अवैध निर्माणों को लेकर सख्त वीडीए वीसी ईशा दुहन ने बुधवार को तीन वार्डों में औचक छापेमारी की थी। इस दौरान उन्हें नगवां वार्ड में सर्वाधिक 100 से अधिक अवैध निर्माण मिले। बृहस्पतिवार को जेई की कार्यशैली से नाराज वीसी ने कारण बताओ नोटिस जारी करके उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं सुपरवाइजर समेत वार्ड में लगे सभी चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को वार्ड से हटाकर कार्यालय से अटैच कर दिया है।
वीडीए वीसी ने बुधवार को सारनाथ वार्ड के पहड़िया स्थित लक्ष्मी मंदिर के पास कुछ निर्माणों की जांच की थी। वहां पर वीडीए की ओर से कराये जा रहे कार्यों की गुणवत्ता भी जानी। बाद में वह पीएमवाई के तहत कुरूहुआं में बन रहे आवासों को चेक कर रही थीं तभी नगवां वार्ड के अखरी, चुनार रोड, अवलेशपुर, चितईपुर में 100 से अधिक जगहों पर निर्माण होता मिला। वीसी ने तत्काल इन निर्माणों की वैधता चेक कराने का निर्देश जोनल अधिकारी परमानंद यादव को दिया। बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंची प्रवर्तन टीम ने जांच में पाया कि अधिकांश निर्माण अवैध हैं जिसके बाद नाराज वीसी ने जेई एके अस्थाना से स्पष्टीकरण तलब करते हुए वार्ड के सुपरवाइजर समेत सभी चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को कार्यालय से अटैच करते हुए नए कर्मियों की तैनाती कर दी। वीसी ईशा दुहन ने बताया कि अवैध निर्माण पर कर्मचारियों की कार्यशैली की जांच कराई जा रही है।