वाराणसी: ईंधन में पानी की मिलावट पर लोगों ने किया हंगामा, पेट्रोल पंप सीज
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के बलरामगंज स्थित शहीद शिव नारायण सिंह फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल में पानी मिलाकर देने का आरोप लगाकर सोमवार की देर शाम लोगों ने खूब हंगामा किया। आरोप है कि पेट्रोल पंप से पेट्रोल भराने के बाद वाहन मुश्किल से दो किलोमीटर तक ही जा पाता है। इसके बाद बंद हो जाता है।
सोमवार को भी शहीद शिव नारायण सिंह फिलिंग स्टेशन से ईंधन भराने के बाद कई लोगों के साथ ऐसा ही हुआ। दो किलोमीटर दूर जाकर कई बाइक बंद हो गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को हंगामे की आशंका हुई तो सभी वहां से भाग निकले। इसके बाद आक्रोशित लोगोें ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए समझाकर मामला शांत कराया। वहीं देर शाम पेट्रोल में पानी की मिलावट के आरोप में शहीद शिव नारायण सिंह फिलिंग स्टेशन का सीज कर दिया गया।
सप्लाई इंस्पेक्टर श्याम मोहन ने बताया कि एसडीएम सदर के निर्देश पर पेट्रोल की जगह पानी मिलने की शिकायत पर पेट्रोल पंप को देर रात सीज कर दिया गया। मंगलवार दोपहर बाद जांच की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।