PM Modi Varanasi: पूर्वांचल को 6000 करोड़ की रेल परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी, यात्री सुविधाओं को उड़ान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय (7-8 जुलाई) दौरे पर सात जुलाई को वाराणसी आएंगे। इसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्रधानमंत्री रेलवे विकास से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात जुलाई को वाराणसी से ही पूर्वांचल को छह हजार करोड़ रुपये की रेलवे से संबंधित विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। लोकार्पित और शिलान्यास वाली परियोजनाओं की सूची तैयार करके प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दी गई है। पीएम मोदी पंडित दीनदयाल जंक्शन से बिहार के सोननगर के लिए तैयार नई डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को जनता को समर्पित करेंगे। इस नई रेल लाइन के जरिये पूर्वांचल के उत्पादों को आसानी से देश के कोने-कोने तक भेजा जा सकेगा।
गाजीपुर के औड़िहार जंक्शन को जोड़ने वाली तीनों रेल लाइनों के दोहरीकरण और विद्युतीकरण परियोजना का लोकार्पण भी होगा। पीएम मोदी वाराणसी की जनता की सुविधाओं से जुड़ी 1378 करोड़ रुपये की स्थानीय परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। यहीं से उत्तर प्रदेश के प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के खाते में धनराशि स्थानांतरित करेंगे।
ये भी पढ़ें: वाराणसी से पूर्वांचल को साधेंगे पीएम मोदी, सात जुलाई को करेंगे जनसभा, तैयारियों में जुटी भाजपा
रिंग रोड किनारे पीएम मोदी की जनसभा
वह पीएम स्वनिधि, आयुष्मान और पीएम आवास योजना के तीन-तीन लाभार्थियाें को अपने हाथ से चेक और प्रमाण पत्र भी प्रदान करेंगे। रिंग रोड किनारे हरहुआ चौराहे के पास वाजिदपुर क्षेत्र में पीएम मोदी जनसभा करेंगे। इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। इसमें भाजपा की ओर से 50 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। जनसभा करके लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार का आगाज करेंगे।
आज पीएमओ करेगा तैयारियों की वर्चुअल समीक्षा
प्रधानमंत्री कार्यालय सोमवार की सुबह पीएम नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय काशी प्रवास की तैयारियों की समीक्षा करेगा। पीएम के शहर भ्रमण के दौरान रूट आदि का निर्धारण किया जाएगा। वर्चुअल बैठक के दौरान ही पीएम मोदी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम भी तय हो जाएगा।
पीएम मोदी की सौगात से यात्री सुविधाओं को उड़ान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों लोकार्पण के साथ ही काशी समेत पूर्वांचल में रेल यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ जाएंगी। ट्रेनों का आवागमन तेज गति से होगा। फ्रेट काॅरिडोर की सौगात से माल ढुलाई भी आसान हो जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अधिकारियों के अनुसार, यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी करते हुए जंसा-रामेश्वर रोड पर चौखंडी स्टेशन, बाबतपुर-चौबेपुर रोड पर कादीपुर स्टेशन और मोहनसराय-अदलपुरा रोड पर हरदत्तपुर के पास दो लेन का आरओबी बनेगा। इसका शिलान्यास भी होगा। आरओबी बनने से यात्रियों के साथ ही आसपास के लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
चंदौली के पीडीडीयूनगर-सोननगर सेक्शन बिहार तक मालगाड़ी अब डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से 50-60 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी। इससे माल ढुलाई को रफ्तार मिलेगा। 2,822 करोड़ की लागत से यह रूट बनाया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के औड़िहार-गाजीपुर सेक्शन के बीच दोहरीकरण, विद्युतीकरण, औड़िहार-जौनपुर के बीच दोहरीकरण लाइन और भटनी-औड़िहार के बीच विद्युतीकरण लाइन होने के चलते यात्री ट्रेनें जहां-तहां नहीं रुकेंगी और समय से स्टेशन पहुंच जाएंगी। औड़िहार से गाजीपुर, जौनपुर और देवरिया के भटनी तक यात्री ट्रेनें पूरी गति से चलेंगी।