मेरठ के बदमाश भदोही में अरेस्ट: मुठभेड़ में दोनों को लगी गोली, ग्राहक सेवा केंद्र में की थी चोरी; हथियार बरामद
Bhadohi News: भदोही के औराई क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया। जवाबी कार्रवाई में दोनों के घुटने के नीचे गोली लगी। दोनों ग्राहक सेवा केंद्र से ₹4.80 लाख की चोरी के मामले में वांछित थे। आरोपियों के पास से तमंचे, कारतूस, 4.84 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल और ₹3600 नकदी बरामद हुई।
विस्तार
UP Encounter News: औराई कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने शुक्रवार की रात 12 बजे माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पास मुठभेड़ में दो अंर्तजनदीय चोरों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के घुटने में गोली लगी। पुलिस ने दोनों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। आरोपी औराई ग्राहक सेवा केंद्रसे 4.80 लाख की चोरी के आरोप में फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार, हेरोइन, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
माधोसिंह गांव निवासी अंशु बरनवाल ने 12 जुलाई को औराई कोतवाली में तहरीर दिया। बताया कि 11 जुलाई की रात में उसके एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र की जाली तोड़कर चार लाख 80 हजार चोरी कर लिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू किया।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि पुलिस टीमें चेकिंग अभियान चला रही थीं। शुक्रवार की रात 12 बजे के करीब मुखबीर से सूचना मिली कि दो शातिर चोर माधोसिंह स्टेशन के पास से जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग किया।
मुठभेड़ में पुलिस ने इमरान निवासी फुटा रोड समर गार्डेन कालोनी लिसाडीगेट मेरठ और शाकिर उर्फ अंडा निवासी दरबार मोहल्ला इंचौली मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। उन्हें स्वास्थ्य केंद्र औराई में भर्ती किया गया।
पुलिस ने उनके पास से दो तमंचा, दो कारतूस, 4.84 ग्राम हेरोइन, मोबाइल और 3600 नकद बरामद किया। दोनों के खिलाफ विभिन्न जिलों में आठ से 10 मुकदमें दर्ज हैं। एएसपी ने बताया कि आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराएं बढ़ाई जा रही है।
हेरोइन का नशा करने के आदी, फिर थी चोरी की तैयारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह हेरोइन का नशा करने के आदी हैं। 11 जुलाई की रात में माधोसिंह के पास ग्राहक सेवा केंद्र का ताला तोड़कर पैसे चुराए। चोरी के पैसे में 20 हजार का एक कमरे का किराया लिया, 10 हजार खाना में खर्च हो गया। 33 हजार की हेरोइन खरीदी। शेष पैसे ऐशो आराम में खर्च हो गए। चार लाख 80 हजार में सिर्फ 3600 रूपये ही बचे। अब दूसरी जगह चोरी की घटना को अंजाम देने की तैयारी की गई थी, लेकिन पकड़ लिए गए।