एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : पूछताछ के बाद तीसरी मंजिल से कूदा युवक, पुलिस कर्मियों को घेरकर पीटा
वाराणसी में चोरी के शक में एक युवक से पूछताछ की गई तो वह मकान की तीसरी मंजिल से नीचे कूद गया। उसकी हालत चिंताजनक है। वहीं, जौनपुर जिले के रामपुर थाने के पुलिस कर्मियों ने कतवारूपुर गांव में छापा मारा।
विस्तार
लालपुर क्षेत्र की संकठा नगर कॉलोनी में बीती रात एक युवक से चोरी के शक में पूछताछ की गई तो वह मकान की तीसरी मंजिल से नीचे कूद गया। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती युवक की हालत चिंताजनक है।
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र की संकठा नगर कॉलोनी में रहने वाले राजबहादुर सिंह के घर पर वैवाहिक समारोह था। उन्होंने छोटा लालपुर स्थित टेंट हाउस से कैटरिंग की व्यवस्था की थी। शुक्रवार शाम घर से कुछ कीमती सामान गायब होने पर परिजनों को वेटर रूपचंदपुर निवासी आनंद उर्फ नंदू (20) पर शक हुआ।
मकान की तीसरी मंजिल पर आनंद से घर के लोग पूछताछ कर रहे थे, तभी अचानक उसने नीचे छलांग लगा दी। लालपुर पांडेयपुर थाना प्रभारी विवेक कुमार पाठक ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। युवक का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों का इंतजार किया जा रहा है।
जौनपुर के पुलिस कर्मियों की ग्रामीणों ने घेरकर की पिटाई
जौनपुर जिले के रामपुर थाने के पुलिस कर्मियों ने कतवारूपुर गांव में सादे कपड़े में छापा मारा। वांछित आरोपी के न मिलने पर एक अन्य युवक को ले जाने लगे। इस पर गांव की महिलाओं और पुरुषों ने उन्हें घेर लिया। परिचय पत्र दिखाने की मांग करने लगे। न दिखाने पर ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी।
जौनपुर के रामपुर थाने की पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गो-तस्करी के मामले में वांछित अभियुक्त कतवारूपुर गांव में छिपा हुआ है। जंसा थाने की पुलिस को सूचना दिए बगैर सभी कार और बाइक से कतवारूपुर गांव पहुंचे। हालांकि तब तक वांछित अभियुक्त गांव से भाग गया था। इस पर कार और बाइक सवार लोग एक अन्य युवक को अपने साथ ले जाने लगे।
जंसा थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि जौनपुर के रामपुर थाने की पुलिस बगैर सूचना दिए आई थी। ग्रामीणों और वहां की पुलिस के बीच क्या हुआ है, इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है।
सारनाथ स्टेशन पर बेंच से गिरे भूतपूर्व सैनिक, अस्पताल में मौत
सारनाथ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म की बेंच पर बैठे भूतपूर्व सैनिक अचानक गिर गए। उन्हें जीआरपी कर्मी उपचार के लिए शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
आशंका जताई गई है कि हार्ट अटैक से भूतपूर्व सैनिक की मौत हुई है। बलिया के दुबहड़ के रहने वाले मुन्ना लाल राम (55) सारनाथ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की बेंच पर बैठे थे। अचानक वह बेंच से नीचे गिर गए। एंबुलेंस के आने में देरी देख जीआरपी कर्मी उन्हें ऑटो से शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
जीआरपी के अनुसार, मुन्ना लाल राम के पास से बलिया से वाराणसी सिटी स्टेशन का जनरल टिकट, मोबाइल और एक बैग मिला है। वह बलिया से वाराणसी में सेना की कैंटीन से समान लेने आए थे। मुन्ना लाल राम का सामान स्टेशन मास्टर अखिलेश कुमार सिंह को सौंप कर उनके निधन की सूचना परिजनों को दी गई।
भटके युवक को पुलिस ने परिजनों से मिलाया
नोएडा से भटक कर एक युवक चौबेपुर पहुंच गया। मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को चौबेपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को परिजनों को सौंपा। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया और उन्हें साथ ले गए। बिहार के औरंगाबाद के डियोढ़ी गांव का चंदन कुमार नोएडा में छोटे भाई कुंदन सिंह से एक फरवरी को भटक गया था। भटकते हुए वह चौबेपुर थाने पहुंचा, लेकिन अपना नाम-पता नहीं बता पा रहा था। पुलिस ने धीरे-धीरे उसके बारे में जानकारी इकट्ठा कर परिजनों को सूचना दी। पिता विनय सिंह चौबेपुर थाने आए और चंदन को साथ ले गए।
मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
महाकुंभ के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के कुशल प्रबंधन हेतु मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने मंडल के बनारस एवं वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
उन्होंने स्टेशनों पर बने होल्डिंग एरिया, यात्री आश्रय से लाकर सुरक्षित रूप से गाड़ियों में बैठाकर रवाना करने की पूरी प्रक्रिया को अत्यंत सुनियोजित रूप से सभी विभागों के आपसी तालमेल द्वारा सफलतापूर्वक सम्पन्न करने के निर्देश दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने अपने मंडलीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सकुर्लेटिंग एरिया में एंट्री-एग्जिट पॉइंट, यात्री आश्रय, सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रोजेक्ट अलंकार की सीडीओ ने की समीक्षा
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में विकास भवन में प्रोजेक्ट अलंकार योजना के लिए बैठक हुई। कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति के संबंध में प्रधानाचार्यों से जानकारी ली। कठिनाइयों को दूर करने और कार्यों को यथाशीघ्र पूरा करने के लिए संस्था को निर्देश दिए। इसमें राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, यूपी सिडको के अधिकारी शामिल रहे।
अपर पुलिस आयुक्त ने देखी यातायात व्यवस्था
पलट प्रवाह के मद्देनजर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. एस चनप्पा ने शहर के अलग-अलग इलाकों में पैदल गश्त की। चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर, मलदहिया, अंधरापुल और कैंट रोडवेज व रेलवे स्टेशन के इलाके की यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था देखी। थानाध्यक्षों से कहा कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े हों। किसी भी सूरत में सड़क पर वाहन न लगे। पुलिस श्रद्धालुओं से विनम्रता से पेश आए। पुलिसकर्मी द्वारा श्रद्धालु के साथ बदसलूकी की शिकायत न आए। अन्यथा की स्थिति में विभागीय कार्रवाई में देरी नहीं की जाएगी।
जीआरपी की मदद से बची महिला श्रद्धालु की जान
गकैंट जीआरपी की तत्परता से उत्तर रेलवे के वाराणसी कैंट स्टेशन पर बिहार की महिला श्रद्धालु की जान बच गई। एग्जीक्यूटिव लाउंज के बाहर विमला देवी अचानक गिरकर छटपटाने लगी और कुछ ही देर में बेहोश हो गईं।
जीआरपी कैंट प्रभारी हेमंत सिंह ने बताया कि महिला यात्री अपने पति के साथ प्रयागराज जाने के लिए बिहार से बुद्ध पूर्णिमा ट्रेन से महंतपुरा नालंदा से वाराणसी आई थी। महिला के बेहोश होने पर लोग जुट गए थे, लेकिन कोई मदद नहीं मिल रहा था। बताया कि क्यूआरटी टीम से जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे और उन्हें आपात चिकित्सा केंद्र ले गए। जांच प्राथमिक चिकित्सा के बाद महिला स्वस्थ होकर प्रयागराज रवाना हो गई। चिकित्सक ने बताया कि बीपी लो होने की वजह से महिला बेहोश हो गई थी।
भैया लाल की हत्या करने वालों की हो गिरफ्तारी
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। लोहता थाना के कोटवा गांव निवासी भैया लाल पटेल की निर्मम हत्या पर परिजनों से मुलाकात की। गोपाल राय ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार ने गोपाल राय को बताया कि मुख्य अभियुक्त में प्रमुख रूप से अशरफ अली, मुराद अली, रिजवान प्रधान और 4 अज्ञात ने भैया लाल को बुरी तरह मारा। आंख निकाल कर शव को जला दिया।
लोगों का आरोप है की दुखी परिवार के साथ खड़े होने वाले और हत्या पर विरोध जताने वाले चार लोगों पर केस कर दिया गया। ग्रामीणों ने लोहता थाना प्रभारी और कोटवा चौकी इंचार्ज की लापरवाही की लिखित शिकायत की। कहा कि न्याय और सुरक्षा नहीं मिलता है तो हिंदू परिवार कहीं पलायन करेगा। गोपाल राय ने कहा कि तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो सीएम से मुलाकात करेंगे। इस दौरान कन्हैया महाराज, कृष्णा पांडेय, राजेश मौर्या, किशोर सिंह, अखिलेश कुमार, प्रवेश कुमार उपस्थित रहे।
बंद क्राॅसिंग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर मौत
हवेलिया क्राॅसिंग बंद होने के बाद भी पार करते समय शुक्रवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सारनाथ थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे के दौरान युवक शराब के नशे में था। आशापुर निवासी सत्येंद्र पांडेय उर्फ बबलू (43) पूजा-पाठ कराता था।
अपराह्न 3:30 बजे बंद क्राॅसिंग पार करने के दौरान वह सारनाथ की तरफ से वाराणसी सिटी की तरफ जा रही कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। शराब के नशे में धुत सत्येंद्र को मौके पर मौजूद लोगों ने क्रॉसिंग पार करने से मना किया था, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। लोगों ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस को सूचना दी गई। वहीं, इस मामले में परिजनों ने बताया कि दो पुत्रों और एक पुत्री का पिता सत्येंद्र चार भाइयों में दूसरे नंबर का था।
दो दोस्तों को पीटकर घायल किया, 3 पर केस
शिवपुर थाने में परमानंदपुर के आशीष पटेल ने तीन लोगों पर मारपीट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों में सिंगही, राजातालाब का अनीश, जौनपुर के जलालपुर, सिरकोनी के शाहजाद और शाहरुख हैं। आशीष पटेल ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त सुंदरपुर निवासी शुभम पटेल के साथ मोटरसाइकिल से गाजीपुर से वाराणसी आ रहा था।
दांदूपुर पेट्रोल पंप के पास सड़क पर खड़े होकर तीन युवक बातचीत कर रहे थे। तीनों को सड़क से हटने के लिए कहा तो उन्होंने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने लाठी-डंडे से उसकी और दोस्त की पिटाई की। तीनों ने उसकी मोटरसाइकिल को ईंट-पत्थर से क्षतिग्रस्त कर दिया। शोरगुल सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हुए तो तीनों जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
छात्र ने लगाया जान से मारने की धमकी का आरोप
बीएचयू में हिंदी विभाग का छात्र तेज रफ्तार कार से घायल हो गया। छात्र ने आरोप लगाया कि उसे डंडे से मारते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। छात्र ने लंका थाने में एक तहरीर दी है। हिंदी विभाग के छात्र हेमंत गुप्ता ने कहा कि एक तेज रफ्तार कार ने बीएचयू गेट के पास धक्का मार दिया। विरोध किया तो उसने गाली दी फिर लोहे के रॉड और डंडे से हमला किया। फिर जान से मारने की धमकी दी गई। हेमंत ने जख्म भी दिखाए और कहा कि धमकी के बाद वह काफी डरा-सहमा है। वहीं, प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने कार जब्त कर ली है।
सहायक अध्यापक की स्कॉर्पियो पर पथराव
चौबेपुर के गौरा कलां के गांधी इंटर काॅलेज के गेट पर सहायक अध्यापक नीरज लाल की स्काॅर्पियो पर कुछ छात्रों ने पथराव कर दिया। पथराव करने वाले छात्र कॉलेज के ही बताए गए हैं। अध्यापक की सूचना पर मौके पर चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा पहुंचे। नीरज लाल ने स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने में केस
लोहता के हैबतपुर कोटवां गांव के अतुल उर्फ गोविंद यादव (23) को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पड़ोसी उषा सहित पांच लोगों पर लोहता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हैबतपुर कोटवां गांव निवासी लालबहादुर यादव ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोस में शीतला उर्फ ठुल्लू और उसका परिवार रहता है। शीतला की बेटी उषा मायके में है।
गुरुवार की सुबह उनके बेटे अतुल से उषा कहासुनी करने लगी। इसके बाद ऊषा की मां, चाचा रामतेज व बाऊ और चचेरे भाई रोहित ने अमुल से गालीगलौज शुरू कर दी। अतुल को धमकी दी कि तुम्हें और तुम्हारे परिजनों को छेड़खानी और दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाकर जिंदगी बर्बाद कर देंगे। धमकी से अतुल डर गया और अपनी बाइक लेकर घर से निकल गया। कुछ घंटों बाद पता लगा कि अतुल ने फरीदपुर रिंग रोड के पास ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी है। लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गलत डिस्प्ले के चलते विभूति एक्सप्रेस के यात्रियों की छूटी ट्रेन
प्रयागराज से हावड़ा जाने वाली विभूति एक्सप्रेस के यात्रियों ने शुक्रवार रात कैंट स्टेशन पर विरोध दर्ज कराया। यात्रियों का आरोप था कि ट्रेन के कोच में डिस्पले पर गलत जानकारी के कारण ट्रेन छूट गई। कोच में श्रद्धालुओं का कब्जा हो गया। इस वजह से भागम भाग के बीच वह कोच में सवार नहीं हो सके।
लगभग 35 यात्रियों की ट्रेन छूट गई। यात्रियों ने रेल मदद एप और डिप्टी एसएस कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। कैंट स्टेशन पर शुक्रवार रात यात्री अपनी ट्रेन लेने पहुंचे। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म की भीड़ से कैसे कैसे ट्रेन तक पहुंचे। यात्रियों का आरोप था कि ट्रेन आने पर कोच पर गलत जानकारी डिस्पले की गई, जिसकी वजह से भागदौड़ करनी पड़ी और वहां उनकी ट्रेन छूट गई।
ऑटो लेन को जल्द चालू करें : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कैंट स्टेशन के पास मार्ग पर बन रहे ऑटो लेन का निरीक्षण किया। जिसका उपयोग ऑटो लेन के लिए शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही रेलवे और रोपवे से समन्वय स्थापित कर निर्धारित लेन में कार्य करने को कहा। मालगोदाम के रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। शेल्टर होम में ठहरे व्यक्तियों से नगर निगम की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। नगर आयुक्त ने पांडेयपुर फ्लाईओवर के नीचे चल रहे कार्यों का भी औचक निरीक्षण किया।
डीएलडब्ल्यू मेंस यूनियन ने किया प्रदर्शन
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन की ओर से डीएलडब्ल्यू मेंस यूनियन ने शुक्रवार को बीएलडब्ल्यू में रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। अरविंद प्रान ने यूपीएस के तहत कंट्रीब्यूटरी सिस्टम का विरोध, बेसिक पे में 50 प्रतिशत डीए का मर्जर, जर्जर रेल आवासों की जगह मल्टी स्टोरी आवास बनाने, रेलों में निजीकरण, निगमीकरण पर रोक लगाने की मांग की। महामंत्री अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि यूपीएस में 10 प्रतिशत का कंट्रीब्यूटरी सिस्टम न्याय संगत नहीं है। इसमेंे कमलेश सिंह, त्रिलोकी नाथ सिंह, शिव बालक प्रसाद, नवीन राय, आशुतोष कुमार शामिल रहे।
सपा ने दलित बस्ती में लगाई पीडीए जनचौपाल
समाजवादी पार्टी की ओर से दलित बस्ती ढेलवरिया के अंबेडकर नगर कॉलोनी में पीडीए जनचौपाल लगाया गया। अल्पसंख्यक सभा के महानगर अध्यक्ष हैदर गुड्डू के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कहा कि पीडीए की बुनियाद पर ही सपा के 37 सांसद जीतकर देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचे हैं। आगामी विस चुनाव में पीडीए के बल पर ही सपा चुनाव लड़ेगी। इसमें शमीम अंसारी, जावेद अंसारी, मो. अजफर गुड्डू मास्टर, अरविंद सिंह और सन्नी सोनकर मौजूद रहे।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित न हों आवेदन
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया है जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़े लंबित आवेदनों का निस्तारण करें। लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पिछले दिनों नगर निगम ने 50 दिन में 16005 जन्म प्रमाण पत्र बनाकर जारी किया। इस समय स्कूल और आधार कार्ड के लिए जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लोग आ रहे हैं। ऐेसे में नगर निगम की ओर से अभियान के तहत जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करें। आठों जोनल कार्यालयों से 10000 जन्म प्रमाण पत्र जारी किया गया। नगर निगम मुख्यालय से 1305 जन्म प्रमाण पत्र जारी किया गया।
7 दिन में आईजीआरएस मामले निस्तारित करें
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को आईजीआरएस की समीक्षा की गई। वीडीए सचिव ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को सात दिन के अंदर निस्तारण रिपोर्ट भेजने को कहा। सर्वाधिक खराब गुणवत्ता वाले जोन 3 और 4 के जोनल अधिकारी को कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थलीय जांच के दौरान शिकायतकर्ता से भी वार्ता करें।
ओपीडी में 888 मरीजों का हुआ इलाज
गसीएमओ और स्वास्थ्य अधिकारियों की ओपीडी में 888 मरीजों का इलाज किया गया। सीएमओ ने 297 मरीज और बाकी मेडिकल अफसरों ने 591 रोगियों को परामर्श दिया। शुक्रवार तक ओपीडी में आए मरीजों का विवरण जारी किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक शहरी सामुदायिक केंद्र शिवपुर, चौकाघाट और दुर्गाकुंड में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी की सप्ताह के तीन दिन और दो घंटे तक ओपीडी चली। अन्य अधिकारियों में डॉ. संजय कुमार राय ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुरा, भेलूपुर और एसवीएम अस्पताल भेलूपुर ने सेवाएं दीं।
आयुष्मान में वकीलों को शामिल करने की मांग
वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलकर पत्रक सौंपा। आयुष्मान कार्ड की योजना में वकीलों को भी शामिल करने की बात कही। स्वास्थ्य मंत्री ने विचार करने का आश्वासन दिया है। उनसे मिलने वालों में बनारस बार के अध्यक्ष सतीश तिवारी, महामंत्री शशांक श्रीवास्तव सेंट्रल बार के पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर सिंह और पूर्व महामंत्री सुरेंद्र नाथ पांडेय शामिल रहे।
कहीं दो तो कहीं चार घंटे कट रही बिजली
मौसम के रुख में बदलाव के साथ ही बिजली अपना रंग दिखाने लगी है। शहर के विभिन्न इलाकों में चार से छह घंटे की कटौती शुरू हो गई है। कभी ट्रिपिंग तो कभी लाइन में फॉल्ट की वजह से बिजली गुल हो रही है। इसके अलावा मरम्मत के काम की वजह से आपूर्ति को बंद किया जा रहा है।
इससे लोगों को परेशानी हो रही है। बोर्ड की परीक्षा नजदीक हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों को परेशानी हो रही है। शुक्रवार को सोयेपुर, लालपुर, अमरपुर, धनश्याम डिग्री कॉलेज के पास और पांडेयपुर में दो से चार घंटे तक बिजली कटौती की गई। कंदवा, रथयात्रा, लोहता, चितईपुर, मंडुवाडीह, चौकाघाट में भी कई बार ट्रिपिंग हुई। यह स्थिति लगभग रोज की हो गई है। दिन में कभी 15 मिनट तो कभी आधा घंटा बिजली गुल हो जाती है।
मुख्य अभियंता कार्यवाहक अनिल कुमार ने बताया कि शहर के सभी जोन में बिजली के सुधार का कार्य चल रहा है। इसकी वजह से कटौती की जा रही है। कुछ स्थानों पर फॉल्ट के चलते भी समस्या आ रही है, जिसे दुरुस्त कर आपूर्ति को चालू कर दिया जा रहा है।
डॉक्टरों ने कॉन्फ्रेंस का दिया आमंत्रण
बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग के डॉक्टरों ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री को आगामी 29 अक्तूबर काशी में होने जा रहे इंडियन एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी के 32वें कॉन्फ्रेंस का आमंत्रण दिया।
विभाग के प्रो. विजयनाथ मिश्र और प्रो. आरएन चौरसिया ने बताया कि न्यूरोलॉजी काशी की शाश्वत आत्मा की थीम पर पांच दिन ये आयोजन होगा। कार्यक्रम में काशी का परिवर्तन 2017 से 2025-तब नाम की एक गैलरी होगी। यहां पर स्थानीय, जीएल उत्पादों और ओडीओपी की एक प्रदर्शनी भी देखेंगे। इस सम्मेलन में देश से 2500 और विदेश से करीब 500 डॉक्टरों और वैज्ञानिकों के आने की उम्मीद है।
अतीत और संस्कृति का परिचय पत्र है भाषा
बीएचयू में शुक्रवार को भाषा और संस्कृति विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी में मुख्य अतिथि हैदराबाद विश्वविद्यालय के प्रो. पंचानन मोहंती ने कहा कि भाषा अतीत और संस्कृति का परिचय पत्र है। इससे अपनी पुरातन संस्कृति और उसमें निहित संबंधों के चरित्र को भी जान सकते हैं। भाषा हमारे सांस्कृतिक अतीत को पुनर्निर्मित करती है।
भारतीय भाषायी समूह जैसे कि इंडो-आर्यन और द्रविड़ भाषाई समूह के लोग आज सबसे ज्यादा हैं। भाषाओं का एक-दूसरे प्रभाव भी दिखता है। बीएचयू के अंतर सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र और मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र का ये वर्कशॉप 23 फरवरी तक चलेगा।
पाणिनी में तीन विभूतियों का हुआ सम्मान
बौद्धायन सोसाइटी की ओर से महमूरगंज स्थित पाणिनि कन्या महाविद्यालय में सारस्वत समागम हुआ। माता कैकेयी (खण्डकाव्य) और रंग बनारस दो पुस्तकों का लोकार्पण हुआ। इस दौरान शहर की तीन विभूतियों का सम्मान किया गया। इसके अलावा वासंतिक काव्यगोष्ठी हुई। डाॅ. मंजरी पांडेय की पुस्तक माता कैकेयी (खण्डकाव्य) और बालमुकुंद त्रिपाइी की रंग बनारस पुस्तक का लोकार्पण हुआ। शहर की तीन विभूतियों सुनील विश्वकर्मा, सुमन पाठक, डाॅ रचना शर्मा का सम्मान हुआ।
रंग डारूंगी नंद के लालन पे...
सुबह-ए-बनारस अस्सी घाट में शुक्रवार को युवा कलाकार श्रीदेवी शरवानी का गायन हुआ। आरंभ राग बिलासखानी तोड़ी में निबद्ध बंदिश से की। बोल थे- धन धन भाग...। द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश के बोल थे- रुनक झूनक बाजे...। होरी के बोल थे- रंग डारूंगी नंद के लालन पे...। अंत में भजन-शंकर श्रीगिरी...सुनाकर सभी को आनंदित किया। तबले पर पंकज राय तथा संवादिनी पर प्रवीण सिंह ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र योग गुरु पंडित विजय प्रकाश मिश्रा ने दिया।
विद्या निवास शताब्दी वर्ष पर संगोष्ठी
मातृभाषा दिवस पर अभिलाषा नगर कॉलोनी विद्याश्री न्यास कार्यालय में विद्या निवास शताब्दी वर्ष में भारतीय भाषाओं के संदर्भ में पंडित जी की भारतीय भाषाओं से संदर्भित मौलिक अवधारणा पर एक संगोष्ठी हुई। इसमें विद्याश्री न्यास के सचिव डॉक्टर दया निधि मिश्रा ने कहा विद्या निवास मिश्र की भारतीय भाषाओं के संदर्भ में अपनी मौलिक अवधारणा थी। सभा की अध्यक्षता प्रोफेसर चंद्रशेखरन ने की। संचालन डॉक्टर प्रकाश उदय ने किया। इस असवर पर डॉक्टर प्रेम कुमार, डॉ राम सुधार सिंह,अरविंद कुमार पांडेय, सत्येंद्र राम, वीरेंद्र राम त्रिपाठी ने विचार व्यक्त किए।
गंगा स्वच्छता अभियान से जुड़े जापान के पर्यटक
अस्सी घाट पर शुक्रवार को नमामि गंगे ने स्वच्छता की अलख जगाई। अभियान के तहत टीम ने गंगा तट की सफाई की। गंगा किनारे और घाट की सीढ़ियों पर बिखरे कूड़े-कचरे को उठाकर कूड़ेदान में डाला। जापान के पर्यटकों ने भी टीम के साथ स्वच्छ गंगा-निर्मल गंगा और सबका साथ हो, गंगा साफ हो... का संदेश दिया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र संयोजक राजेश शुक्ला ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया।
त्रिलोचन घाट पर बलराम मंदिर में सफाई
महाशिवरात्रि को देखते हुए नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर इकाई की ओर से चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को त्रिलोचन घाट पर बलराम मंदिर में सफाई अभियान चलाया गया। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में मंदिर में स्थित प्राचीन विग्रहों की सफाई के बाद गंगाजल से स्नान करवाया। अभियान में ऊषा गुप्ता, निधि अग्रवाल, रागिनी सिन्हा आदि रहीं।
वर्ड फॉरमेशन, ग्रेड अंताक्षरी के सरल तरीके बताए
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सारनाथ (डायट) पर शुक्रवार को जनपद के समस्त ब्लॉक व नगर के सभी उच्च प्राथमिक विद्यालय के अंग्रेजी विषय के शिक्षकों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। इसमें शिक्षकों को अंग्रेजी भाषा को रोचक गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाने की ट्रेनिंग दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को अंग्रेजी भाषा शिक्षण में वर्ड फॉरमेशन, ग्रेड अंताक्षरी और व्याकरण शिक्षण के सरल तरीके बताए गए। इस दौरान संयोजक डायट प्रवक्ता डॉ. अमित दुबे, चिरईगांव से प्रशिक्षक आलोक कुमार मौर्य, आराजीलाइन से परमा विश्वाश और दीप्ति मिश्रा ने सहयोग किया।
स्वास्थ्य पर पड़ रहा जलवायु परिवर्तन का प्रभाव
वाराणसी। बीएचयू में जलवायु परिवर्तन पर हुए कॉन्फ्रेंस एनबीएचईएस-2025 में वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बीएचयू में शुक्रवार को विज्ञान संस्थान में पर्यावरण विशेषज्ञ श्वेता कुमार ने बताया कि जलवायु परिवर्तन से इंसान पर पड़ने वाले प्रभावों को रोकने के लिए पेरिस समझौते का कड़ाई से पालन करना होगा।
इसके अलावा सतत विकास लक्ष्य पर नीतियां बनाने की जरूरत है। प्राचार्य प्रो. रीता सिंह और संयोजक प्रो. करुणा सिंह ने बताया कि ये कार्यक्रम शनिवार तक होगा। इसमें मानव मस्तिष्क कोशिका मॉडल, नई दवाओं के विकास, जीन, आनुवंशिक विकारों और कैंसर के बीच संबंध, जैव विविधता के लिए खतरे, स्थायी पर्यावरण और कृषि के लिए जैव प्रौद्योगिकी उपकरण और इनोवेशन आदि पर चर्चाएं होंगी।
ट्रेनों के रूट के लिए बनेंगे अलग-अलग वेंटिंग एरिया
महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने वाराणसी जंक्शन, रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं। यहां पर अतिरिक्त प्रतीक्षालय क्षेत्र, टिकटिंग सुविधाएं, छायादार आश्रय, तथा अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा, यात्रियों की सुगमता के लिए गंतव्य के अनुसार अलग-अलग प्रतीक्षालय क्षेत्र बनाए गए हैं। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि बिहार, अयोध्या और प्रयाग जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों की व्यवस्था की गई है।
संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि सभी महाकुंभ मेला विशेष ट्रेनें, जो बिहार के लिए प्रस्थान करेंगी, विशेष रूप से प्लेटफाॅर्म संख्या 5 से चलेंगी। यह प्लेटफाॅर्म अपनी अधिक चौड़ाई के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों को संभालने में सक्षम है। इसलिए ज्यादातर ट्रेनों को यही से रवाना करने की रेलवे की योजना है।
आज पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग, जर्जर एबीसी बदलने और पेड़ कटाई से संबंधित कार्य को लेकर शनिवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी कज्जाकपुरा उपकेंद्र पर सुबह 11 बजे से शाम के 4 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इसके साथ ही 33 केवी उदयपुर, पांडेयपुर, दौलतपुर उपकेंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते धनश्याम डिग्री कॉलेज, सोयेपुर, लालपुर मस्जिद के आसपास क्षेत्र, अथका गांव, बजरंग नगर, संजय नगर, जीडी नगर, राय साहब का बगीचा के आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा।
ज्ञानवापी मामले की सुनवाई टली
ज्ञानवापी से जुड़े तीन साल पुराने जमीन की अदला-बदली के मामले को गलत बताते हुए और कॉरिडोर की सारी जमीन बाबा विश्वनाथ के नाम करने के लिए अधिवक्ता नित्यानंद राय द्वारा दाखिल मुकदमे में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण मामले की सुनवाई टल गई। सिविल जज सीनियर डिवीजन हितेश अग्रवाल की अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 10 मार्च की तिथि नियत की है।
28 फरवरी तक चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
महाकुंभ और महाशिवरात्रि पर्व पर वाराणसी स्टेशन से आवागमन करने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेल प्रशासन ने 22 से 28 फरवरी तक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। गाड़ी संख्या 04282 वाराणसी से औड़िहार जं. कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन वाराणसी जंक्शन से सुबह 11:15 बजे प्रस्थान करेगी और वाराणसी सिटी, सारनाथ होते हुए औड़िहार जं पर 12:15 बजे पहुंचेगी। वहीं 04284 वाराणसी से औड़िहार जं. कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन वाराणसी जंक्शन से समय 18:15 बजे प्रस्थान करेगी।
डॉ. सुकांत करेंगे किसान सम्मान निधि वितरण
कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर में 24 फरवरी को शिक्षा एवं विकास पूर्वाेत्तर मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार आएंगे। इनके नेतृत्व में ही किसान सम्मान निधि का वितरण होगा। दरअसल, 24 फरवरी को पीएम किसान निधि का वितरण दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। इसका लाइव प्रसारण 2 बजे से केंद्र में किया जाएगा। इसी क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र में भी इसका वितरण किया जाएगा। बता दें कि हर केवीके में कैबिनेट मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सिविल सेवा की निशुल्क तैयारी के लिए आज से इंटरव्यू
सिविल सेवा (प्री और मुख्य) परीक्षा की निशुल्क कोचिंग में प्रवेश के लिए शनिवार और सोमवार को इंटरव्यू होगा। अनुसूचित जाति और ओबीसी वर्ग के छात्र-छात्राओं का इंटरव्यू शनिवार को होगा। वहीं, 24 को अनुसूचित जनजाति के सभी अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय परिसर में डाॅ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र (ओल्ड कंप्यूटर सेंटर) पर सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक इंटरव्यू की प्रक्रिया चलेगी। सभी सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का शेड्यूल भेज दिया गया है। अधिक जानकारी के लिए वे डाॅ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के मेल dace.office@bhu.ac.in और मोबाईल नंबर 9450071669 पर संपर्क कर सकते हैं।
कैंपस प्लेसमेंट में 35 युवाओं का हुआ सेलेक्शन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में शुक्रवार को हुए कैंपस सेलेक्शन में उत्तराखंड की एक निजी कंपनी ने 35 युवाओं का सेलेक्शन किया। कैंपस सेमेक्शन में 80 युवाओं ने प्रतिभाग किया। प्लेसमेंट इंचार्ज सुनील कुशवाहा ने बताया कि डेंटर, वेल्डर, पेंटर सहित कई पदों पर 180 वैकेंसी थी। चयनित युवाओं को 12 से 15 हजार तक वेतन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मिशन रोजगार के तहत प्लेसमेंट कराया गया। आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य एमके सिंह जी ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं।
कॅरिअर गाइडेंस मेले का आयोजन आज
पीएम श्री राजकीय क्वीस इंटर कॉलेज में शनिवार को जनपद कॅरिअर गाइडेंस मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले के सभी राजकीय विद्यालय की सहभागिता अनिवार्य है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल और अति विशिष्ट अतिथि संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा और डॉ. मुमताज अहमद अंसारी होंगे। कॅरिअर गाइडेंस मेला में देश-विदेश के विशेषज्ञ कॅरिअर से संबंधित मार्गदर्शन करेंगे।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में रोजगार मेला आज
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की तरफ से शनिवार को सुबह 11 बजे से कार्यालय परिसर चौकाघाट में रोजगार मेले का आयोजन होगा। इसमें एक निजी कंपनी द्वारा 200 युवाओं का चयन किया जाएगा। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि मेला में इंटरमीडिएट, स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। सभी अभ्यर्थी अपना पंजीयन rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर अवश्य करवा लें। जिन अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण नहीं करा पाया है वह शनिवार को ही कार्यालय में उपस्थित हो कर अपना पंजीकरण कराकर भाग ले सकता है।
अब 25 फरवरी तक कर सकेंगे आवेदन
बेसिक विभाग की ओर से एआरपी और प्राथमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है। अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के 45 पदों ( हिंदी 9, अंग्रेजी 9, गणित 9, विज्ञान 9 और सामाजिक विज्ञान के 9 पदों) पर चयन होगा। वहीं, अध्यापकों के आवेदन की अंतिम तिथि 20 फरवरी से 25 फरवरी कर दी गई है। आवेदन पत्र को 25 फरवरी 5 बजे तक बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में रजिस्टर्ड डाक से और सीधे कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
मातृभाषा के विकास में आगे आएं स्कूल-कॉलेज
अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर यूपी कॉलेज में शुक्रवार को तत्कालिक भाषण और साइबर क्राइम से बचाने की तकनीक सिखाई गई। आशुभाषण प्रतियोगिता तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान राजर्षि सेमिनार हॉल में प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि हिंदुस्तान के स्कूल और कॉलेज अपनी रुढ़ मानसिकता को छोड़कर मातृभाषाओं के विकास में आगे आएं। अन्यथा, सहायक न होकर बाधक बन जाएंगे। दिखावे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण भारत सहित पूरी दुनिया की अनेक मातृभाषाएं अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही हैं।
वेबसाइटों पर मिलेगी विदेशों में रोजगार की जानकारी
अमेरिका से अप्रवासियों को भारत भेजे जाने के बीच अब यूपी में भी विदेश जाने वाले युवाओं को सही मार्गदर्शन देने की तैयारी शुरू हो गई है। नौकरी के लिए विदेश जाने वाले लोगों को सही जानकारी देने के लिए एक पोर्टल बनाया जाएगा।
इस पोर्टल पर विदेश में नौकरी के लिए रिक्त पदों की संख्या और योग्यता सहित कई जानकारियां होंगी। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में इमिग्रेशन एक्ट-1983 के तहत पंजीकृत रोजगार एजेंटों की बीते दिन हुई बैठक में यह निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्य सचिव ने कहा कि पोर्टल के माध्यम से विदेश जाने वालों का मार्गदर्शन किया जाए। विदेश में रिक्त पदों की संख्या और उसके लिए योग्यता जैसी सभी जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाए।
जल पुलिस ने दो श्रद्धालुओं को बचाया
वाराणसी में ललिता घाट पर गंगा स्नान के दाैरान डूब रहे दो श्रद्धालुओं को जल पुलिस ने बचा लिया। मुंडगोड (कर्नाटक) निवासी मंजूनाथ हीरेमठ और उनके मित्र बसैया श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन करने को पहुंचे थे। दर्शन के पहले वह सुबह विश्वनाथ कॉरिडोर के गंगा द्वार पर ललिता घाट पहुंचकर गंगा स्नान करने लगे।
इसी दौरान पैर फिसलने से मंजूनाथ अनियंत्रित हो गए। उसे बचाने में उनके मित्र बसैया भी अनियंत्रित हो गए। घाट पर ड्यूटी में तैनात जल पुलिस के सिपाही वैभव सिंह ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बचाया। श्रद्धालुओं ने यूपी पुलिस का आभार जताया।