MGKVP Admission 2024: काशी विद्यापीठ के गंगापुर कैंपस में UG-PG के लिए ऑफलाइन प्रवेश शुरू, पढ़ें- पूरी जानकारी
काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर में UG-PG के लिए ऑफलाइन प्रवेश शुरू कर दिया गया है। 60 फीसदी प्रवेश गंगापुर परिसर अपने स्तर पर लेगा। इसके इलावा 40 फीसदी प्रवेश मेन कैंपस के आवेदन से भरी जाएंगी।
विस्तार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर में यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य कैंपस में ऑनलाइन आवेदन और प्रवेश परीक्षा में हो रहे विलंब के मद्देनजर गंगापुर परिसर ने ऑफलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू कर दिया। 60 फीसदी सीटों पर गंगापुर परिसर अपने स्तर पर ही प्रवेश लेगा। बाकी की 40 फीसदी सीटें मुख्य कैंपस की वेटिंग सूची से भरी जाएंगी।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर गंगापुर में यूजी के 11 और पीजी के नौ कोर्स संचालित होते हैं। दोनों पाठ्यक्रमों में कुल 1800 के आसपास सीटें हैं। यहां बीएफए, एमएफए और कॉमर्स के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कतार लंबी रहती है। इस वर्ष से योग और नेचुरोपैथी के कोर्स भी शुरू हो गए हैं।
प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है, लेकिन अब तक यहां यूजी-पीजी मिलाकर 110 आवेदन ही आए हैं। अब तक मुख्य परिसर में भी प्रवेश परीक्षा की तिथि तय नहीं हो पाई है। 20 से 25 जुलाई के मध्य प्रवेश परीक्षा का अनुमान है। इस बीच विश्वविद्यालय प्रवेश समिति की बैठक में गंगापुर परिसर को 60 फीसदी सीटें खुद भरने की अनुमति दे दी गई।
गंगापुर परिसर में सोमवार को ऑफलाइन आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं का प्रवेश शुरू हो गया। उनके आवेदन को तत्काल ऑनलाइन करवाकर मौके पर ही प्रवेश देने की व्यवस्था की गई है। गंगापुर परिसर की जनसंपर्क समिति के समन्वयक डॉ. पीएल विजय के मुताबिक पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों को लेकर कैंपस में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने में थोड़ी देर हुई। समय पर सत्र शुरू करने के लिए गंगापुर परिसर में 60 फीसदी सीटों पर प्रवेश शुरू हो गया है। शेष 40 फीसदी सीटें मुख्य कैंपस की वेटिंग से भरी जाएंगी।