बारिश का कहर: बिजली व्यवस्था चरमराई, आधे शहर की बिजली गुल; पेड़ की डालियां गिरने से टूट गए तार
Varanasi News: गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने गर्मी से लोगों को राहत तो पहुंचाई लेकिन कहीं-कहीं उसका कहर भी देखा गया। कई इलाकों में पेड़ गिर गए। इस कारण लोगों को जाम का झाम झेलना पड़ा। वहीं, जलजमाव के कारण भी लोगों को दिक्कतें रहीं। इस बीच बिजली कटौती की समस्याएं भी बनी रहीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेज हवा के साथ गुरुवार को हुई बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शहरी और ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिरने से बिजली के तार टूट गए तो वहीं जगह-जगह अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट होने से भी बिजली घंटों गुल रही। रोहनिया में उपकेंद्र का पैनल ब्लास्ट हो गया।
इस तरह की घटनाओं के कारण ही आधे शहर में तीन से चार घंटे तक अंधेरा छाया रहा। सड़क पर जलभराव की वजह से अंडर ग्राउंड केबल फॉल्ट खोजने में कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम साढ़े तीन बजे से गुल बिजली कई इलाकों में रात करीब साढ़े 8 बजे बहाल हुई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
गुरुवार की शाम करीब साढ़े तीन बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू होते ही बिजली गुल हो गई। इसमें फुलवरिया फोरलेन के पास 33 केवीए लाइन पर पेड़ की डाली गिर जाने से साढ़े तीन बजे से मंडुवाडीह, रोहनिया, राजातालाब सहित कई उपकेंद्रों से जुड़ी काॅलोनियों में आपूर्ति बाधित हो गई।
किसी तरह ये समस्या रात साढ़े आठ बजे दूर हो गई। उधर, पिंडरा क्षेत्र में कठिराव मार्ग के पास शीशम का पुराना पेड़ गिरने से रास्ता बाधित रहा। रामपुर में बिजली के दो खंभे और तार गिरने से आपूर्ति बाधित रही। किसी तरह तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो पाई।
पैनल बनाने में लग गए पांच घंटे, नहीं मिला अंडर ग्राउंड केबल फॉल्ट
रोहनिया उपकेंद्र पर करीब चार बजे पैनल में ब्लास्ट हो गया। इस वजह से यहां से जुड़े नौ फीडरों में से छह पर आपूर्ति बाधित रही। इस समस्या की वजह से नरऊर, महादेव नगर आसपास के इलाकों में चार घंटे तक अंधेरा भी छाया रहा।
एसडीओ रोहनिया सौरभ कुमार के अनुसार पैनल जलने के बाद इसकी मरम्मत शुरू करवा दी गई। करीब साढ़े आठ बजे आपूर्ति बहाल हो गई। लोहता उपकेंद्र से जुड़े रामलीला मैदान पर भी शाम करीब चार बजे ही अंडर ग्राउंड केबल फॉल्ट हो गया। सूचना मिलने पर कर्मचारियों को फॉल्ट ढूंढने में लगाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद भी फॉल्ट नहीं मिल सका। इस वजह से औद्योगिक आस्थान के कुछ हिस्सों के साथ ही कलेक्ट्रीफाॅर्म, केराकतपुर सहित आसपास के इलाकों में करीब तीन घंटे तक बिजली बाधित रही। एसडीओ लोहता रवि आनंद के अनुसार अंडर ग्राउंड फॉल्ट नहीं मिला तो लाइन बाईपास कर आपूर्ति बहाल की गई।
बोले अधिकारी
बारिश की वजह से पेड़ की डालियां टूटने और सड़क पर जल भराव होने से समस्या आई है। तार टूटकर गिरने के साथ ही अंडर ग्राउंड केबल फॉल्ट हो गए। इस वजह से आपूर्ति ज्यादा प्रभावित हुई। सभी अधिकारियों को बरसात के मौसम में उपकेंद्र पर आपूर्ति व्यवस्था की माॅनीटरिंग करने को कहा गया है। - अरविंद कुमार सिंघल, मुख्य अभियंता
बारिश में बिजली गिरने से जल गए 550 स्मार्ट मीटर
वाराणसी। बारिश और बिजली गिरने की वजह से जिले में 550 स्मार्ट मीटर खराब हो गए हैं। इस वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। बिजली निगम को पिछले दो दिन में ऐसी शिकायत मिली है। पहले दिन चार सौ जबकि जबकि दूसरे दिन डेढ़ सौ मीटर खराब होने की शिकायत दर्ज की गई।
मुख्य अभियंता ने स्मार्ट मीटर लगाने वाली एजेंसी लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को खराब मीटर से परेशान उपभोक्ता गुरुवार को उपकेंद्रों और जूनियर इंजीनियर से लेकर अधिशासी अभियंता कार्यालय तक चक्कर लगाते रहे।
बिजली निगम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
बिजली निगम ने मीटर जलने की शिकायतों का समाधान करने के लिए हेल्प लाइन नंबर जारी किया है। उपभोक्ता अपनी शिकायत 9650071912 फोन नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। मुख्य अभियंता एके सिंघल ने शिकायतों का तेजी से समाधान करने को कहा है।
सड़क धंसने पर सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
लहुराबीर से मैदागिन मार्ग पर पिपलानी पर सड़क धंस गई। इस मामले में सपा नेता विष्णु शर्मा ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात की और चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर सड़क नहीं बनी तो वे आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।