मसान की होली: विवाद के बाद कमेटी में दो फाड़..., नए सिरे से होंगे चुनाव; काशीवासियों से की गई खास अपील
बाबा महाश्मशान नाथ सेवा समिति को भंग कर दिया गया है। अध्यक्ष के अलावा किसी भी पदाधिकारी का कोई भी फैसला अमान्य होगा। वहीं, बाबा मसाननाथ मंदिर परिसर में इस बार अबीर-गुलाल से ही होली खेलने की अपील की गई है।
विस्तार
Masan ki Holi: मसान की होली पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। आयोजन पर हुए विवाद के कारण मंदिर समिति में ही दो फाड़ हो गए हैं। अध्यक्ष ने विवाद को देखते हुए मंदिर समिति को भंग करने का निर्णय लिया है। बाबा महाश्मशान नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद गुप्ता उर्फ चैनु साव का कहना है कि मसान की होली बाबा मसाननाथ मंदिर परिसर में ही होगी और इस बार अबीर-गुलाल से ही होली खेली जाएगी। इसे हम इवेंट नहीं बनने देंगे।
चंद्रिका प्रसाद गुप्ता ने बताया कि कमेटी को हम भंग करेंगे। जो भी निर्णय लेना होगा उसे हम ही लेंगे। बिना हमारी अनुमति और आदेश के चाहे मंत्री हो चाहे व्यवस्थापक हो कोई भी कार्यक्रम नहीं होगा। काशी की अपनी परंपराएं हैं और उनसे खिलवाड़ करने का किसी को अधिकार नहीं है।
पहले मसाननाथ को अबीर चढ़ाने की परंपरा रही है। मंदिर के अंदर बाबा को अबीर गुलाल लगाते थे, वहीं परंपरा जारी रहेगी। यह आयोजन मंदिर के अंदर होगा। मसान की होली में पिछले साल जो कुछ हुआ उससे हमारी बदनामी हुई। इससे पूजा पाठ में व्यवधान होता है।
उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि हम चिता भस्म की होली खेलें। अब हम अबीर-गुलाल से होली खेलेंगे। काशीवासियों से मैं यही कहना चाहूंगा कि हम मंदिर की परंपरा निभाएंगे। सभी काशीवासी आएं। बाबा मसाननाथ के दर्शन करें और अबीर-गुलाल अर्पित करें।
चिता भस्म के नाम पर काशी की बदनामी नहीं होनी चाहिए। मीडिया प्रभारी विकास यादव ने बताया कि बाबा महाश्मशान नाथ सेवा समिति को भंग कर दिया गया है। अब केवल अध्यक्ष का निर्णय ही मान्य होगा। इसके अलावा किसी भी पदाधिकारी का निर्णय मान्य नहीं होगा।
एक घंटे की होगी मसान की होली, नहीं बजेगा डीजे
मणिकर्णिका घाट पर मसाने की होली सिर्फ एक घंटे की होगी। 11 मार्च को दोपहर 12 बजे से एक बजे तक मसान की होली होगी। इस दौरान डीजे प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं का प्रवेश कचौड़ी गली और मणिकर्णिका घाट वाली गली से होगा। गंगा घाटों के रास्ते श्रद्धालु बाहर निकलेंगे। ये निर्देश डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बृहस्पतिवार को मसान की होली के आयोजकों को दिए।
डीसीपी काशी जोन ने कहा कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से उत्सव का आनंद लें। मारपीट व छींटाकशी करने और माहौल बिगाड़ने वालों के साथ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर गंगा में जल पुलिस, 11 एनडीआरएफ और पीएसी बाढ़ राहत दल के जवान तैनात रहेंगे। गंगा घाटों पर छह थानों की फोर्स तैनात रहेगी।
श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर कैमरे की भी नजर रहेगी। डीसीपी काशी जोन ने अपील की है कि पुलिस का सहयोग करते हुए कानून के दायरे में रहकर त्योहार मनाएं। उधर, एसीपी भेलूपुर डॉ. ईशान सोनी ने कहा कि हरिश्चंद्र घाट पर शांतिपूर्ण तरीके से मसान की होली मनाई जाएगी।