वाराणसी: महिला मित्र ने एक लाख रुपये नहीं दिए तो कर लिया युवक का अपहरण, दो गिरफ्तार
वाराणसी के सोनारपुरा निवासी गिट्टी कारोबारी सर्वेश सिंह को अगवा करने के दो आरोपियों को भेलूपुर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। इस दौरान अपहर्ता कारोबारी को भी चंगुल से मुक्त कराया। मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले कर खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार महिला मित्र ने उधार का एक लाख रुपये चुकता नहीं किया तो आरोपियों ने गिट्टी कारोबारी सर्वेश को अगवा कर फिरौती के लिए धमकी दी थी। बजरडीहा स्थित जिवधीपुर में एक मकान के अंदर बंधक बनाकर कारोबारी को रखा गया था।
डीसीपी काशी आरएस गौतम ने बताया कि भेलूपुर थाना अंतर्गत हनुमानघाट सोनारपुरा निवासी सुजीत सिंह ने तहरीर दी कि उनके भाई गिट्टी कारोबारी सर्वजीत सिंह उर्फ गुड्डू का अपहरण कर फिरौती के लिए धमकी दी जा रही है। बुधवार को मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस की टीमें लगाई गई, सर्विलांस और सीसी कैमरों का सहारा लेकर पुलिस तह तक पहुंची।
तफ्तीश के दौरान बजरडीहा के जिवधीपुर स्थित किराये के एक मकान में बंधक बनाकर रखे गए सर्वजीत सिंह उर्फ गुड्डू को बरामद किया गया। वहीं अपहर्ता पश्चिमी चंपारण ठकरहा निवासी हिरंजन मिश्रा और कुशीनर के सेवरही निवासी अष्टुनी तिवारी को मौके से गिरफ्तार किया गया। वहीं हिरंजन का भाई राजन मिश्रा मौके से भाग निकला, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
डीसीपी काशी रामसेवक गौतम के अनुसार अपहरण के मुख्य आरोपी अष्टुनी तिवारी ने बताया कि उसने बिहार निवासी महिला को एक लाख रुपये उधार दिए थे, लेकिन महिला पैसा वापस नहीं कर रही थी। मौजूदा समय में बजरडीहा क्षेत्र में गर्ल्स हॉस्टल चलाने वाली महिला ने पैसे सर्वजीत को दे दिया था। इस पर अपने साथी हिरंजन मिश्रा और उसके भाई राजन मिश्रा के साथ मिलकर सर्वजीत के अपहरण और फिरौती के तौर पर एक लाख रुपये मांगने का प्लान बनाया।
24 दिसंबर की शाम छह बजे सर्वजीत को सोनारपुरा उसके घर के पास से अगवा किया गया और सेमरही कुशीनगर लेकर गए। जहां पर उसे बंधक बना कर रखा गया था। वहां रहने के बाद सभी सर्वजीत को लेकर बजरडीहा के जिवधीपुर स्थित किराए के मकान में रखे हुए थे। सर्वजीत के भाई से 50 हजार रुपये गूगल पे के जरिए अपने अकाउंट में मंगाया था। डीसीपी काशी ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।