कोहरे का असर: मुंबई की फ्लाइट कोलकाता डायवर्ट, एक घंटे चक्कर काटता रहा दिल्ली से आया विमान
Varanasi News : विमान की देरी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। माैसम खराब होने से दिल्ली का विमान वारणसी में कई घंटे देर से पहुंचा। माैसम सामान्य होने के बाद विमान को लैंड कराया गया।
विस्तार
कोहरे के कारण विमानों के डायवर्ट और विलंबित होने का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार की सुबह दृश्यता कम होने के कारण इंडिगो दिल्ली का विमान एक घंटे तक हवा में चक्कर काटने के बाद लैंड हुआ। वहीं, इंडिगो के मुंबई विमान को कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। दोपहर 12.30 बजे के बाद यह विमान कोलकाता से पुन: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचा।
ये है मामला
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6ई 2211 दिल्ली से उड़ान भरकर बाबतपुर के हवाई क्षेत्र में सुबह 9 बजे पहुंचा, लेकिन मौसम खराब होने के कारण लगभग एक घंटे हवा में चक्कर लगाने के बाद एयरपोर्ट पर लगभग 10 बजे उतरा।
वहीं, इंडिगो एयरलाइंस के विमान 6ई 371 ने मुंबई से अपने निर्धारित समय से सुबह यात्रियों को लेकर उड़ान भरी और बाबतपुर एयरपोर्ट पर सुबह 8.30 बजे पहुंचा। दृश्यता सामान्य से कम होने के कारण विमान को एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली, पायलट ने एटीसी से संपर्क साधते हुए विमान को कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड कराया।
20 दिनों में तीन विमान निरस्त, पांच हो चुके हैं डायवर्ट
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि बाबतपुर एयरपोर्ट पर सामान्य विजिबिलिटी 1200 मीटर रहने पर विमान उतरता है। इसे अब 600 मीटर विजिबिलिटी पर उतारा जाएगा। पिछले साल कोहरे के चलते 60 दिनों में 400 विमान निरस्त हुए थे। वहीं, इस माह में तीन विमान निरस्त और पांच विमान डायवर्ट हो चुके हैं।
फरक्का 16 घंटे लेट, वंदे भारत की भी थमी रफ्तार
कोहरे के चलते वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों की रफ्तार कुंद हो गई है। बुधवार को कैंट से गुजरने वाली बठिंडा-बलूरघाट फरक्का एक्सप्रेस सर्वाधिक 16 घंटे की देरी से पहुंची। कैंट स्टेशन के पूछताछ केंद्र के अनुसार आनंद विहार टर्मिनल-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस 9.35 घंटे, जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस 7.40 घंटे, हरिद्वार-भागलपुर फेयर स्पेशल 7.10 घंटे, देहरादून-हावड़ा कुम्भ एक्सप्रेस 8.30 घंटे, नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 6 घंटे, साबरमती बीजी-पटना फेयर स्पेशल 5.40 घंटे, दानापुर-आनंद विहार टर्मिनल जनसाधारण एक्सप्रेस 4.30 घंटे, नई दिल्ली-बलिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस 4.20 घंटे,हावड़ा-प्रयागराज रामबाग विभूति एक्सप्रेस 4 घंटे, अम्बाला कैंट-बरौनी हरिहर एक्सप्रेस 3.30 घंटे, दादर सेंट्रल-गोरखपुर स्पेशल 3.20 घंटे, आनंद विहार टर्मिनल-रक्सौल सद्भावना एक्सप्रेस 3 घंटे, योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस 2.30 घंटे और नई दिल्ली-वाराणसी वंदेभारत एक्सप्रेस 2.30 घंटे तक लेट रहीं।
इसके अलावा जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस, कोटा-पटना एक्सप्रेस, कोलकाता-अमृतसर अकाल तख्त एक्सप्रेस, लखनऊ-वाराणसी स्पेशल, नई दिल्ली-वाराणसी वंदेभारत, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, बरकाकाना-वाराणसी मेमू स्पेशल ट्रेनें भी एक से दो घंटे तक देरी से गुजरीं।