PM Modi: दालमंडी चौड़ीकरण की आधारशिला रखेंगे पीएम, 52 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास; जुटेंगे 50 हजार लोग
Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। खास यह है कि दालमंडी के चाैड़ीकरण की आधारशीला पीएम रखेंगे। संबंधित विभाग ने यहां नामजोख का काम शुरू कर दिया है।
विस्तार
PM Modi Varanasi Visit: भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने गुरुवार को सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि दो अगस्त को प्रधानमंत्री सेवापुरी के बनौली (कालिका धाम) में जनसभा को संबोधित करेंगे। वह करीब 2200 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। जनसभा में 50 हजार लोगों को पहुंचाने के लक्ष्य पर सभी कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री दालमंडी सड़क के चौड़ीकरण की आधारशिला रखेंगे।
दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह 51वां काशी दौरा होगा। वह सुबह 10:25 बजे बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे। इसके बाद पीएम हेलिकॉप्टर से सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के बनौली (कालिका धाम) पहुंचेंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे।
जनसभा स्थल पर बने 20 ब्लॉकों में प्रत्येक में एक इंचार्ज तथा 12-12 पदाधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है। वीआईपी, महिलाएं, किसान, प्रबुद्धजन, मीडिया एवं दिव्यांगजनों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है।
तैयारियां तेज
लोकार्पण और शिलान्यास करने वाली प्रमुख योजनाओं में सेवापुरी में 50 बेड के नए सरकारी अस्पताल की आधारशिला (लगभग 5 करोड़ की लागत), संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भवन का शिलान्यास, दालमंडी क्षेत्र का चौड़ीकरण, पुराने शहर में अंडरग्राउंड केबलिंग (द्वितीय चरण), स्मार्ट सिटी अंतर्गत पथप्रकाश, नाली-नाला एवं पेयजल सुधार, ग्रामीण सड़क एवं संपर्क मार्ग निर्माण तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार शामिल हैं। प्रधानमंत्री काशी से किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त का भी जारी करेंगे।
प्रधानमंत्री के स्वागत में वाराणसी नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सजावट की जा रही है। 1000 से अधिक होर्डिंग्स, भाजपा के झंडे, स्वागत तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं, प्रमुख स्थलों पर सजावटी कार्य अंतिम चरण में है। इसके अतिरिक्त 28 जुलाई से एक अगस्त तक विशेष स्वच्छता पखवाड़ा भी चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 150 से अधिक स्थलों की सफाई की जा चुकी है। इस मौके पर क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर मौजूद रहे।