यूपी: मासूम से छेड़खानी की दर्ज नहीं हुई एफआईआर, फरियादी की शिकायत पर खुद थाने पहुंचे एसएसपी, जानें क्या फिर
वाराणसी के सारनाथ में बुधवार को एसएसपी कार्यालय में एक फरियादी ने स्थानीय प्रशासन द्वारा छेड़खानी का मुकदमा दर्ज न करने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पाठक सारनाथ थाने पहुंच गए।
सामने खड़ी 6-7 साल की मासूम बच्ची से पूछा कि बिस्किट खाओगी, कौन सा बिस्किट, पारले जी! बच्ची के हाथ में बिस्किट पकड़ाते हुए, चौकी प्रभारी अभय सिंह से पूछताछ की। उन्होंने पूछा कि बीते मंगलवार को आपके क्षेत्र में एक मासूम के साथ छेड़खानी हुई थी, अभी तक उसमें क्या अपडेट रहा। इसके बाद तो उनके हाथ-पांव फूल गए।
जानकारी के अनुसार, सारनाथ थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार कि सुबह घर के बाहर बकरी चरा रही एक मासूम बच्ची के साथ पड़ोस के ही एक युवक ने बहला-फुसलाकर छेड़खानी की। बच्ची ने घर आकर अपना मां को आपबीती बताई। परिजनों ने इसकी लिखित शिकायत सराय मोहाना चौकी पर दी।
लेकिन एफआईआर दर्ज न होने पर बुधवार को परिजन कप्तान के यहां गुहार लगाने पहुंचे। इसे गंभीरता से लेते हुए कप्तान ने खुद सारनाथ थाने पहुंचकर जानकारी ली। चौकी इंचार्ज द्वारा अब तक की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर कप्तान ने चौकी इंचार्ज सहित सिपाही को खूब डांट लगाई।
डांट-फटकार के बाद काम में तेजी दिखाते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।