Varanasi: गंगा दशहरा पर पीएम मोदी ने काशीवासियों को दी शुभकामनाएं, गंगा सेवा निधि को कहा धन्यवाद
गंगा दशहरा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बनारस के सांसद होने के नाते आमंत्रण भेजा गया था। इस पर उन्होंने पत्र भेजकर इस पूरे आयोजन के लिए गंगा सेवा निधि को बधाई और धन्यवाद दिया है।
विस्तार
कोरोना संक्रमण के दो साल बाद गंगा दशहरा के आयोजन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा सेवा निधि और काशीवासियों को शुभकामनाएं व धन्यवाद दिया है। पीएम ने समिति को मां गंगा की अनवरत पूजा-पाठ जारी रखते हुए इसमें तेजी लाने की बात कही है।
गंगा दशहरा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बनारस के सांसद होने के नाते आमंत्रण भेजा गया था। इस पर उन्होंने पत्र भेजकर इस पूरे आयोजन के लिए संस्था को बधाई और धन्यवाद दिया है। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि मां गंगा के धरती पर अवतरण दिवस गंगा दशहरा की सभी को अनंत शुभकामनाएं।
इस पावन पर्व पर गंगा सेवा निधि द्वारा गंगा दशहरा महोत्सव के आयोजन के विषय में जानकर अत्यंत प्रसन्नता हुई है। भगवान शिव के भाल को सुशोभित करने वाली मां गंगा असंख्य जीवों के कष्टों का शमन करती हैं। ऐसी पुण्य सलिला मोक्षदायिनी मां गंगा को मेरा बारंबार प्रणाम है। मां गंगा भारत की समृद्ध संस्कृति और लोक आस्था की सनातन स्त्रोत हैं।
पूजनीय गंगा की महत्ता असीमित है हम भाग्यशाली हैं कि हमें मां गंगा की धारा से सिंचित होने का अवसर मिला है। नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने एवं गंगा संरक्षण की दिशा में अहम कदम उठाए गए हैं। जन भागीदारी की ऊर्जा और संकल्पित प्रयासों से जीवनदायिनी गंगा की अविरलता को सुनिश्चित करने की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर हम मां गंगा की पूजा अर्चना के साथ इनकी सेवा और स्वच्छता के लिए अपने प्रयासों में और तेजी लाने का भी संकल्प लें। मां गंगा हम सभी का कल्याण करें, इसी कामना के साथ महोत्सव के सफल आयोजन की हार्दिक शुभकामनाएं।