नीट फर्जीवाड़ा: सॉल्वर गैंग के छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, हजार से ज्यादा पेज में वारदात की पूरी जानकारी
नीट सॉल्वर गैंग के छह सदस्यों के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट की सारनाथ पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। नीट फर्जीवाड़े में गैंग के मास्टरमाइंड निलेश कुमार उर्फ पीके सहित 13 आरोपी जेल में हैं।
विस्तार
नीट सॉल्वर गैंग के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई जारी है। बुधवार को सारनाथ पुलिस ने सॉल्वर गैंग के छह सदस्यों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। आरोपियों में बीएचयू बीडीएस छात्रा जूली कुमारी, उसकी मां बबिता देवी, भाई अभय कुमार, केजीएमयू का छात्र ओसामा शाहिद, विकास महतो, विकास महतो और राजू कुमार शामिल है।
पुलिस ने एक हजार से ज्यादा पेज का चार्जशीट दाखिल किया है जिसमें सॉल्वर गैंग के मोडस ओपरंडी का पूरा डिटेल है। इसमें आरोपियों और अभ्यर्थियों के बीच इलेक्ट्रॉनिक कनेक्शन के प्रमाण भी दिए गए हैं। साथ ही बैंक खातों में लेनदेन के साक्ष्य भी दिए गए हैं।
मास्टरमाइंड समेत 13 आरोपी जेल में
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि अब तक इस फर्जीवाड़े में गैंग के मास्टरमाइंड पटना निवासी निलेश कुमार उर्फ पीके सहित 13 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। त्रिपुरा की रहने वाली अभ्यर्थी बाराबंकी स्थित राजकीय संप्रेषण गृह में है और बाकी सभी जिला कारागार में निरुद्ध हैं।
परीक्षा केंद्र से पकड़ी गई थी सॉल्वर
12 सितंबर को नीट पेपर के दौरान त्रिपुरा की रहने वाली अभ्यर्थी के स्थान पर सॉल्वर के रूप में पटना निवासी और बीएचयू छात्रा जूली कुमारी बैठी थी, जिसे केंद्र से गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद उसकी मां, भाई, सहित धीरे-धीरे मास्टरमाइंड और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
इनके खिलाफ भी साक्ष्य संकलन का काम चल चल रहा है। जल्द ही अन्य आरोपियों के खिलाफ भी चार्जशीट तैयार कराई जाएगी। फरार 14 आरोपियों के लिए पुलिस की टीमें पटना, त्रिपुरा और यूपी के विभिन्न जिलों में दबिश दे रही है।
पढ़ेंः मुख्तार अंसारी की पत्नी की संपत्ति कुर्क, कीमत 9 करोड़ 44 लाख