बढ़ गए तेल के दाम: नायरा के पंप पर पेट्रोल हुआ 100 रुपये लीटर, डीजल 91 रुपये लीटर; पंप पर लगी भीड़
Varanasi News: जिले में मंडुआडीह, पहड़िया और पड़ाव समेत कुल छह जगहों पर नायरा के पेट्रोल पंप संचालित होते हैं। यहां सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और तेल भरवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
विस्तार
Petrol Price Hike: पेट्रोलियम कंपनी नायरा ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। कंपनी ने पेट्रोल में पांच रुपये प्रति लीटर और डीजल में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। जिले में कुल 199 पेट्रोल पंप संचालित हैं। इसमें मंडुआडीह, पहड़िया और पड़ाव समेत कुल छह जगहों पर नायरा कंपनी के पेट्रोल पंप हैं।
अभी तक इन पेट्रोल पंप पर 95 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल मिल रहा था, अब रेट बढ़ने के बाद इसकी कीमत 100 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल के दाम बढ़कर 91 रुपये लीटर हो गया है।
नायरा के सेल्स ऑफिसर अभिषेक पांडेय ने बताया कि यह बढ़ोतरी कंपनी की ओर से पूरे देश में की गई है। वहीं, दूसरी ओर बृहस्पतिवार को कई पेट्रोल पंप पर भीड़ नजर आई। रविंद्रपुरी, दुर्गाकुंड, लंका, सामनेघाट क्षेत्र समेत राजातालाब और कछवा रोड में पेट्रोल भरवाने के लिए लोग आतुर दिखे।
लोग हुए परेशान
पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारियों के मुताबिक, जो लोग कल तक 100 रुपये का पेट्रोल डलवाते थे, बृहस्पतिवार को उन्होंने 500 रुपये का पेट्रोल लिया है। वहीं कई लोगों ने कार के भी टैंक फुल करा लिए। आपूर्ति विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जिले में प्रतिदिन पेट्रोल की औसत बिक्री 520 लीटर की है, वहीं डीजल की प्रतिदिन की औसत खपत 641 लीटर है। बीते 48 घंटों में इसकी खपत चार गुना तक बढ़ गई है।
पेट्रोल पंप संचालकों के मुताबिक, बृहस्पतिवार की सुबह सर्वर की समस्या के कारण इनवॉइस लोडिंग में कुछ देरी हुई। इस वजह से 2-3 पंपों पर पेट्रोल समाप्त हो गए। इसके कारण भी अफवाहों को बल मिल गया। अभी हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के करीब 35 पेट्रोल पंप पर सर्वर की समस्या के कारण पेट्रोल मिलने में देरी हो रही है। जिले में इसके कुल 35 पेट्रोल पंप संचालित हैं। अन्य पेट्रोल पंप पर किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
पहले एडवांस दो फिर पेट्रोल लो
तेल आपूर्ति की चुनौतियों के बीच पेट्रोल पंप संचालकों को क्रेडिट पेट्रोल और डीजल मिलना बंद हो गया है। वाराणसी पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अब पेट्रोल और डीजल एडवांस पेमेंट देने पर ही मिल रहे हैं। हालांकि, इस आदेश का विरोध करने पर इंडियन ऑयल से तीन दिनों का उधार पेट्रोल डीजल देने पर सहमति बनी है। अन्य कंपनियां अभी भी उधार देने को तैयार नहीं हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ वीडियो देखकर अफवाहों को बल मिल रहा है। बीते 48 घंटों में पेट्रोल पंपों पर चार-गुना पेट्रोल और डीजल की खपत बढ़ गई है। जहां भी पेट्रोल-डीजल समाप्त हो रहे हैं, वहां 1-1.5 घंटे के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। - अमित कुमार मालवीय, एडीएम आपूर्ति।