बस-ट्रक की आपस में जोरदार टक्कर, 14 श्रमिक हुए घायल, दो गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले के अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर म्योरपुर थाना क्षेत्र के नधिरा किरबिल के जंगल में बुधवार सुबह करीब दस बजे बस और ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस पर सवार 14 श्रमिक घायल हो गए। सभी घायलों को बभनी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी और म्योरपुर में उपचार के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार बस फैजाबाद से ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों को लेकर बिलासपुर (छत्तीसगढ़) जा रही थी। बस नधिरा किरबिल के जंगल के पास पहुंची, उसी बीच बभनी की तरफ से जा रहे तेज रफ्तार से ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक सड़क से पचास मीटर दूर नीचे चला गया और बस सड़क से नीचे उतर गई।
बस ट्रक की टक्कर में ट्रक चालक सहित बस में सवार 14 लोग घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल बभनी पुलिस और डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा और सब इंस्पेक्टर संजय कुमार पाल पुलिस बल के साथ पहुंच गए।
सभी घायलों को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर और बभनी में उपचार के लिए भेजा। हालत गंभीर होने की वजह से बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जैनुल हसन और शाहरुख, शहजाद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।