फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   News in varanasi Fight between bride and groom serving breakfast case filed for kidnapping a teenager

News in Brief: नाश्ता कराने की बात पर वर-बहू पक्ष में मारपीट, किशोरी को भगा ले जाने के मामले में केस

Sat, 13 Jul 2024 06:13 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 13 Jul 2024 06:13 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में अपराध के साथ अन्य खबरें भी रहीं। शिवपुर थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में नाश्ते को लेकर वर और वधू पक्ष के लोगों में मारपीट हो गई। वहीं, कपसेठी थाना के एक गांव में दो भाइयों पर पांच-छह लड़कों ने लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
News in varanasi Fight between bride and groom serving breakfast case filed for kidnapping a teenager
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

रामलीला मैदान स्थित धर्मशाला में बीती शाम आयोजित वैवाहिक समारोह में नाश्ता कराने की बात पर वर और बहू पक्ष के लोगों के बीच मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे पर कुर्सी फेंक कर की गई मारपीट में वर पक्ष की एक महिला और एक पुरुष को चोट लगी है। सूचना पाकर शिवपुर थाने की पुलिस ने घायलों को मेडिकल मुआयना के लिए भिजवाया।

विज्ञापन


कांशीराम आवास कॉलोनी में रहने वाली तारा देवी की पुत्री गुड़िया का विवाह भवानीपुर निवासी भैयालाल चौधरी के पुत्र अरुण चौधरी से तय था। तारा देवी ने बताया कि रामलीला मैदान स्थित धर्मशाला में शुक्रवार की दोपहर 12 बजे का समय वर पक्ष को आने के लिए दिया गया था। 
विज्ञापन


वर पक्ष के लोग शराब के नशे में शाम पांच बजे आए। पक्ष के लोगों के गालीगलौज का विरोध किया गया तो कुछ लोगों ने कुर्सियां उठा कर मारपीट शुरू कर दी। बीचबचाव करने आए दूल्हे के चचेरे भाई अजय चौधरी और दूल्हे की बुआ की बेटी राधिका देवी को गंभीर चोट लगी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उधर, इस संबंध में शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। दोनों पक्ष की तहरीर भी ले ली गई है। यदि वह एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराना चाहेंगे तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसीपी के निर्देश पर किशोरी को भगा ले जाने के मामले में मुकदमा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग किशोरी को युवक घुमाने के बहाने लेकर भाग गया। किशोरी के पिता ने एसीपी राजातालाब के यहां प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बीस दिन पूर्व गांव का ही एक युवक मेरी पुत्री को घुमाने के बहाने लेकर भाग गया और साथ ही एक सोने की अंगूठी और बीस हजार रुपया नगद भी लेकर चला गया।

किशोरी के पिता के प्रार्थना पत्र पर एसीपी राजातालाब के निर्देश पर मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपी युवक जुगनू के खिलाफ किशोरी को बहला-फुसला कर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुट गई।

वन विभाग के गेट के सामने धंसी सड़क, नोटिस
सारनाथ से बरईपुर जाने वाले मार्ग पर वन विभाग के गेट के सामने धंसी सड़क का शनिवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण के सचिव ने निरीक्षण किया। उन्होंने सीवर और पेयजल लाइन डालने वाली कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी किया। 

बताया गया कि जहां सड़क धंसी हैं, वहीं नीचे सीवर और पेयजल की लाइन डाली गई है। लीकेज से सड़क धंस गई। सचिव ने बताया कि सड़क अभी निर्माणाधीन है और कार्यदायी संस्था को हिदायत दी कि काम की गुणवत्ता बनाए रख इसे ठीक करें।

अधिवक्ता ने छोटे भाई के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
अमौली भदिवां गांव निवासी अधिवक्ता आशीष कुमार ने कैंट थाने में छोटे भाई अभिषेक पाठक के खिलाफ तोड़फोड़ और धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

अधिवक्ता का आरोप है कि उनका छोटा भाई उनके चैंबर में अपने कुछ साथियों के साथ असलहा लेकर आया था। उसने उनके साथ गालीगलौज करने के साथ ही चैंबर में तोड़फोड़ की। फिर धमकी दी कि अगर उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे से उन्होंने वकालतनामा वापस नहीं लिया तो वह जान से मार देगा।

लाठी-सरिया से हमला कर दो भाइयों को किया घायल
कपसेठी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में दोपहर दो सगे भाइयों पर पांच-छह मनबढ़ युवकों ने लाठी और सरिया से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सेवापुरी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया।

रघुनाथपुर गांव के सनी और मुकेश राजभर सगे भाई हैं। परिजनों के अनुसार दो दिन पहले पड़ोस के दो युवकों से किसी बात को लेकर दोनों भाइयों का विवाद हुआ था। उस दिन आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। उस विवाद की रंजिश में, पड़ोसी दोनों युवकों ने दूसरे गांव के कुछ लोगों की मदद से सनी और मुकेश पर हमला कर दिया। इसके बाद सभी मौके से भाग गए। 

उधर, इस संबंध में कपसेठी थानाध्यक्ष बांकेलाल ने बताया कि घायल युवकों के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बस चालक को पीटने वाले मनबढ़ ने यापारी को धमकाया
फूलपुर थाना क्षेत्र के मीराशाह तिराहे पर रोडवेज बस के चालक को पीटने वाला मनबढ़ यात्री पुलिस की गिरफ्त से दूर है। हालांकि, पुलिस की मुखबिरी के आरोप में उसने एक आभूषण व्यापारी को पीटने और मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। आभूषण व्यापारी ने पुलिस से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। 

वाराणसी से जौनपुर जा रही बस के चालक दीपक कुमार की गत बुधवार रात मीराशाह तिराहे पर एक मनबढ़ यात्री ने पिटाई कर दी थी। इससे गुस्साए बस चालक ने हंगामा किया था। शोर सुनकर पास ही रहने वाले आभूषण व्यापारी राहुल सेठ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। 

बस चालक पुलिस की कार्रवाई के आश्वासन पर चला गया था। अब मनबढ़ ने पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाते हुए राहुल से गालीगलौज कर उन्हें मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। 

84 फ्लैटों के मानचित्र वीडीए ने 96 घंटे में स्वीकृत किए
बीएचयू से नरिया सुसुवाही मार्ग पर वीडीए ने अल्प आय वर्ग के लिए 84 फ्लैटों की अफोर्डेबल ग्रुप हाउसिंग स्कीम 96 घंटे में स्वीकृत की। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार शासन की ओर से सस्ते फ्लैट बनाने के लिए कई तरह की रियायत दी जा रही है।

बताया कि तमाम रियायतों के साथ किफायती फ्लैट का निर्माण करने के लिए विकासकर्ता अब तेजी से इच्छुक हो रहे है। इस नई नीति से अब 12 मीटर चौड़ी सड़क पर ही बिल्डर न्यूनतम दो हजार वर्गमीटर के भूखंड पर ही फ्लैट बना सकेंगे। 

कम जमीन पर ज्यादा फ्लैट बन सकें इसके लिए एफएआर (फ्लोर एरिया रेसियो) भी सड़क की चौड़ाई व क्षेत्र के अनुसार 2.50 तक रहेगा। डेन्सिटी (घनत्व) भी बढ़ाकर 800 फ्लैट प्रति हेक्टेयर तक की गई है। जनसंख्या घनत्व से मुक्त किए जाने से बिल्डर को बेसिक विकास शुल्क ही देना होगा। 

विकासकर्ता माधुरी सिंह व अन्य की ओर से 2830 वर्ग मीटर भूमि पर मानचित्र ऑनलाइन जमा किया था। जिसे मानचित्र अनुभाग की ओर से बेसमेंट, स्टिल्ट एवं 07 तलों के 84 यूनिट के फ्लैट के मानचित्र को मात्र 96 घंटे में पास कर दिया गया। इसमें बेसमेंट, भूतल पर पार्किंग, कम्युनिटी सेंटर, वाशरुम, लिफ्ट सीढ़ी रहेगी।

शहीदों को दी श्रद्धांजलि
एनई रेलवे मजदूर यूनियन ने वर्ष 1960 की हड़ताल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम लहरतारा स्थित डीआरएम कार्यालय के पास आयोजित हुआ। अध्यक्षता मथुरा प्रसाद तिवारी ने की। 

बेगमपुरा का एसी खराब, शिकायत पर सुनवाई नहीं
जम्मूतवी से वाराणसी आने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस के बी-3 कोच का एसी खराब हो गया। इससे यात्री गर्मी से बेहाल हो गए। कोच में सफर कर रहे लहरतारा निवासी पद्मेश राय ने एक्स पर इसकी शिकायत की लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। किसी तरह से यात्रियों ने सफर पूरा किया। 

आरपीएफ ने चार बच्चों को चाइल्ड लाइन को सौंपा
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) वाराणसी सिटी ने प्लेटफाॅर्म संख्या-1 पर कामायनी एक्सप्रेस से 6, 8 और 9 साल के तीन लावारिस बच्चे बरामद किए। इन्हें चाइल्ड लाइन को सुपुर्द किया गया। वहीं, प्लेटफार्म संख्या-4 पर 9 साल का एक बालक लावारिस हालत में रोते हुए मिला। उसे भी चाइल्ड लाइन को सौंपा गया। 

पांच बसें सीज, निजी समेत 20 स्कूली वाहनों का चालान
निजी और स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच में एआरटीओ प्रवर्तन ने पांच बसों को सीज किया। वहीं, 12 स्कूली और आठ निजी बसों का चालान किया। रिंग रोड बाबतपुर से लेकर शहर में प्रवेश करने वाली बसों के फिटनेस में खामियां मिलीं। 

एआरटीओ (प्रवर्तन) श्याम लाल ने बताया कि स्कूली बसें बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के सड़क पर नहीं उतर सकती हैं। ऐसे स्कूल संचालकों, प्रबंधकों को नोटिस भी दिया गया है। ट्रैवल्स संचालकों को भी हिदायत दी गई कि अनफिट वाहन सड़क पर न उतारें, ऐसा होने पर वाहन सीज होंगे। आठ से 22 जुलाई तक अभियान में स्कूल प्रबंधकों और वाहन संचालकों से अपील है कि वाहनों की फिटनेस करा लें।

हाईवे के पास खुले नाले में मिला मजदूर का शव
कछवां रोड के तमाचाबाद में शनिवार सुबह नेशनल हाईवे के पास खुले नाले में ठटरा गांव के एक मजदूर का शव मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही अंत्येष्टि कर दी। ग्रामीणों का कहना था कि मजदूर शराब पीने का आदी था। आशंका है कि शराब के नशे में घर जाने के दौरान नाले में गिरने से उसकी मौत हुई होगी। 

नंदलाल गौड़ (53) 25 वर्ष से वाराणसी में अपने परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। शुक्रवार शाम चार बजे वह अपने घर आया था। बेटे अनिल ने बताया कि गांव में पुराने मकान की घरौनी में नाम दर्ज कराने के लिए लेखपाल से उसके पिता मिलने गए थे। गांव के लोगों से भी पिता की मुलाकात हुई थी। परिजनों ने बताया कि नंदलाल पांच भाई में सबसे बड़ा था। चार भाई गांव में ही मजदूरी करते हैं। नंदलाल की एक बेटी और एक बेटा है। 

अनंत-राधिका की शादी में पहुंचे शंकराचार्य, नीता अंबानी ने उतारी आरती
अनंत व राधिका के वैवाहिक समारोह में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और स्वामी सदानंद सरस्वती भी पहुंचे। उनके साथ शिष्यों की पूरी मंडली भी वैवाहिक समारोह में शामिल हुए। नीता अंबानी ने शंकराचार्य की आरती उतारकर स्वागत किया और मुकेश अंबानी ने दोनों शंकराचार्य का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। शंकराचार्य ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया।

गंगा के जलस्तर में बढ़ाव जारी, पहुंचा 58.87 मीटर
गंगा के जलस्तर में बढ़ाव लगातार तीन दिन से जारी है। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही बरसात के कारण गंगा का जलस्तर 10 मिलीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। शनिवार को गंगा में जलकुंभी भी नजर आई। 

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर 58.87 मीटर दर्ज किया गया। शनिवार को अस्सी घाट से लेकर राजघाट तक भारी मात्रा में जलकुंभी गंगा में बहती हुई नजर आई। दशाश्वमेध घाट के बगल वाले नाले से सीवर का पानी भी सीधे गंगा में जा रहा था। प्रयागराज में यमुना का पानी बढ़ने के साथ ही चुनार की ओर से जलकुंभी गंगा में बहकर आ रही है।

झारखंड के सीएम पहुंचे बनारस, रविवार को पहुंचेंगे काशी विश्वनाथ मंदिर
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार की शाम को बनारस पहुंचे। सीएम बनने के बाद बनारस पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। सीएम हेमंत सोरेन रविवार को मां विंध्यवासिनी के मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाएंगे।

इसके बाद वह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भी दर्शन-पूजन करेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना मुर्मू, विधायक अविनाश कुमार भी थे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed