बैंकाक से दिल्ली आ रहे विमान में यात्री को आया हार्ट अटैक, वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार की सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक विमान को आपात स्थिति में एयरपोर्ट पर उतारने की सूचना प्रसारित की गई। बैंकाक से सुबह 7: 40 बजे 189 यात्रियों को लेकर स्पाइस जेट का एसएजी 88 विमान दिल्ली के लिए उड़ा। विमान में सवार 22 सदस्यीय थाई ग्रुप के एटावट थांगकसोर्न (53) की तबीयत अचानक खराब हो गई।
पायलट ने एटीसी को इसकी सूचना दी और विमान को आपात स्थिति में बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया। सुबह लगभग 9:40 बजे विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। पहले से तैयार एंबुलेंस से उसे नजदीक के ही अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साथ उसकी पत्नी छुनिग थांगकसोर्न, बहन सहित परिवार के सात सदस्य सफर कर रहे थे। सभी वाराणसी में ही विमान से उतर गए। एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने बताया कि यात्री की तबीयत खराब होने पर आपात लैंडिंग कराई गई। अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
कई महीने से वाराणसी एयरपोर्ट पर नही है डॉक्टर
यात्री अपने परिवार के आठ सदस्यों के साथ दिल्ली आ रहा था। यात्री की मौत के बाद उसके साथ के सभी सदस्य वाराणसी एयरपोर्ट पर रुक गए। मृत यात्री के साथ के सात लोगों का कस्टम इमिग्रेशन किया जा रहा है। जबकि अन्य यात्रियों को लेकर स्पाइसजेट एयरलाइंस का विमान 12:05 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान कर गया।
वाराणसी एयरपोर्ट पर हेरिटेज हॉस्पिटल से संचालित मेडिकल इमरजेंसी रूम है। 27 मार्च को कैंट के एक होटल में एयरपोर्ट पर तैनात युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में एम आई रूम में तैनात डॉक्टर के जेल जाने के बाद से यहां किसी डॉक्टर की तैनाती नही की गई।
एमआई रूम एक कंपाउंडर के भरोसे चल रहा है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री ने एयरपोर्ट पर एक एंबुलेंस तथा डॉक्टर की तैनाती की बात कही थी। एयरपोर्ट पर इस समय प्रतिदिन 10000-12000 यात्रियों का आवागमन होता है। साथ ही लगभग 2000 कर्मचारी कार्यरत हैं लेकिन आपात स्थिति में चिकित्सीय सुविधा नहीं मिल पा रही है।