UP News: दिव्यांग विवाहिता ने फ्लिपकार्ट से सल्फास मंगाया, खाकर दी जान; बहन को किया था आखिरी फोन
Varanasi News: वाराणसी में महिला की माैत की जानकारी मिलने पर मिर्जामुराद थाने की पुलिस पहुंंच गई। परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, चर्चा रहीं कि फ्लिपकार्ट पर जहर कैसे उपलब्ध हो सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक दिव्यांग विवाहिता द्वारा विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नीतू तिवारी (42) पत्नी धनंजय तिवारी के रूप में हुई है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीतू तिवारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से पहले उन्होंने मुंबई में रहने वाली अपनी छोटी बहन को फोन कर इसकी जानकारी दी। बहन ने तत्काल ससुराल पक्ष को सूचित किया। सूचना मिलते ही खेत में काम कर रहे ससुर घर पहुंचे, जहां नीतू अचेत अवस्था में मिलीं। इसके बाद टेम्पू चालक पति धनंजय तिवारी को सूचना दी गई और दोनों मिलकर उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही नीतू तिवारी ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतका दिव्यांग थीं और उनकी शादी करीब 13 वर्ष पहले हुई थी। दंपती निःसंतान थे। उनके पति भी पैर से दिव्यांग हैं और ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
ग्रामीणों में चर्चा है कि महिला ने गेहूं में रखने के लिए ऑनलाइन सल्फास मंगाया था, जिसका सेवन कर उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन किया। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन सहित अन्य सामान कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ खाने से मौत का प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।