पुलिस ने गिरफ्तार किया 50 हजार का इनामी बदमाश, कई जिलों में दर्ज है 22 मुकदमे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के नदेसर तालाब स्थित पानी टंकी के समीप शुक्रवार को मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी और अंतरजनपदीय बदमाश रवि लोना गिरफ्तार किया गया। अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर थाने के सापुर फिरोजपुर का रहने वाला रवि आजमगढ़ के कप्तानगंज थाने में बीते साल दर्ज डकैती के मुकदमे में वांछित था। इसे लेकर रवि पर आईजी रेंज आजमगढ़ ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
एसटीएफ की वाराणसी इकाई के डिप्टी एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अभिसूचना संकलन के दौरान पता लगा कि रवि नदेसर तालाब स्थित पानी की टंकी के समीप किसी से मुलाकात करने आया है। इस सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर विपिन कुमार राय की अगुवाई में एसटीएफ की टीम ने घेरेबंदी की तो रवि ने फायरिंग की। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में रवि दबोचा गया।
रवि के खिलाफ आजमगढ़, जौनपुर, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर जिले में हत्या, डकैती जैसे अन्य आरोपों में 22 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ की टीम ने एक तमंचा और एक कारतूस बरामद कर आगे की कार्रवाई के लिए रवि को कैंट थाने की पुलिस को सौंप दिया।
जौनपुर के बदमाश के संपर्क में आकर जरायम जगत में रखा कदम
पूछताछ में रवि ने बताया कि उसके गांव के समीप जौनपुर के बदमाश रिंकू यादव की रिश्तेदारी थी। रिंकू के आने-जाने के दौरान ही वह उसके संपर्क में आया। रिंकू के साथ जौनपुर के खुटहन में वह पहली बार लूटपाट किया। इसके बाद राय सिंह यादव, रिंकू यादव और अजय लोना के साथ गिरोह बनाकर चारों अपराध करने लगे।
चारों ने आजमगढ़ में शराब की कई दुकानों से लूटपाट की है। यह गिरोह रात में मवेशियों की चोरी कर उन्हें बेचने का काम भी करता है। जलालपुर क्षेत्र में मवेशी चुराने के दौरान मालिक के जग जाने पर गिरोह के बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिसंबर 2018 में रिंकू और रवि को जलालपुर थाने की पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजी थी। जमानत पर छूटने के बाद रवि बाहर आया तो फिर लूटपाट करने लगा और बीते साल से आजमगढ़ जिले की पुलिस को डकैती के एक मामले में उसकी तलाश थी।