प्रधानमंत्री आवास योजना: घर मिलने की खुशी पर आरती देवी ने सीएम योगी को घर आने किया आमंत्रित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की लाभार्थी आरती और सविता से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमिश्नरी में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। सीएम ने पूछा आपका आवास बन गया। आरती ने बताया कि बन गया है। दो लाख रुपये पहले मिले थे और आज 50 हजार रुपये खाते में आए हैं। सीएम ने पूछा कि क्या उसमें वह रहती हैं। जवाब मिला कि अपने नए आवास में परिवार के साथ रहती हैं। पहले झोपड़ी में रहती थीं। अब पक्का मकान बनने के चलते रिश्तेदार नातेदार आने लगे हैं। सीएम ने पूछा कि क्या वे अपने घर पर उन्हें बुलाएंगी। आरती ने सीएम ने घर आने के लिए आमंत्रित किया।
सविता से भी सीएम ने पूछा कि घर मिलने पर उन्हें कैसे महसूस हो रहा है। जवाब में उन्होंने सीएम को धन्यवाद दिया। सीएम ने कहा कि आजीविका मिशन योजना से जुड़कर रोजगार का भी अवसर प्राप्त करें। कमिश्नरी में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की। इस दौरान लाभार्थियों से संवाद किया। डीबीटी के माध्यम से सीएम ने धनराशि खाते में भेजी। कार्यक्रम में प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा तथा नगर आयुक्त गौरांग राठी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की 10 लाभार्थियों को उनके आवासों की चाबी एवं पत्र उपलब्ध कराया।
सीएम ने 3169 लाभार्थियों को भेजी 20.61 करोड़ की धनराशि
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 3 लाख 42 हजार 322 लाभार्थियों के बैंक खाते में 2409 करोड़ की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त की धनराशि भेजी। इसमें वाराणसी के 499 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में 2.50 करोड़, 480 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त के रूप में 7.19 करोड़ तथा तृतीय किस्त के रूप में 2190 लाभार्थियों को 10.92 करोड़ सहित 3169 लाभार्थियों को 20.61 करोड़ की धनराशि भेजी गई।
रोटी कपड़ा और मकान हर व्यक्ति की बुनियादी जरूरत: सीएम
सीएम ने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान हर व्यक्ति की बुनियादी जरूरत है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद उन्होंने यह सुनिश्चित कराया कि लोगों की बुनियादी जरूरत पूरी हो। गरीबों का अपना मकान हो, इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरुआत केंद्र सरकार ने की। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 से पूर्व प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ किसी भी पात्र को नहीं मिल रहा था।
लेकिन प्रदेश में उनकी सरकार बनाने के बाद यह सुनिश्चित कराया गया कि प्रत्येक गरीब लोगों का उनका आवास हो। इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना को प्रभावी तरीके से लागू किया गया। इसका परिणाम है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्तर प्रदेश देश में अव्वल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लाभार्थियों के पैसों में अवैध वसूली होती थी। लेकिन आज लाभार्थियों को पैसा उनके बैंक खातों में भेजा जा रहा है। प्रदेश में 6 लाख 46 हजार प्रधानमंत्री आवास पूर्ण हो चुके हैं, 9 लाख 81 हजार निर्माणाधीन हैं। 16 लाख 82 हजार आवास स्वीकृत हैं।