Varanasi: पीएम मोदी की सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचने आज आएगी SPG, 10 हजार से ज्यादा जवान होंगे तैनात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब चार महीने बाद अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर 24 मार्च को वाराणसी आएंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा का खाका खींचने एसपीजी की टीम आज वाराणसी आएगी।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन व उनकी सुरक्षा के मद्देनजर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के अधिकारियों का पहला दल सोमवार को वाराणसी पहुंचेगा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ एसपीजी के अफसर प्रधानमंत्री के रूट और कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी 24 मार्च को पांच घंटे के प्रवास पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आएंगे। इस दौरान पीएम मोदी करीब 1800 करोड़ रुपये की 29 परियोजनाओं की सौगात काशीवासियों को देंगे। इसमें से प्रमुख वाराणसी में देश की पहली पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री का सुरक्षा घेरा पांच स्तरीय
प्रधानमंत्री का सुरक्षा घेरा पांच स्तरीय रहता है। एसपीजी के अलावा उनकी सुरक्षा में एनएसजी के कमांडो, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के अफसर, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, एटीएस के कमांडो, स्थानीय पुलिस और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के कर्मी तैनात रहते हैं।
ये भी पढ़ें: चैत्र नवरात्र पर बनारस को करीब 1800 करोड़ की सौगात देंगे PM Modi, रोपवे का करेंगे शिलान्यास
काशी आगमन के दौरान प्रधानमंत्री के बाह्य सुरक्षा घेरे में 15 आईपीएस और 10 हजार से ज्यादा पुलिस-पीएसी व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री की आवाजाही के रूट पर रूफ टॉप फोर्स तैनात की जाएगी। कार्यक्रम स्थल सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे। आयोजन संपन्न होने तक कार्यक्रम स्थल नो फ्लाइंग जोन रहेंगे।
जिलाधिकारी ने की समीक्षा, तैयारियां जानीं
जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने रविवार देर रात बैठक करके प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और सर्किट हाउस जा सकते हैं। इस लिहाज से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। सड़कें ठीक रहें और डिवाइडर साफ-सुथरे हों, यह भी सुनिश्चित करना है।
निमंत्रण पत्र भी देगी भाजपा
पीएम मोदी की जनसभा में महानगर के हर वार्ड से 400 कार्यकर्ता आएंगे। भाजपा की टोपी, पटका एवं झंडे के साथ जुलूस में की शक्ल में जनसभा स्थल तक पहुंचेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि जनसहभागिता के लिए घर-घर संपर्क किया जाए। निमंत्रण कार्ड भी दिया जाएगा।