गठबंधन पहले ही टूट गया होता तो आजमगढ़ से मेरी जीत पक्की होती- निरहुआ
आजमगढ़ से लोक सभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी और भोजपुरी स्टार दिनेश लाल निरहुआ यूपी के बलिया जिला पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में भोजपुरी सिनेमा और चुनावों को लेकर अपना अनुभव साझा किया। साथ ही गठबंधन को लेकर भी बात कही।
निरहुआ ने कहा कि गठबंधन पहले ही टूट गया होता तो आजमगढ़ से मेरी जीत पक्की हो जाती। निरहुआ भोजपुरी फिल्म निर्माता और सीयर ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष आलोक सिंह के आवास पर मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
भोजपुरी फिल्म जगत के अपने गुरु प्रोड्यूसर आलोक सिंह से रिश्ते की चर्चा करते हुए उन्होंने बलिया के लोगों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान बलिया वासियों ने फेसबुक, सोशल साइट्स और अन्य माध्यमों से भरपूर समर्थन किया।
भोजपुरी फिल्म अभिनेता और भाजपा नेता दिनेश लाल निरहुआ ने मंगलवार को कहा कि फिल्मी दुनिया में हिट डायलॉग, सामाजिक समस्याओं और कुरीतियों के खिलाफ लड़ने का अनुभव जीवन में काम आ रहा है। ये अनुभव राजनेता की भूमिका निभाने में भी मददगार साबित हो रहा है।
निरहुआ ने कहा कि फिल्मों में जिस दिलेरी से वह संघर्ष करते हैं, उसी तर्ज पर आजमगढ़ के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए प्रयास करते रहेंगे। लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन पर निशाना साधा।