नवरात्र 2026: काशी से वैष्णोदेवी, कामाख्या, मैहर जाना मुश्किल, ट्रेनों में टिकट फुल, यात्रियों की बढ़ी चिंता
नवरात्र में काशी से जम्मू, कामाख्या, मैहर जाने वाली ट्रेनों में नो रूम हो गया है। ऐसे में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है। स्लीपर से लेकर अन्य श्रेणी में भी यात्रियों को जगह नहीं मिल पा रही है।
विस्तार
नवरात्र में काशी से जम्मू, कामाख्या और मैहर में दर्शन करने जाने वालों को ट्रेनों में जगह नहीं मिल पा रही है। 11 अक्तूबर से शुरू होने वाले नवरात्र के लिए लोग अभी से ही रिजर्वेशन करवा रहे हैं। इसमें जम्मू रूट पर तीन ट्रेनों में पूरे नवरात्र भर रिग्रेट यानी कंफर्म की बात तो दूर वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पाएगा। उधर कामाख्या और मैहर जाने वाली ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट बहुत लंबी है। लोगों को लाख प्रयास के बाद भी स्लीपर से लेकर एसी में टिकट करवाने में मुश्किल हो रहा है।
नवरात्र इस बार 11 अक्तूबर से शुरू होकर 20 अक्तूबर तक चलेगा। हर साल बड़ी संख्या में लोग काशी से जम्मू में माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए परिवार के साथ जाते हैं। उधर मैहर में माता शारदा का दर्शन करने वालों की भीड़ लग जाती है। कामाख्या जाने वाली ट्रेन का भी लगभग हर कोच भरा रहता है। अब जबकि नवरात्र शुरू होने में 10 दिन ही बचा है, लोग दर्शन, पूजन की योजना बनाकर ट्रेनों में आरक्षण करवाने लगे हैं।
इसे भी पढ़ें; गंगा विलास की काशी में वापसी टली: 10 अक्तूबर को कोलकाता से रवाना, 30 पर्यटकों संग अंतिम सप्ताह में आएगा
तीनों रूट पर अधिकांश ट्रेनों में शयनयान सहित अन्य श्रेणियों में कंफर्म सीट नहीं है। वेटिंग लिस्ट भी बहुत लंबी है। इस वजह से लोग अपनी यात्रा को लेकर चिंतित है। ऑनलाइन बुकिंग करने पर भी जम्मू जाने वाली ट्रेनों में रिग्रेट यानी ''नो रूम'' दिखाई दे रहा है। यात्रियों की समस्या को देखते हुए ही रेलवे प्रशासन की ओर से त्योहार स्पेशल ट्रेन भी चलाने का निर्णय लिया है, इसके बाद भी राहत नहीं मिल पाएगी।
यह है ट्रेनों की वर्तमान स्थिति
वाराणसी से जम्मू
- 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस-इस ट्रेन में 9 अक्तूबर को रिग्रेट है। 10 से 20 तक 100 से अधिक वेटिंग है
- 13151 कोलकाता जम्मू तवी एक्सप्रेस-9 से 20 अक्तूबर तक रिग्रेट यानी किसी कोच में टिकट नहीं हो पाएगा।
- 13041-हिमगिरी एक्सप्रेस में 10,11,14, 17,18 अक्तूबर को वेटिंग है। 21 को रिग्रेट और 24 अक्तूबर को भी कंफर्म सीट नहीं।
- 12355-अर्चना एक्सप्रेस-10, 13,17 अक्तूबर को रिग्रेट। 20, 24 अक्तूबर को वेटिंग लिस्ट भी लंबी है।
वाराणसी से कामाख्या
- 20504-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस-9 से 13 अक्तूबर, 14,16,17, 19 अक्तूबर तक कंफर्म सीट नहीं है।
- 15623-गुवाहाटी एक्सप्रेस-हर रविवार चलने वाली इस ट्रेन में भी 11,18, 25 अक्तूबर को वेटिंग लिस्ट लंबी है।
- 19305-कामाख्या एक्सप्रेस-हर शुक्रवार वाली इस ट्रेन में 9, 16, 23 और 30 अक्तूबर को जगह खाली नहीं है।
- 15623-भगत की कोठी कामाख्या एक्सप्रेस-हर बुधवार को चलने वाली ट्रेन में 14,21 अक्तूबर को नो रूम। 28 को वेटिंग है।
वाराणसी से मैहर
- 19092-हमसफर एक्सप्रेस- हर बुधवार को चलने वाली इस ट्रेन में 14,21, 28 अक्तूबर को वेटिंग है।
- 11062-जयनगर एलटीटी एक्सप्रेस में 9 से 14,15,16,17 अक्तूबर तक कोई कंफर्म सीट नहीं है।
- 15018 गोरखपुर एलटीटी एक्सप्रेस -14 से 18 अक्तूबर तक वेटिंग लिस्ट लंबी है।
- 15159-सारनाथ एक्सप्रेस में 9 से 17 अक्तूबर तक वेटिंग है।
- 19490-गोरखपुर अहमदाबाद एक्सप्रेस-9 से 14 अक्तूबर तक कंफर्म सीट नहीं है।