यूपी: गुडवर्क के चक्कर में नौगढ़ से चंदौली पहुंच गए थाना प्रभारी, नहर में वाहन पलटा
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में गुडवर्क के चक्कर में नौगढ़ थाना प्रभारी राम उजागर रविवार की सुबह बाल-बाल बच गए। हुआ यूं कि थाना प्रभारी को सूचना मिली कि बोलेरो में शराब भरकर तस्कर बिहार जाने वाले हैं। सूचना पर उन्होंने शराब की गाड़ी का पीछा करना शुरू किया और वे चंदौली तक पहुंच गए।
तभी उनकी गाड़ी सदर कोतवाली अंतर्गत नवही पुलिया के पास सुखी नहर में पलट गई। जिसमें थाना प्रभारी सहित दो लोग जख्मी हो गए। जिन्हें कमलापति अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया।
नौगढ़ थाना प्रभारी राम उजागिर शनिवार की रात में गश्त पर निकले थे। आधीरात के बाद उन्हें सूचना मिली कि बोलेरो में शराब भरकर बिहार बॉर्डर पार होने वाली है। इस पर उन्होंने उसका पीछा किया। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने गुडवर्क के चक्कर मे किसी को सूचना नही दी और पीछा करते हुए चंदौली तक पहुंच गए।
तभी शराब की गाड़ी का पीछा करते हुए सदर कोतवाली अंतर्गत नवही पुलिया के पास थाना प्रभारी का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें नौगढ़ थाना प्रभारी सहित दो लोग घायल हो गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने इलाज कर उन्हें छोड़ दिया।
इस संबंध में इमरजेंसी प्रभारी डॉ कमला प्रसाद ने बताया कि सुबह में नौगढ़ थाना प्रभारी जख्मी हालत में आए थे। जिन्हें सिर पर हल्की चोट थी। जिनकी पट्टी, सुई, दवाई देकर छोड़ दिया। वहीं उनके साथ एक व्यक्ति जिसे हल्की चोट थी उन्हें भी इंजेक्शन देने के बाद छोड़ दिया। सभी लोग ठीक हैं।