झूला झूलते समय पिलर गिरा, सभासद की बेटी की मौत
रामनगर के वारीगढ़ही मोहल्ले के लोग अभी चार बच्चों की मौत के सदमे से नहीं उबरे थे। इसी बीच सोमवार की भोर वारीगढ़ही तपोवन की एक और मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और मोहल्ले के साथ ही रामनगर कस्बे के लोग भी खासे गमगीन हैं।
रामनगर कस्बे के तपोवन दक्षिणी के सभासद संतोष गुप्ता की पांच वर्षीय पुत्री स्वरा गुप्ता रविवार की देर शाम अपनी बड़ी बहन साढ़े छह वर्षीय आराध्या के साथ घर में झूला झूल रही थी। इसी दौरान पिलर टूट कर स्वरा और आराध्या के ऊपर गिर गया। हादसे में दोनों बहनें घायल हो गईं।
दोनों बच्चियों को परिजन रामनगर कस्बा स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सोमवार की भोर उपचार के दौरान स्वरा की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि फरवरी में ही स्वरा का स्कूल में एडमिशन कराया गया था।
मासूम स्वरा की मौत की खबर सुनकर रामनगर कस्बे के लोगों में शोक व्याप्त हो गया। भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नगर पालिकाध्यक्ष रेखा शर्मा समेत सभी सभासद और विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग सभासद के घर पहुंचे और शोक में डूबे परिवार को ढांढस बंधाया।