Varanasi News: अब VDA की सीमा चंदौली के सकलडीहा और मिर्जापुर के चुनार तक, कैबिनेट से मिली मंजूरी
Varanasi News: वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार इस विस्तारीकरण से स्पष्ट है कि इस विस्तार का अर्थ ये नहीं है कि इन ग्रामों की भूमि वीडीए या सरकार खरीद लेगी। इस प्रकार के भ्रम की स्थिति कोई ना फैलाए। सुनियोजित विकास के लिए वीडीए ने किया सीमा विस्तार किया है।
विस्तार
अब वीडीए की सीमा चंदौली के सकलडीहा और मिर्जापुर के चुनार तक होगी। वीडीए ने 215 राजस्व ग्रामों के 280.65 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल को विकास क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव शासन में भेजा था।
इनमें वाराणसी की तीन तहसील, चंदौली की दो तहसील सकलडीहा व पीडीडीयू नगर और मिर्जापुर की एक तहसील चुनार के राजस्व गांव शामिल हैं। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में वीडीए के इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई। इससे वाराणसी के सुनियोजित विकास में सहायता मिलेगी। इन क्षेत्रों में वीडीए अवस्थापना सुविधाओं का विकास करेगा।
वीडीए ने तहसील राजातालाब के 94 राजस्व ग्रामों के क्षेत्रफल 99.75 वर्ग किलोमीटर, तहसील पिंडरा के 30 राजस्व ग्रामों के क्षेत्रफल 59.13 वर्ग किलोमीटर और तहसील सदर के 18 राजस्व ग्रामों के क्षेत्रफल 23.43 वर्ग किलोमीटर तक की सीमा का विस्तार किया है।
वहीं, चंदौली की तहसील सकलडीहा के दो राजस्व ग्रामों के क्षेत्रफल 1.50 वर्ग किलोमीटर व पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर के 54 राजस्व ग्रामों के क्षेत्रफल 77.19 वर्ग किलोमीटर तक वीडीए का दायरा बढ़ा है। इसी तरह मिर्जापुर की तहसील चुनार के 17 राजस्व ग्रामों के 19.64 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र को वीडीए की सीमा में शामिल किया गया है।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत वीडीए का गठन किया गया था। गठन के बाद 1978 और 2016 में सीमा विस्तार के लिए संशोधन किया गया था।
करखियावं को छोड़कर सभी 215 राजस्व गांव को मिली अनुमति
वीडीए की ओर से कुल 216 ग्रामों को अपनी विकास क्षेत्र की सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसमें से तहसील पिंडरा के ग्राम करखियावं को छोड़कर अन्य सभी 215 ग्रामों को विकास क्षेत्र की सीमा में शामिल करने की अनुमति दी गई है।