बीएचयू में कवि सम्मेलन आज: मुशायरे में शायरी और कलाम से सजेगी शाम, शायर शारीक कैफी सहित कई कवि होंगे शामिल
कोरोना संक्रमण कम होने के बाद कवि सम्मेलन और मुशायरे का कार्यक्रम होने को लेकर पूरा बीएचयू परिवार बहुत उत्साहित है।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) सामाजिक विज्ञान संकाय के पोएट्री क्लब तर्ज-ए-सुखर की ओर से गुरुवार को कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। इसमें शायरी और कलाम से देश के जाने माने कवि और शायर अपनी रचनाओं से शाम को सजाएंगे। अमर उजाला इस कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर है।
विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन सभागार में होने वाले आयोजन को लेकर बुधवार को दिन भर तैयारियां चलतीं रहीं। कार्यक्रम संयोजक रसायन विज्ञान विभाग के शोध छात्र बाघेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण कम होने के बाद इस तरह का कार्यक्रम होने को लेकर पूरा बीएचयू परिवार बहुत उत्साहित है।
कवि सम्मेलन में प्रवेश नि:शुल्क
आज दोपहर तीन बजे से स्वतंत्रता भवन में होने वाले आयोजन में शायर शारीक कैफी के साथ ही ज्ञान प्रकाश आकुल, स्वयं श्रीवास्तव, सुशांत शर्मा, अशरफ जहांगीर जैसे अन्य कवि और शायर अपनी रचनाओं से आयोजन में समां बांधेंगे। बाघेंद्र ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रबंधन का कार्य आनंद किरणोदय और क्लब के सचिव प्रणव अभिषेक और उनकी टीम देख रही है। कवि सम्मेलन में कोई भी भाग ले सकता है और प्रवेश नि:शुल्क है।