Rahul Gandhi: प्रधानमंत्री आवास योजना में राहुल गांधी को दें घर, वाराणसी के एक वकील ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
बनारस कचहरी में अधिवक्ता व भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर मंत्री श्रीपति मिश्र ने पत्र लिखकर राहुल गांधी के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग की है। इस बाबत उन्होंने स्पीड पोस्ट के माध्यम से पीएम मोदी को पत्र भेजा है।
विस्तार
लोकसभा सदस्यता खत्म होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं। संसद सदस्यता खत्म होने के बाद राहुल गांधी को सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस मिला है। इस पूरे मामले में राजनीतिक खींचतान जारी है। इस बीच वाराणसी के वकील ने पूर्व सांसद राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास योजना में घर दिलाने की अपील की है। इस बाबत उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखा है।
दरअसल, इस पूरे प्रकरण में कांग्रेस भाजपा पर हमलावर है। कई कांग्रेस नेताओं ने बयान दिया है कि राहुल गांधी के पास अपना निजी मकान नहीं है। उन्हें इतनी जल्दी सरकारी बंगला खाली करने के लिए नोटिस भेजना सरासर गलत है। राहुल गांधी ने भी एक बार चुनावी रैली में कहा था कि उनके पास अपना कोई मकान नहीं है।
पत्र में क्या लिखा
बनारस कचहरी में अधिवक्ता व भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर मंत्री श्रीपति मिश्र ने पत्र लिखकर राहुल गांधी के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग की है। इस बाबत उन्होंने स्पीड पोस्ट के माध्यम से पीएम मोदी को पत्र भेजा है।
ये भी पढ़ें: 'मेरा घर Rahul Gandhi जी का घर': राहुल गांधी के लिए वाराणसी में अजय राय ने लगाई ये नेमप्लेट, बोले- हम साथ हैं
इसमें उन्होंने लिखा है कि देश की आजादी से लेकर आज तक भारत को तीन-तीन प्रधानमंत्री देने वाले परिवार के सदस्य राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास देने के संबंध में। मीडिया से बातचीत में श्रीपति मिश्र ने कहा कि देश में अमृतकाल चल रहा है। पीएम मोदी का ये सपना है कि हर बेघर को घर मिले।
हाल ही में टीवी और समाचार पत्रों के माध्यम से ये पता चला है कि देश को तीन-तीन प्रधानमंत्री देने वाला नेहरु गांधी परिवार के सदस्य और पूर्व सांसद राहुल गांधी के पास घर नहीं है। इसलिए हमने अपने सांसद से निवेदन किया है कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिया जाए।