुटने तक पानी लगा रहा।
विस्तार
वाराणसी में पिछले तीन-चार दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश का असर आम जनजीवन पर पड़ने लगा है। बारिश का पानी घरों और दुकानों में घुस गया है। जलभराव से सबसे अधिक परेशानी कज्जाकपुरा, जैतपुरा, नईसड़क, गोदौलिया, गिरजाघर आदि जगहों पर रही। यहां घुटने तक पानी लगा रहा। इस वजह से दो पहिया वाहन कई लोगों के बंद हो गए। शहर के 35 इलाकों में जलभराव है। इसकी सूचना नगर निगम के कंट्रोल रूम को दी गई है।
उधर, बीएचयू अस्पताल कैंपस में मंगलवार की देर रात हुई बारिश से इमरजेंसी जाने वाले रास्ते पर भी घुटने तक पानी लगने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में बनारस स्टेशन के सामने इतना पानी भरा रहा कि दोपहर में करीब 12 बजे एक बाइक सवार सड़क के बीच से गुजर रही रेल पटरी पर गिर गया। पानी जमा होने की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा। लहरतारा स्थित आकाश बिल्डर्स सोसाइटी कैंपस में रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस गया।
बीएचयू गेट पर पंप लगाकर निकाला गया पानी
बीएचयू के मुख्य द्वार के साथ ही अस्पताल परिसर में मंगलवार की रात में बारिश के बाद जलभराव होने से मरीजों, तीमारदारों सहित अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर रात बीएचयू प्रशासन ने दो पंप लगवाकर पानी निकलवाया।
औसत से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम हो गया अधिकतम तापमान
पिछले तीन चार दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। इस बीच हवा में नमी भी बढ़ गई है। अचानक मौसम में होने वाले इस बदलाव का ही असर है कि बुधवार को अधिकतम तापमान औसत से 4.2 डिग्री सेल्सियस गिर गया है। यह 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उधर न्यूनतम तापमान भी 0.6 डिग्री सेल्सियस कम होकर 25.4 पर पहुंच गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि तीन-चार दिन तक इसी तरह मौसम रहेगा।